Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिलाविधानसभा 2023

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 1 नवम्बर 2023

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर हुए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम

दिलाई गई नैतिक मतदान की शपथ

मंडला 1 नवम्बर 2023

                मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय नेहरू पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन का शुभारंभ कला पथक दल द्वारा गाये गए मध्यप्रदेश गान से हुआ। इसके उपरांत कत्थक नृत्यांगना अदिति हरदहा ने गुरु वंदना की प्रस्तुति दी। नगर की चिर परिचित स्वर साधिका अवनि वर्मा द्वारा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उनके नेशनल वोटर अवेयरनेस कांटेक्ट शॉर्ट लिस्टेड मतदाता जागरूकता गीत की प्रस्तुति दी गई। सीनियर आदिवासी उत्कृष्ट कन्या छात्रावास की बालिकाओं ने करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। टीम नटराज से मेनका चौरसिया, श्रुति श्रीवास्तव एवं प्रियल हरदहा ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया।

सरदार पटेल कॉलेज के युवाओं द्वारा मतदाता जागरूकता नुक्कड़-नाटक की प्रस्तुति दी गई। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन में स्वीप प्लान टीम से उप संचालक कृषि मधु अली, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पांडे, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

 

 

 

 

 

प्रदेश के विकास में सहभागी बनें – कलेक्टर

 

स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि मध्यप्रदेश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को प्रदेश के विकास में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने लोकसेवकों से आव्हान किया कि वे उत्कृष्ट सेवाएं देते हुए प्रशासन के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करें। डॉ. सिडाना ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करें तथा अपने परिवार तथा पास-पड़ोस के लोगों को भी मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण

मंडला 1 नवंबर 2023

                मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, हुनेन्द्र घोरमारे सहित कलेक्ट्रेट परिसर के सभी अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

निर्वाचन में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण – ओइनम सरनकुमार सिंह

सामान्य प्रेक्षक ने ली बिछिया विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों की बैठक

मंडला 1 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत बिछिया विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक ओइनम सरनकुमार सिंह ने सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नियुक्त किए गए सभी सेक्टर अधिकारी निर्देशों का अध्ययन कर उनका गंभीरतापूर्वक पालन करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर उनकी साफ-सफाई तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धताओं पर ध्यान दें। इस संबंध में संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय करें।

 

श्री सिंह ने कहा कि सामग्री वितरण से लेकर मतदान दलों को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने तथा उन्हें सकुशल वापिस लाने तक की जिम्मेदारी सेक्टर अधिकारियों की होती है। अतः सहयोगात्मक रूख अपनाते हुए दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा चाही गई सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर प्रदान करें। बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मतदान केन्द्रवार मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वीप गतिविधियों में शामिल हों सेक्टर अधिकारी

 

बिछिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक ओइनम सरनकुमार सिंह ने कहा कि सेक्टर अधिकारी भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से संवाद करें तथा उन्हें मतदान का महत्व बतलाते हुए नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ग्राम, मोहल्ले स्तर पर होने वाले स्वीप गतिविधियों में भी सेक्टर अधिकारी सहभागिता करते हुए लोगों में मतदान के प्रति उत्साह का संचार करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जागरूकता समूह के सहयोग से आमजनों को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें – शाह नवाज चौधरी

प्रेक्षक ने ली निवास तथा मंडला विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों की बैठक

मंडला 1 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत निवास तथा मंडला विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक शाह नवाज चौधरी एवं पुलिस प्रेक्षक रूपेश कुमार मीणा ने क्रमशः निवास तथा मंडला विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली। सामान्य प्रेक्षक श्री चौधरी ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर अधिकारी आवंटित क्षेत्र का सतत भ्रमण करें। मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। सेक्टर अधिकारी बीएलओ के सतत संपर्क में रहते हुए बूथ स्तर से निर्वाचन से संबंधित फीडबैक प्राप्त करते रहें। साथ ही भ्रमण के दौरान ग्राम स्तर पर बनाए गए जागरूकता समूह के सहयोग से आमजनों को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें।

सामान्य प्रेक्षक श्री चौधरी ने कहा कि सेक्टर अधिकारी मतदान दल को हर स्तर पर आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करते हुए उनका उत्साह बढ़ाएं। मतदानकर्मियों के वेलफेयर एवं सेफ्टी पर भी ध्यान दें। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रवार की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

व्यय लेखा रजिस्टर के निरीक्षण हेतु तिथियाँ निर्धारित

मंडला 1 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मंडला विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों के व्यय लेखा रजिस्टर के निरीक्षण के लिए व्यय प्रेक्षक द्वारा तिथियां निर्धारित की गई हैं। जानकारी के अनुसार मंडला विधानसभा के अभ्यर्थियों के व्यय लेखा का प्रथम निरीक्षण 7 नवंबर, द्वितीय निरीक्षण 10 नवंबर एवं तृतीय निरीक्षण 15 नवंबर को किया जाएगा। संबंधितों को निर्धारित तिथि में दोपहर 1:30 बजे से 5:30 बजे के मध्य वांछित जानकारी के साथ जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

3 नवम्बर को होगा शैक्षिक उपलब्धि सर्वे

मंडला 1 नवंबर 2023

गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और छात्रों के सीखने के स्तर को परखने के लिए 3 नवम्बर 2023 को राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वे का आयोजन किया जा रहा है। यह सर्वे जिले की सेम्पल 497 शालाओं में आयोजित किया जा रहा है जिसकी संपूर्ण तैयारियाँ हो चुकी हैं। सेम्पल शालाओं में सर्वे के दिन 3 नवम्बर सेम्पल शालाएँ प्रातः 7 बजे खोली जाएंगी तथा समस्त स्टॉफ विद्यालय में उपस्थित रहेगा।

प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि सर्वे हेतु चिन्हित कक्षाओं के बच्चे प्रातः 08 बजे उपस्थित होंगे। प्रत्येक शाला के अन्वेक्षक एवं शाला का स्टॉफ 10:15 के पूर्व मूल्यांकन की पूर्ण तैयारी कर लेंगे, मूल्‍यांकन (सर्वे) 10:30 से प्रारम्भ होगा। प्रत्येक सेम्पल शाला में मूल्यांकन हेतु फील्ड इंन्वेस्टिगेटर नियुक्त किये गए हैं जो शाला के स्टॉफ के आवश्यक सहयोग से संपूर्ण सर्वे कार्य संपादित करेंगे।

 

 

 

 

मतदान दलों का प्रशिक्षण 2, 4 एवं 5 नवंबर को

 

मंडला 1 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों का प्रशिक्षण 2, 4 एवं 5 नवंबर को 2 पालियों में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 नवंबर को बिछिया, 4 नवंबर को निवास तथा 5 नवंबर को मंडला विधानसभा के मतदान दलों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण की प्रथम पाली 1:30 बजे से एवं द्वितीय पाली 2 बजे से प्रारंभ होगी।

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

572 लीटर शराब जब्त

 

मंडला 1 नवंबर 2023

                विधान सभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल एप के इलेक्शन सीजर मेंनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 572.04 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75110 (शब्दों में पैछतर हजार एक सौ दस रूपये) है। जिला कन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 154 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चेक पोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन कार्य में लगे शासकीय अधिकारियों को घोषणा पत्र देना जरूरी

 

मंडला 1 अक्टूबर 2023

                मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशों के पालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में घोषणा पत्र देने के निर्देश जारी किए हैं। यह घोषणा पत्र मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की ओर भेजे जायेंगे। कलेक्टर द्वारा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

प्रान्त स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में मण्डला शाखा का दूसरा स्थान
दिनांक 29/10/2023 भारत विकास परिषद  महाकौशल प्रांत की प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गीत गायन प्रतियोगिता सिवनी के रायल इकोल स्कूल मे विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों के सुर ताल, गायन एवं वेशभूषा के आधार पर कठिन स्पर्धा के बीच संपन्न हुई।

 

 

महाकौशल प्रांत की नौ शाखाओं से आई हुई नौ टीमों के बीच   आयोजित प्रांत स्तर की  इस प्रतियोगिता में चाणक्य विद्यापीठ नरसिंहपुर  की टीम  ने प्रांत स्तर पर लगातार द्वितीय वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं द्वितीय स्थान  का गौरव मंडला शाखा से आई  भारत ज्योति उ. मा.  विद्यालय की टीम ने प्राप्त किया व तृतीय स्थान पर सी. एम. राइस स्कूल नरसिंहपुर की  टीम विजेता रही।
सिवनी शाखा की मेजमानी में आयोजित उक्त कार्यक्रम का आरम्भ प्रांत अध्यक्ष श्री नीलेश पाण्डे, प्रांतीय महासचिव श्री संजय तिवारी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्री सुनील मालू संरक्षक….प्रांतीय संस्कार प्रमुख श्री आशुतोष वर्मा एवम सिवनी शाखा अध्यक्ष श्री सुबोध बाझल के द्वारा भारत माता एवम स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन  एवम राष्ट्र गान से हुआ।


विभिन्न शाखाओं से शामिल टीमो के बच्चो उनके अभिभावक गण एवम शिक्षक शिक्षिकाओ व परिषद परिवार के सदस्यों से खचाखच भरे  सभा भवन में एक से बढ़कर एक राष्ट्र भक्ति के गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों से समा बंध गया।
प्रांत स्तरीय उपविजेता मंडला शाखा  की टीम भारत ज्योति उ. मा.  विद्यालय के छात्र क्रमशः रत्नेश शुक्ला, शयान, संस्कार सोनी, यश मनिकपुरी छात्रायें लक्षिता नामदेव,प्रतिभा पटेल, पृथिका नामदेव ,सपना तिरके तथा  वादक छात्र  मोहित मरकाम, आर्यन शिववंशी एवं कला प्रमुख श्रीमती संगीता पीटर और श्री आनंद ज्योतिषी को भारत विकास परिषद के सभी शाखाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा प्रसंशा के साथ साथ बधाई प्रेषित की गई । मंडला शाखा का प्रतिनिधित्व एवं मार्गदर्शन मंडला शाखा के अध्यक्ष श्री मनीष सोनी जी के  द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित रहकर सफलतापूर्वक किया गया तथा शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सभी उपविजेता टीम के  छात्र एवं छात्राओं को बधाई एवं प्रशंशा प्रेषित की गई साथ ही साथ आगामी वर्ष की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लाने का संकल्प लिया गया ।

Related posts

पीएमश्री हेली पर्यटन सुविधा से जुड़ेगा कान्हा नेशनल पार्क

Reva India News

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत शक्ति अभिनंदन अभियान का समापन हुआ

Reva India News

फ्रंटलाइन वर्कर को लगाया गया कोविड टीका

Reva India News

Leave a Comment