Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

निरोग रहना हमारे जीवन को सुखमय और सफल बनाता है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने 55 लाख की लागत से उप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भूमिपूजन किया

मंडला 27 जुलाई 2024

प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि स्वस्थ व निरोग रहना हमारे जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण आयाम है। यह हमारे जीवन की गुणवत्ता को प्रदर्शित करता है, हमारे जीवन को सुखमय और सफल बनाता है। इसलिए प्रदेश सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। जिससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शनिवार को ग्राम जामगांव जिला मंडला में 55 लाख की लागत से निर्मित होने वाले उप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भूमिपूजन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने भूमिपूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्ता झा, मथुरा यादव, मनीष साहू, रामकुमार चौरसिया, उपकर्ष यादव, जागृति उइके, गीता उइके, पूरन ठाकुर, जोरावर सिंह, सुरेन्द्र उइके सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए चिरईडोंगरी में 50 बिस्तर का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया गया है। जिससे इस क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए बम्हनी बंजर या नैनपुर जाना नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से ग्राम जामगांव में उप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण होने से इस क्षेत्र के मरीजों को उपचार हेतु स्वास्थ्य सुविधा जामगांव में ही मिलेगी। ग्राम जामगांव रेलवे मार्ग एवं सड़क मार्ग का प्रमुख केन्द्र है। उन्होंने उप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करें। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि नैनपुर क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत करोड़ों की लागत से 24 गांव के घर घर तक पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि मंडला जिले के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिले इसके लिए गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, मंडला, डिंडौरी तक सड़क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इससे इस क्षेत्र के लोगों को सड़क मार्ग और रेलवे मार्ग की अच्छी सुविधा मिलेगी, इससे लोगों का आवागमन आसान होगा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि ग्राम जामगांव के चौराहे में गोंडवाना साम्राज्य के महाराजा एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा शंकरशाह और रघुनाथशाह की प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। जिससे आने वाली पीढ़ी उनकी वीरगाथा और बलिदान को याद रखे। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में भांवरे समाज की मांग पर उनके लिए एक सामुदायिक भवन का निर्माण कराने को कहा। इसी प्रकार से ग्राम जामगांव में नवीन आंगनवाड़ी भवन का निर्माण करने की बात कही। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि स्थानांतरण हेतु अधिकारी, कर्मचारी भी पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर स्थानांतरण करा सकेंगे। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंडला जिले के नागरिकों के लिए आवागमन हेतु रेलवे और सड़क मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव गांव और मजरे टोलों को जोड़ा गया है। पुल पुलियों का निर्माण कर आवागमन सुविधाओं का विस्तार किया गया है। गांव गांव तक बिजली, सड़क और पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिए उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दी जाती है। किसानों की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदकर फसल का उचित दाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के कल्याण के लिए शासन द्वारा अधिकांश योजनाएं संचालित हैं। किसानों को कृषि उपकरण, प्रशिक्षण, आधुनिक पद्धति से खेती करना, खाद, बीज, कीटनाशक उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने किसानों को कोदो कुटकी फसल का उत्पादन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि धान की फसल से कोदो कुटकी फसल की कीमत ज्यादा है इससे किसानों को अधिक आय होगी।

Related posts

निर्बाध रूप से जारी रहेगी छत्तीसगढ़ से आए नीलम और वंश की पढ़ाई फेसबुक से मिली जानकारी पर कलेक्टर ने तत्काल दिलाया प्रवेश  

Reva India News

पत्रकारों ने दी बच्चों को अध्ययन सामग्री

Reva India News

राहत से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें – डॉ. सिडाना कलेक्टर ने की बारिश से हुए नुकसान तथा जलभराव की समीक्षा

Reva India News

Leave a Comment