मंडला 13 नवंबर 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को जिला योजना भवन में बैठक आयोजित कर 14 एवं 15 नवंबर 2024 को आयोजित होने वाले मंडला गौरव दिवस कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस के कार्यक्रमों के लिए विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिससे गौरव दिवस के कार्यक्रमों का संचालन सफलतापूर्वक सुचारू रूप से संपन्न हो सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा बुधवार को जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम घुघरी श्री सीएल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि 14 नवंबर को वाकाथान का आयोजन प्रातः 8 बजे से प्रातः 8:30 बजे तक पुलिस ग्राउंड स्टेडियम में संपन्न होगा। इसी प्रकार से जुम्बा का आयोजन प्रातः 8:30 बजे से प्रातः 9 बजे और जनजाति ओलम्पिक स्थानीय खेल खो-खो, पिट्टू, गिल्ली-डंडा और रस्सा-कसी प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न होगा। उन्होंने उक्त खेल प्रतियोगिता के लिए दलों का गठन करने के निर्देश दिए हैं। जिससे स्टेडियम ग्राउंड में उक्त खेलों का आयोजन संपन्न कराया जा सके। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान, वॉलपेंटिंग और गोंड़ीपेंटिंग का आयोजन व प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से सायंकाल 5 बजे तक कलाविथिका में आयोजित होगा। इसके बाद नर्मदा पंचचौकी महाआरती और दीपदान सायं 6:30 बजे से सायं 7:30 बजे और फ्लेश मोब डांस, आरडी कॉलेज मंडला, सरदार पटेल कॉलेज मंडला, गर्ल्स कॉलेज मंडला सांयकाल 7:30 बजे से रात्रि 8 बजे तक माहिष्मती घाट में संपन्न होगा। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों से उक्त कार्यक्रमों की तैयारियां और आयोजन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने माहिष्मती घाट में व्यवस्थाएं लगातार दुरूस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि माहिष्मती घाट में काउकेचप लगाया जाए, जिससे आवारा पशु माहिष्मती घाट में प्रवेश न कर सकें। उन्होंने माहिष्मती घाट में साफ-सफाई, नहाने में साबुन का उपयोग न करने, कपड़े न धोने तथा किसी भी प्रकार की सामाग्री विसर्जित नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि 15 नवंबर 2024 को आयोजित होने वाले गौरव दिवस कार्यक्रम में स्थानीय जनजातीय करमा, सैला नृत्य एवं गायन प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक सेमरखापा खेल मैदान और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कृष्ट अभियान एवं बिरसामुंडा जीवनदर्शन पर नाट्यमंचन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सेमरखापा ऑडिटोरियम में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि मास्टर शेफ प्रतियोगिता दोपहर 3 बजे से सायं 4 बजे तक और फूड फेस्टिवल पारंपरिक हस्तशिल्प की प्रदर्शनी मेहंदी, टेटू, पोट्रेट, स्कैचिंग, हस्ताक्षर केपिंग, झाकी, पम्पलेट, बैनर के माध्यम से योजनाओं एवं उत्पादों का प्रदर्शन, वित्तीय साक्षरता आधारित जनजाति जागरूकता सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक बैगा-बैगी चौक से योजना भवन में संपन्न होगा। इसी प्रकार से कवि सम्मेलन रात्रि 8 बजे से जिला योजना भवन में होगा। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने 14 एवं 15 नवंबर को विभागों के द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर और चिकित्सा का प्रबंध भी किया जाएगा। इस दौरान लाईट, सुरक्षा, पार्किंग का भी उचित प्रबंध किया जाएगा।
