Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 26 अगस्त 2024

मटकी फोड़ प्रतियोगिता श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की प्रमुख लीला है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

जिला स्तरीय मटकी फोड़ प्रतियोगिता प्रशिक्षण बैरक होमगार्ड में संपन्न हुआ

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दलों को पुरूस्कृत किया

                               श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंडला जिले में प्रशिक्षण बैरक होमगार्ड /एसडीईआरएफ में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में जिले की एसडीईआरएफ टीम, होमगार्ड, नगर सुरक्षा समिति महिला एवं नगर सुरक्षा समिति पुरूष वर्ग ने भाग लिया। प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने दीप प्रज्वलित कर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को शील्ड देकर पुरूस्कृत किया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पहला स्थान होमगार्ड मंडला, द्वितीय स्थान नगर सुरक्षा समिति महिला और तृतीय स्थान एसडीईआरएफ टीम को प्रदान किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभागीय अधिकारी और मटकी फोड़ प्रतियोगिता के सदस्य मौजूद थे। आयोजित प्रतियोगिता में सभी दलों ने पारी पारी से मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी दलों के लिए मटकी फोड़ के लिए समय निर्धारित किया गया था। न्यूनतम समय में मटकी फोड़ने वाले दल को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में गजब का उत्साह था। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की जीवन पर आधारित गीत संगीत भी गाए गए। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान प्रतियोगियों पर जमकर पुष्प वर्षा की गई। जय श्रीकृष्ण, जय श्रीकृष्ण और हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के नारे लगाए गए, जिससे पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंडला जिले में जिला प्रशासन के द्वारा मटकी फोड़ प्रतियोगिता का गरिमामय रूप से आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में जिला प्रशासन सहित होमगार्ड की टीम, एसडीईआरएफ की टीम, नगर सुरक्षा समिति महिला एवं नगर सुरक्षा समिति पुरूष की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन दलों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इस प्रतियोगिता को सुशोभित किया है। श्रीकृष्ण की प्रमुख लीलाओं में मटकी फोड़ भी महत्वपूर्ण रही है। श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को स्मरण करते हुए प्राचीनकाल से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में युवा और युवतियां बढ़ चढ़कर भाग लेती हैं।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 16 जिले में श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को प्रदर्शित करने के लिए संस्कृति विभाग द्वारा श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मंडला जिले के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रारंभ है। जिसमें संस्कृति विभाग और स्थानीय कलाकारों के द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं और कलाओं को भक्ति गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने आयोजित इस कार्यक्रम के लिए यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हमारे देश के महाराष्ट्र, गोवा, म.प्र. सहित अन्य राज्यों में प्रमुख रूप से किया जाता है। जिले में इसी प्रकार से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन गरिमामय रूप से किया जा रहा है। जिसमें सभी नागरिकों की सहभागिता है। उन्होंने आयोजित प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इसी प्रकार से सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी बंजर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई।

मध्यप्रदेश सरकार देगी केरल और त्रिपुरा को 20-20 करोड़ रूपए की सहायता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 

मण्डला 26 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित केरल और त्रिपुरा की सरकार को राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की ओर से 20-20 करोड़ रूपए की सहायता जारी करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं और संकट की इस घड़ी में मध्यप्रदेश सरकार दोनों राज्यों के साथ है। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से जल्द से जल्द इस संकट को दूर करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्य भीषण वर्षा, बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित हैं। पिछले कुछ दिनों में त्रिपुरा और केरल राज्य में भीषण प्राकृतिक आपदा की घटनाएँ हुई हैं, जिसमें बड़े स्तर पर जन-धनहानि होना अत्यंत दु:खद है।

धार में बनेगा श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी का स्मृति स्थल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में विकसित होगी उनको समर्पित गैलरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धेय ठाकरे जी की जन्म-जयंती पर किया नमन

 

मण्डला 26 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापक सदस्य और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी को समर्पित स्मृति स्थल का निर्माण धार में किया जाएगा। साथ ही उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं और विचारों को समाज के सम्मुख लाने के लिए भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गैलरी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म-जयंती पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यह बात कही।

ठाकरे जी की सादगी और न्यूनतम संसाधनों में समाज को अधिकतम योगदान देने की कार्यशैली अनुकरणीय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित किया। उनके र्निलिप्तता से प्रजातंत्र की स्थापना और सुशासन के लिए किए गए कार्य प्रदेश ही नहीं, देश की धरोहर हैं। उनकी सादगी और न्यूनतम संसाधनों में समाज को अधिकतम योगदान देने की कार्यशैली और संगठन को विस्तार देने की क्षमता सदैव प्रेरणा बनकर सभी का पथ आलोकिक करती रहेगी।

सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय ठाकरे जी की शुचिता, परिश्रम और सेवा भाव सबको साथ लेकर चलने की क्षमता और परस्पर सहयोग निधि से संगठन को चलाने व विस्तार देने की कार्य-प्रणाली आदर्श कार्यकर्ता का अद्भुत उदाहरण और हम सबके लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय सहित जन-प्रतिनिधियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

मंगल तिथियों पर आधारित जन्माष्टमी सभी के जीवन में मंगल ही मंगल करे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सबके लिए अनुकरणीय
मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी पर प्रदेशवासियों को दीं मंगलकामनाएं

 

मण्डला 26 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। यही प्रार्थना है कि मंगल तिथियों पर आधारित जन्माष्टमी का पावन पर्व सभी के जीवन में मंगल ही मंगल करे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन्माष्टमी के पावन पर्व पर निवास स्थित गौशाला में गोमाता की सेवा कर जगत कल्याण के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खगोलीय घटनाओं से मंगल तिथियों की अनुकूलता बनती है, हमारे व्रत, पर्व व त्यौहार मंगल तिथियों के आधार पर ही हैं। इन तिथियों में अद्वितीय घटनाएं घटती है, आज की मंगल तिथि इसकी परिचायक है। लगभग 5100 साल पहले रोहिणी नक्षत्र में भाद्रपद की अष्टमी तिथि में भगवान श्रीकृष्ण का रात 12 बजे प्राकट्य हुआ, जो एक आलौकिक घटना है। उन्होंने कहा कि प्राय: शुभ दिनों पर हमारे मुख से शुभकामनाएं का शब्द निकलता है। शुभकामना सामान्य दिनों के लिए है, जबकि मंगल दिवस पर मंगलकामनाओं का आदान-प्रदान उपयुक्त है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का सम्पूर्ण जीवन सबके लिए अनुकरणीय है। जीवन में किसी से घबराना नहीं, सदैव धर्म के मार्ग पर चलना, वीरता धारण करना, दयालुता रखना, गोपालन करना और अपने जीवन में जो पाएं, वह बांटने का भाव व सामर्थ्य रखना ऐसी विशेषताएं हैं, जिनका सभी को पालन करना चाहिए।

 

 

 

भक्ति रस की बही धारा और मंडला की धरती पर बरसा बृज का प्रेम से सभास्थल गूंज उठा

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके सोमवार को श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम में शामिल हुई

श्रीकृष्ण पर्व का जिला स्तरीय कार्यक्रम सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालीपुर में संपन्न हुआ

 

मंडला 26 अगस्त 2024

      मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर भोपाल सहित मध्यप्रदेश के 16 स्थानों पर श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को सायंकाल 6 बजे से मंडला जिले के सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर लालीपुर में चल रहे श्रीकृष्ण पर्व प्रारंभ हुआ। आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री क्षमा सराफ सहित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद थे। आयोजित कार्यक्रम को कलाकारों ने अपने गीत और संगीत से भक्तिमय बना दिया। संपूर्ण सभास्थल पर जय श्रीकृष्ण, जय श्रीकृष्ण, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के नारों से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

      आयोजित कार्यक्रम में मुम्बई के चरणजीत सिंह सौंधी एवं साथी कलाकारों ने भक्ति संगीत से भगवान कृष्ण की प्रेम की धारा में सभी गोते लगाने का अवसर दिया तो ग्वालियर के स्वर म्यूजिक फाउंडेशन के कलाकारों ने रासलीला के माध्यम से बृज धरा के प्रेम का वर्णन किया। वहीं, स्वर म्यूजिक फाउंडेशन के 11 कलाकारों ने रासलीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया। कृष्ण स्तुति मंत्र श्लोक से कायर्क्रम की शुरुआत हुई। पहले दृश्य में श्रीकृष्ण के जेल में जन्म लेने का प्रसंग दिखाया गया। भाग जागे तोरे जशोदा… और लल्ला की सुनके मैं आई यशोदा मैया दे दो बधाई… जैसे गीतों से कृष्ण जन्म की खुशियां मनाई गई। अगले दृश्य में लोरी गीत और श्रृंगार गीत कितना प्यारा है श्रृंगार की तेरी लेऊ नजर उतार… और मेरे बांके बिहारी सरकार… ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कृष्ण बाल लीला में धुरी भरे अति शोभित श्यामजू… और माखन चोरी गीतों ने दर्शकों को कृष्ण भक्ति से सराबोर कर दिया।  इसके बाद सावनी झूला गीत, दही हांडी लूट, रासलीला, मयूर नृत्य और होरी गीतों की प्रस्तुति हुई। अंतिम दृश्य में उनके द्वारकाधीश के रूप में विराजमान होने का प्रसंग पेश किया गया। वहीं, चरणजीत ने राधा रानी हुई है दीवानी…, राधा रानी हमें भी बता दे जरा…, राधा रानी हमारी सरकार…, मुरली सांवरिया की… और मेरे कन्हैया तू क्यों रूठा… जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। अगली कड़ी में मखना वाले पेड़े…, श्याम हारे के तुम हो… और थारे अंगनिया में नाचूँ… गीत पेशकर अपनी वाणी को विराम दिया। आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने दीप प्रज्वलित कर प्रारंभ किया।

 

 

 

 

 

 

 

श्रीकृष्ण पर्व पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने लोकगायन की प्रस्तुति दी

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट किए

 

मंडला 26 अगस्त 2024

      मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पवित्र अवसर पर भोपाल सहित मध्यप्रदेश के 16 स्थानों पर श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को लालीपुर के सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में चल रहे समारोह में भोपाल की पूर्णिमा चतुर्वेदी और साथियों ने लोकगायन की प्रस्तुति दी तो भोपाल के अखिलेश तिवारी और साथियों ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने श्रीकृष्ण के भक्ति गीत गाए। जिससे पूरा सभास्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा और जिले के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर खरे ने भी श्रीकृष्ण के भक्ति गीत गाए। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इस अवसर पर कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, प्राचार्य सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा उपस्थित थे।

 

 

 

धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

 

मंडला 26 अगस्त 2024

            श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा मंडला में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा की गई विभिन्न लीलाओं के बारे विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में योगेश चौरसिया, अनुसुईया मार्को, प्रभात मिश्रा, गीता चौकसे, एहतेशाम नूर, कमलेश हरदहा, पवन नामदेव, कविन्द्र सुरेश्वर, आनन्दा नामदेव, निशम पटेल, निधेष पटेल, सौरभ पटेल, लता पटेल, अमिता पटेल, शिवकुमार धुर्वे, राजकुमार सिंगौर, खुशीराम, गीता कुशराम, समता सैनी, आरती दुबे, कमल मार्काे, निर्मला पटेल, कमला धुर्वे आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

पं.ज.ला.ने.न.पा. उच्च.माध्य.शाला महाराजपुर में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

 

मंडला 26 अगस्त 2024

            श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगरपालिका परिषद मंडला द्वारा पं.ज.ला.ने.न.पा. उच्च.माध्य. शाला महाराजपुर में श्रीकृष्ण की शिक्षा, मित्रता प्रसंग एवं जीवन दर्शन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता अपने नाम किया। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानन नाफड़े, प्रभारी प्राचार्य दिनेश भारतीया एवं जोरसिंह उइके, बबिता चौधरी, रॉक्सी टांडिया, प्रतिज्ञा पटेल, सुप्रिया बिसेन, चांदनी चौरसिया एवं मेनका पटेल आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

निराश्रित मवेशी कांजीहाऊस में बंद किए गए

 

मंडला 26 अगस्त 2024

            कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नगरपालिका परिषद मंडला के द्वारा हाकागैंग का गठन कर नगर के मुख्य मार्गों से निराश्रित मवेशियों को पकड़कर कांजी हाऊस में बंद किया गया है। हांका गैंग द्वारा 140 निराश्रित पशुओं को कांजी हाऊस में बंद किया गया एवं 10 निराश्रित पशुओं को गौशाला आमानाला भेजा गया है। यह अभियान निरंतर चलाया जाना है। न.पा.परि. मंडला के द्वारा नगरवासियों से अपील की गई है कि अपने-अपने मवेशियों को अपने नियंत्रण में रखें एवं रोड में न छोड़ें।

 

 

 

Related posts

लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 11 मई तक मनाया जाएगा 4 मई को होंगे विविध कार्यक्रम

Reva India News

धनवाही में स्वास्थ्य शिविर संपन्न

Reva India News

प्रेक्षक श्री खरे ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment