Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 27 फरवरी 2024

प्रभारी कलेक्टर ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई में पहुंचे 114 आवेदक

मण्डला 27 फरवरी 2024

प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई में 114 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। सीइओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने योजना भवन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ क्षमा सराफ तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम जवाहर वार्ड बम्हनी बंजर निवासी सविता चन्द्रौल ने संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि का लाभ दिलाने के संबंध में, ग्राम सिलगी निवासी रमेश यादव ने पात्रता पर्ची बनवाने के संबंध में, बूढिमाई वार्ड निवासी मुकेश सिकन्दपुरे ने केंसर के ईलाज हेतु सहायता राशि का लाभ दिलाने के संबंध में तथा ग्राम कोसमघाट निवासी सोमवती भारतीया ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

प्रेमाबाई को मिली व्हीलचेयर

 

जनसुनवाई में जंतीपुर निवासी दिव्यांग आवेदक प्रेमाबाई बैरागी ने व्हीलचेयर की मांग को लेकर पहुंची। प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट के निर्देशानुसार पात्रता की जांच कर दिव्यांग प्रेमाबाई को सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से मौके पर ही व्हीलचेयर प्रदान की गई। प्रेमा बाई ने अपनी समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगों के लिए सहारा बन रही जनसुनवाई

तत्काल व्हीलचेयर पाकर प्रेमा ने जिला प्रशासन के प्रति किया आभार व्यक्त

मण्डला 27 फरवरी 2024

जिले के जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में सैकड़ों नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है। जनसुनवाई में जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला 27 फरवरी 2024 को आयोजित हुई जनसुनवाई में आया। ग्राम जंतीपुर निवासी दिव्यांग प्रेमाबाई ने व्हीलचेयर के लिए आवेदन किया। सामाजिक न्याय विभाग के पीयूष पांडे बताते हैं कि प्रेमाबाई के व्हीलचेयर के लिए मिले आवेदन पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदक को तत्काल व्हीलचेयर प्रदान की गई। प्रेमा कहती है कि मैंने मंगलवार के दिन जनसुनवाई में आवेदन देकर व्हीलचेयर मांगी और मुझे उसी दिन व्हीलचेयर मिल भी गई, मैं बहुत खुश हूँ। व्हीलचेयर से मेरी समस्याओं में बहुत राहत होगी और अब मैं अपने जरूरी काम के लिए कहीं भी आना-जाना बड़ी आसानी से कर पाउंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अचल संपत्ति के बाजारमूल्य संबंधी अनंतिम मूल्यों का प्रदर्शन

जिला मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न

मण्डला 27 फरवरी 2024

शासन के निर्देशानुसार जिला-मण्डला में स्थित अचल संपत्ति का बाजारमूल्य निश्चित करने संबंधी गाईड लाईन वर्ष 2024-25 के लिये जिला मूल्यांकन समिति की बैठक प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्यों द्वारा प्रस्तावित गाईडलाईन 2024-25 को सर्वसम्मति से अनुमोदन पश्चात् जिला मण्डला में कुल 1398 लोकेशन में से 631 लोकेशन में वृद्धि प्रस्तावित की गई है। भूखण्डों के मूल्यों में मूल्य वृद्धि का औसत 11.86 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। इसी प्रकार कृषि भूमि मूल्य में वृद्धि का औसत प्रतिशत 9.5 प्रतिशत वृद्धि प्रस्तावित की गई। जिला मण्डला वर्ष 2024-25 के लिये कुल औसत वृद्धि 11 प्रतिशत प्रस्तावित की गई है।

 

 

 

 

 

 

29 फरवरी को प्रधानमंत्री करेंगे विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मंडला, निवास एवं बिछिया विधानसभा में होंगे आयोजन

प्रभारी कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

मण्डला 27 फरवरी 2024

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 29 फरवरी 2024 को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मंडला सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे तथा प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इसी क्रम में मंडला, निवास तथा बिछिया विधानसभा मुख्यालय में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर टेंट, मंच, स्क्रीन आदि की बेहतर व्यवस्था रखें। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाएं। कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियाँ समय से पहले पूर्ण करें। उन्होंने कार्यक्रमों के लिए संबंधित अधिकारियों के दायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। श्री कूमट ने निर्देशित किया कि विकासखंड मुख्यालय तथा जिन पंचायतों के विकास कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण हो रहा है वहां पर भी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण देखने-सुनने की व्यवस्था करें। बैठक में ईईपीआईयू जीपी पटले, डीडीए मधु अली, ईईआरईएस गीता आर्मो, एसी जिला पंचायत क्षमा सराफ सहित संबंधित उपस्थित रहे। बैठक में समस्त एसडीएम, जनपद पंचायत के सीईओ तथा नगरपालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 16वीं किस्त वितरण 2824 को पीएम किसान उत्सव दिवस आज

मण्डला 27 फरवरी 2024

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 16वीं किस्त के वितरण का कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा 28 फरवरी 2024 को यवतमाल, महाराष्ट्र राज्य में किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत जिला, ब्लॉक, जनपद पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाना है जिसमें विधायक, सांसद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विधिवत आमंत्रित किया जाए। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रोजेक्टर या बड़ी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाना है। सभी वीएनओ उक्त कार्यक्रम में वर्चुअल सम्मिलित होंगे। समस्त वीएनओ (पटवारी) संबंधित ग्राम कृषकों को कार्यक्रम में वर्चुअल सम्मिलित होने हेतु प्रेरित करेंगे। पटवारी हितग्राहियों को किस्त प्रदान करने हेतु ईकेवाईसी, आधार एवं बैंक खाता लिंकिंग तथा पीएम किसान पोर्टल पर स्टेटस अवलोकन करने संबंधी जानकारी प्रदान करेंगे

http://pmrevenue.ncog.gov.in/ लिंक के माध्यम से अधिक से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन कराकर हितग्राहियों की कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम से जुड़ने हेतु वीडियो कॉन्फेन्स लिंक http://pmindiawebcast.nic.in का उपयोग कर कार्यक्रम से जुड़ा जा सकेगा।

 

 

 

 

 

 

 

28 एवं 29 फरवरी को ’आत्मा’ कृषि विज्ञान मेला का आयोजन

मण्डला 27 फरवरी 2024

28 एवं 29 फरवरी 2024 को ’आत्मा’ कृषि विज्ञान मेला का आयोजन स्टेडियम ग्राउन्ड निवास जिला मण्डला पर किया जा रहा है। उक्त मेले में कृषकों को श्री अन्न फसलों जैसे कोदो-कुटकी, रागी, ज्वार बाजरा की खेती की तकनीक के संबंध में एवं इनसे बनने वाले खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के बारे में जानकारी कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जायेगी। इसके साथ-साथ मेले में प्राकृतिक खेती के संबंध में उन्नत कृषि यंत्रों के संबंध में प्रदर्शनी के माध्यम से कृषकों को तकनीकि मार्गदर्शन दिया जाएगा। उक्त मेले में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केन्द्र, पशुपालन विभाग एवं अन्य सभी विभागों के स्टॉल लगाये जायेंगे। मेले में विशेष रूप से श्री अन्न फसलों के उत्पादों जैसे- कोदो, कुटकी के बिस्किट, कुकीज एवं प्राकृतिक खेती के उत्पादों के साथ मण्डला के कृषक उत्पादक संगठन अपने उत्पादों के साथ उपस्थित रहेंगे। मण्डला के प्रगतिशील कृषकों द्वारा प्राकृतिक खेती का प्रदर्शन किया जायेगा। मेले में मण्डला जिले के मिलेट उत्पादों का विक्रय किया जायेगा, जो स्व-सहायता समूह अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करना चाहते हैं, वो आवश्य पहुंचे। कृषि से सम्बद्ध व्यवसायों जैसे- ट्रेक्टर उन्नत कृषि यंत्र बीज, जैव उर्वरक एवं अन्य कृषि उपयोगी आदान सामग्री का प्रदर्शन एवं विक्रय कर सकेंगे। कृषकों को खरीफ सीजन हेतु फसलों की उन्नत किस्मों की जानकारी दी जायेगी। मेले में जिले के सभी विकासखण्डों के कृषक एवं कृषक उत्पाद संगठनों के कृषक उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ योजना अंतर्गत लोक अदालत शिविर कार्यक्रम संपन्न

मण्डला 27 फरवरी 2024

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं एस0के0 जोशी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आदेशानुसार एवं डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत संपूर्ण मंडला जिले में लोक अदालत शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोक अदालत शिविर में जिला न्यायालय मण्डला सहित तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, भुआ-बिछिया में भी प्रकरणों को चिन्हित कर ‘‘लोक अदालत शिविर‘‘ में न्यायालयों में लंबित शमनीय अपराधों एवं सिविल प्रकृति के प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। साथ ही उक्त आयोजित कैम्प में मुख्यतः राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग के मामलों को चिन्हित किया गया है, जिसका निराकरण संबंधित विभागों की स्वयं की खण्डपीठ में प्रकरण रखे जाकर कुल 48449 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।

 

 

 

औद्योगिक विकास केन्द्र मनेरी जिला मण्डला में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के इकाईयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा

 

मण्डला 27 फरवरी 2024

प्रदेश में पहली बार इंडस्ट्री कॉनक्लेव के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन उज्जैन में होने जा रहा है। 1 और 2 मार्च 2024 को होने वाली इस कॉनक्लेव का उद्देश्य प्रदेश के अंचलों को इंडस्ट्री की दृष्टि से सशक्त बनाना है। उज्जैन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 मार्च 2024 को करेंगे। उज्जैन के कार्यक्रम से ही औद्योगिक विकास केन्द्र, मनेरी, जिला मण्डला में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों की 10 औद्योगिक इकाईयों का वर्चुअल भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाना है, जिसमें लगभग 190 करोड़ का पूंजी निवेश एवं 425 व्यक्तियों का रोजगार सृजन होना है। आयोजन में एमपी इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेण्ट कॉर्पोरेशन लि., क्षेत्रीय कार्यालय, जबलपुर अंतर्गत 20 इकाईयों को मुख्यमंत्री के द्वारा भूमि का आवंटन प्रदान किया जायेगा, जिसमें लगभग 223 करोड़ का पूँजी निवेश एवं 633 व्यक्तियों को रोजगार प्रस्तावित है।

 

 

 

 

 

 

शिखर महिला आजीविका संकुल स्तरीय संघ माधोपुर कार्यालय एवं सह प्रशिक्षण केंद्र का उदघाटन

 

मण्डला 27 फरवरी 2024

                म.प्र. डे. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विकासखण्ड बिछिया के अंतर्गत गठित शिखर महिला आजीविका संकुल स्तरीय संघ का कार्यालय सह प्रशिक्षण केंद्र का उदघाटन किया गया। कार्यक्रम में स्व सहायता समूह एवं ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाएं शामिल हुई। उक्त भवन सह प्रशिक्षण केंद्र के मिलने से भविष्य में विभिन्न आजीविका गतिविधियां जैसे सिलाई प्रशिक्षण, अगरबत्ती युनिट, तेल मिल प्रोसेसिंग यूनिट का महिलाओं को लाभ मिल सकेगा।

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका – सांसद श्री कुलस्ते मंडला में आयोजित मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम में हुए शामिल

Reva India News

महिलाओं की औद्योगिक गतिविधियों में सफलता उनकी सामर्थ्य का परिचायक हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य शासन महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से 850 एमएसएमई इकाइयों को 275 करोड़ की प्रोत्साहन राशि का किया अंतरण बहनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं भाईयों के लिए सदैव फलदायी रही मुख्यमंत्री डॉ. यादव को महिला उद्यमियों ने बांधी राखी 99 इकाइयों का लोकार्पण और 12 इकाइयों का किया वर्चुअली भूमि-पूजन मुख्यमंत्री डॉ. यादव महिला उद्यमी सम्मेलन में हुए शामिल

Reva India News

सपने देखें, लक्ष्य बनाएं, अनुशासन एवं मेहनत से हर लक्ष्य संभव – हर्षिका सिंह जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन एवं मोटीवेशनल कार्यक्रम में कलेक्टर सहित जिला अधिकारियों ने विद्यार्थियों का दिए करियर एवं सफलता के टिप्स

Reva India News

Leave a Comment