कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आंगनवाड़ी केन्द्र और प्राथमिक शाला झंडाटोला का निरीक्षण किया
मंडला 20 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बुधवार को निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन झंडाटोला चाबी का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी भवन के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्वक समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपयंत्री को नियमित रूप से निर्माण कार्य का निरीक्षण करने को कहा। जिससे आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कार्य पूर्ण निगरानी में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण हो सके। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने इसके बाद प्राथमिक शाला झंडाटोला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के अध्यापन कार्य के बारे में जानकारी ली। छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से कक्षा कार्य, गृह कार्य और श्यामपट कार्य कराने के निर्देश दिए। जिससे छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक स्तर बेहतर बन सके। उन्होंने स्कूल में छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से मेनू के आधार पर मध्यान्ह भोजन देने के निर्देश दिए। जिससे छात्र-छात्राओं को रूचिकार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन मिल सके। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

डुमारी सिंह ने प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना से मछलीपालन, तुअर उत्पादन और सिचाई को अपनाया है
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बुधवार को डुमारी के खेत-तालाब का निरीक्षण किया
मंडला 20 सितम्बर 2023
प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना 2.0 वारटशेड विकास के अंतर्गत हितग्राही डुमारी पिता दादूलाल के खेत में खेत-तालाब का निर्माण किया गया है। जिससे हितग्राही डुमारी इस योजना के अंतर्गत मछली पालन, तुअर उत्पादन और सिचाई के माध्यम से अपना जीवन स्तर बेहतर बना सके। जिससे उसकी पहचान समृद्ध और खुशहाल किसान के रूप में हो सके। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बुधवार को जल ग्रहण विकास समिति कचनारी ग्राम उरवाही में हितग्राही डुमारी के खेत में बने खेत-तालाब को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के बारे में भी बताया कि जल का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल का संरक्षण करना चाहिए। ग्रामीणजनों को जल का सदुपयोग करने और इसे व्यर्थ में खर्च न करने की सलाह दी। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। लोगों को जल का महत्व बताने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायतों के विकास के लिए सड़क निर्माण कार्य, रंगमंच निर्माण कार्य एवं सीसी रोड निर्माण कार्य सहित विभिन्न रचनात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत को प्राप्त बजट का समुचित उपयोग करने को कहा। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान कार्ड, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आने को कहा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिससे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सके।

लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान अवश्य करें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम कचनारी, उरवाही में कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी मतदाताओं को मतदान करना आवश्यक है। मतदाता आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में आवश्यक रूप से मतदान करना सुनिश्चित करें। इससे हमारे देश का लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने इस अवसर पर सभी महिला-पुरूषों, वृद्धजनों और युवाओं को मतदान करने की अपील की। मतदान के लिए सभी को अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसी और गांव के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने इस अवसर पर बीएलओ को निर्देश दिए कि वे मतदान जागरूकता अभियान का प्रचार-प्रसार करें। घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान करने का संदेश दें। दीवार लेखन और नारों के माध्यम से मतदाताओं में मतदान के लिए प्रेरित करें। जिससे आगामी विधानसभा निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत बढ़ सके। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने इसी प्रकार से हाईस्कूल पौंड़ीलिंगा का निरीक्षण किया। उन्होंने हाईस्कूल पौंड़ीलिंगा में छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्तर में सुधार करने के निर्देश दिए। हाईस्कूल में सामग्रियों का रख-रखाव बेहतर ढंग से करने को कहा। फ्लोर मरम्मत कार्य, पेंट, कलर पुटिंग का कार्य गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं को अनुशासन में रखने, कक्षाकार्य, गृहकार्य कराने और पाठ्यक्रम को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त छात्र-छात्राओं का नियमित रूप से काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। हाईस्कूल में आईसीटी लैब का शीघ्रता से संचालन करने को कहा। जिससे छात्र-छात्राओं को लैब की उपयोगिता का लाभ मिल सके। उन्होंने हाईस्कूल के प्राचार्य को नोटिस जारी करने और शिक्षकों का वेतन काटने के भी निर्देश दिए।

पेड न्यूज को लेकर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशलमीडिया में निगरानी रखी जाएगी
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बुधवार को योजना भवन में एमसीएमसी की समीक्षा बैठक ली
मंडला 20 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एमसीएमसी का गठन कर लिया गया है। निर्वाचन में पेड न्यूज को लेकर एमसीएमसी के द्वारा प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशलमीडिया में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पेड न्यूज प्राप्त होने पर व्यय राशि अभ्यर्थी के चुनावी खर्चे में जोड़ा जाएगा। भ्रामक एवं असत्य खबरों का खंडन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को विज्ञापन प्रसारित करने के पूर्व अनुमति लेनी होगी, जिससे व्यय राशि को उनके चुनावी खर्चों में जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट और फेसबुक की जानकारी भी देनी होगी, जिससे उनके सोशल मीडिया अकाउंट और फेसबुक पर भी निगरानी रखी जा सके। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना बुधवार को कलेक्ट्रेट के योजना भवन सभाकक्ष में एमसीएमसी की बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम मंडला ऋषभ जैन, एसडीएम घुघरी सोनल सेडाम, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, मास्टर ट्रेनर डीपी मिश्रा और श्रीकांत श्रीवास्तव सहित समिति सदस्य मौजूद थे।

डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि कोई भी ऑपरेटर या न्यूज चैनल किसी ऐसे विज्ञापन का प्रसारण नहीं करेगा जो विधि के अनुरूप न हो एवं जो नैतिकता भावना, मर्यादा या विचारों को ठेस पहुंचाता हो। उन्होंने बताया कि सभी राजनैतिक विज्ञापन जो कि टीव्ही चैनल एवं केबल नेटवर्क पर प्रसारित किया जाना प्रस्तावित है, उसे प्रसारण के पूर्व प्रमाणित किया जाना चाहिए। गठित एमसीएमसी चुनाव के दौरान विज्ञापनों, पेड न्यूज, वॉईस एसएमएस, बल्क एसएमएस, सोशल मीडिया, ई-न्यूज पेपर, ऑडियो और वीडियो सहित समस्त प्लेटफॉर्मों पर निगरानी रखेगी। जिससे इन माध्यमों से किए जा रहे प्रचार-प्रसार की व्यय राशि को अभ्यर्थी के खातों में जोड़ा जा सके।

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि जिला स्तरीय एमसीएमसी के द्वारा प्रतिदिन प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की जांच की जाएगी। एमसीएमसी द्वारा पेड न्यूज के मामलों में रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा अभ्यर्थी को नोटिस जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उक्त राशि अभ्यर्थी के चुनावी खर्चे में जोड़ दी जाएगी। एमसीएमसी के उक्त निर्णय के विरूद्ध अभ्यर्थी राज्य स्तरीय एमसीएमसी में अपील कर सकता है। डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि व्हाट्सऐप ग्रुप में होने वाले चुनावी प्रचार-प्रसार को भी अभ्यर्थी के खर्चों में जोड़ा जाएगा। अभ्यर्थी द्वारा जब यह बताया जाता है कि उनके द्वारा व्हाट्सऐप में इस प्रकार से प्रचार नहीं किया गया है तो मैसेज प्रसारित करने वाले व्यक्ति और व्हाट्सऐप ग्रुप एडमिन के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान अफवाहों और फेक न्यूज की जांच कर उनका भी खंडन किया जाएगा। सोशल मीडिया पर चलने वाले पेड न्यूज के मामलों में चुनावी खर्च, वेतन, इंटरनेट चार्ज, पेपर वर्क और अन्य व्यय का आंकलन कर जोड़ा जाएगा।
पोस्टल बैलेट संबंधी प्रशिक्षण 21 सितंबर को प्रातः 10ः30 बजे से होगा
मंडला 20 सितम्बर 2023
प्रभारी अधिकारी निर्वाचन मंडला ने बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में पोस्टल बैलेट के संबंध में 21 सितंबर 2023 को रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मंडला में प्रातः 10:30 बजे से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी नोडल अधिकारी प्रातः 10:30 बजे अपनी टीम के साथ उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।

रोजगार मेले का आयोजन 22 सितंबर को होगा
मंडला 20 सितम्बर 2023
जिला रोजगार आधिकारी एनएस सैयाम ने बताया कि जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र और जिला रोजगार कार्यालय के द्वारा 22 सितंबर 2023 को डाईट मंडला में प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में 18 वर्ष से 35 वर्ष आयु तक के अभ्यर्थी जिनकी शैक्षणिक योग्यता 8वी से स्नातक तक और आईटीआई उत्तीर्ण हैं शामिल हो सकेंगे। उन्होंने इच्छुक आवेदकों को रोजगार मेले में मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, 2 पासपोर्ट साईज फोटो, रोजगार पंजीयन एवं अन्य दस्तावेजों सहित उपस्थित होने को कहा है।

लोकसेवा केन्द्रों में प्रति आवेदन शुल्क 20 रूपए देय होंगे
मंडला 20 सितम्बर 2023
संयुक्त कलेक्टर मंडला ने लोकसेवा प्रबंधन विभाग द्वारा लोकसेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत लोकसेवा केन्द्रों में 20 सितंबर 2023 से प्रभावशील होने वाले प्रति आवेदन शुल्क के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक प्रति आवेदन लिए जा रहे प्रोसेसिंग शुल्क राशि 40 रूपए से घटाकर 20 रूपए कर दिया गया है। जिसमें 15 रूपए लोकसेवा केन्द्र संचालक को और 5 रूपए जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी को देय होंगे।

धरना स्थल में रक्तदान, कब बढेंगा वेतनमान
.पटवारियों ने रक्तदान कर जताया विरोध
मण्डला। बुधवार को मप्र पटवारी संघ जिला ईकाई मण्डला मानवता की मिशाल पेश की है। पटवारी वर्ग की महिलाएं एवं पुरूषों ने रक्तदान कर सरकार का ध्यान आकर्षण कराया है। यह रक्तदान मप्र पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गीतेन्द्र गीतू बैरागी के नेतृत्व में किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पटवारी वर्ग राजस्व के काम सहित अनेक योजनाओं में पीडि़त असहाय लोगों की मदद करती है उसी प्रकार पटवारी वर्ग धरना स्थल में ही रक्तदान देकर मानवता की मिशाल पेश की है। पटवारी वर्ग की महिला एवं पुरूषों ने कुल 19 यूनिट रक्त दिया है जो ब्लड बैंक में जमा कराया गया। जिले के पटवारियों का कहना है कि इन दिनों जिले के अनेक हितग्राही व किसान काफी परेशान दिखाई दे रहे है जिससे पटवारी वर्ग में काफी नाराजगी भी दिखाई दे रही है वे जिले के हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान नही कर पा रहे है। वे मप्र पटवारी संघ के आव्हान पर जायज मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन आदि कर रहे है। पटवारियों की मांग है कि सरकार उनकी पांच सूत्रीय मांगो का जल्द से जल्द निराकरण करें जिससे राजस्व कार्यालय में हो प्रभावित कामों को जल्द से जल्द पूर्ण कर सकें और हितग्राहियों की समस्याओं का भी समाधान कर सकें। नैनपुर में पदस्थ महिला पटवारी गरिमा यादव ने बताया कि प्रदेश के हर जिले में पटवारी वर्ग अनिश्चितकालीन हड़ताल में बैठा हुआ है। हर दिन पटवारी वर्ग के द्वारा नए-नए प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकर्षण करा रही हंै। पटवारी वर्ग का यह प्रदर्शन 28 अगस्त से सर्किट हाउस के सामने रानी दुर्गावती स्मारक के नीचे किया जा रहा है। सरकार जल्द से जल्द 2100 ग्रेड पे से 2800 करें साथ ही अन्य मांगो का निराकरण करें।

नगर के सौंदर्यीकरण को लेकर पार्षद विनय वरदानी ने सीएमओं को सौंपा ज्ञापन
मण्डला। नगर के वार्ड क्रमांक 13 सरदार भगत सिंह वार्ड के पार्षद विनय गुलशन वरदानी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानंन नाफड़े को चार सूत्रीय मांगो को लेकर ज्ञापन सौंपा है। पार्षद श्री वारदानी ने बताया कि वार्ड की अनेक समस्याओं से वार्डवासी उन्हें अवगत करा रहे है, जिससे पार्षद उनकी जायज मांगो का समर्थन देते हुए सीएमओ से चर्चा की और एक ज्ञापन के माध्यम से मांग की है। उन्होंने अपने ज्ञापन में मांग की है कि चिलमन चौक से लेकर डिण्डौरी नाका तक के बड़े-बड़े गढ्ढों का भराव कराया जाए साथ ही डिवायडरो में कलर पेंट भी कराया जाए एवं एलईडी लाईट एवं डिवाईडर सौंदर्यीकरण किया जाए। सीवर लाईन द्वारा किए गए अधूरे कार्य जल्द जल्द से पूर्ण कराए जाएं।

कर्तव्यनिष्ठा से करें पीड़ित मानवता की सेवा
पदोन्नति पर सीबीएमओ को दी विदाई, नवागत बीएमओ का किया स्वागत
भुआबिछिया।विख बिछिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ सीबीएमओ डॉ.रविकांत उइके को शासन ने पदोन्नत कर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बैतूल के पद पर पदस्थ किया है। बुधवार को बिछिया सीएचसी में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यहां बिछिया में पदस्थ किए गए बीएमओ डॉ.सज्जन कुमार उइके का स्वागत भी किया गया।
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विदा हो रहे डॉ.रविकांत उइके ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा देने से पीड़ितो की सेवा करने का अवसर मिलता है। उन्होने कहा कि पूरी कर्तव्यनिष्ठा से हमेशा पीड़ित मानवता की सेवा करे। उन्होने कार्यकाल के दौरान के अनुभव को साझा किया।
नवागत बीएमओ डॉ.सज्जन कुमार उइके ने कहा कि विख के स्वास्थ्य कर्मचारियो के सहयोग से उपलब्ध संसाधनो के आधार पर बेहतर से बेहतर सेवाएं देने के प्रयास किए जाएंगे। डॉ.दिनेश कुमार टाकसांडे ने डॉ.रविकांत उइके को अनुभवी चिकित्सक अधिकारी बताते हुए शुभकामनाएं दी। उनके साथ किये गये कार्यो के अनुभव को साझा किया।
सीएचसी बिछिया से नवीन पदस्थापना में जा रहे चिकित्सक डॉ.अभयकीर्ति गजभिये, डॉ.ममता मरकाम को भी कार्यक्रम में विदाई दी गई। डॉ.अभयकीर्ति गजभिये ने कहा कि बिछिया बड़ा क्षेत्र होने से अधिक से अधिक लोगो की सेवा करने का अवसर मिला है। इसके साथ पीजी के लिए जा रहीं चिकित्सक डॉ. शालिनी पट्टा को भी विदाई दी गई। डा.शालिनी ने कम समय में यहां कार्य करने के मिले बेहतर अवसर पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में नवागत पदस्थ डॉ.मेघा पटैल, डॉ.सुवर्ण सौरभ का स्वागत किया गया। आयोजित कार्यक्रम को सीएचसी के डा. मुकेश झारिया, डा.ओमप्रकाश पटैल, बीसीएम मो.नईम, सीएम सिंह, गोवर्धन सिंह धुर्वे, कमल किशोर आर्माे ने संबोधित किया। सुपरवाइजर राजू मसराम ने गीत प्रस्तुत किया। विदा ले रहे चिकित्सको को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। इस कार्यक्रम में समस्त स्टाफ की मौजूदगी रही।

