Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन कलेक्टर एवं एसपी हुए शामिल, विद्यार्थियों को दी प्रेरणादायक सीख

मंडला, 5 दिसंबर 2025

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सवमय वातावरण में डूबा रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं एसपी श्री रजत सकलेचा ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, समूहगान सहित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री आरएस गुलाटी, पालक शिक्षक संघ के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों से हुए अपने संबोधन में कहा कि वे पिछले दिन किसी कारणवश वार्षिक उत्सव में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन आज उपस्थित होकर बच्चों की ऊर्जा और प्रतिभा देखकर अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि इस एक सबसे अच्छी बात यह रही कि सभी बच्चों ने पूरे उत्साह से विविध कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पहले यह देखा जाता था कि केवल कुछ गिने-चुने बच्चे ही मंच तक पहुँच पाते थे, परंतु अब हर छात्र को अवसर मिल रहा है यह विद्यालय के बेहतर होते माहौल का संकेत है। विद्यालय बच्चों के समग्र विकास की नींव होता है। शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कृति और चरित्र निर्माण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों को सपनों को लक्ष्य में बदलने और निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाते हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने यहाँ मौजूद शिक्षकों से कहा पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी बच्चों की भागीदारी जरूरी है। आप बच्चों की प्रतिभा पहचानें। हर बच्चे का भविष्य केवल पाठ्य-पुस्तकों में नहीं, बल्कि कला, खेल, संगीत, विज्ञान, तकनीक किसी भी क्षेत्र में चमक सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी बच्चे की आर्थिक स्थिति कमजोर हो तो यह उसकी प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रतिभा और ईमानदारी के साथ मेहनत करने वाले बच्चों को कोई रोक नहीं सकता। शिक्षकों का दायित्व है कि वे हर बच्चे के टैलेंट को पहचानें, उसे समर्थन दें और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाएँ।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालयों में खुले और विश्वासपूर्ण माहौल के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल में ऐसा वातावरण होना चाहिए कि बच्चा बिना झिझक अपनी बात शिक्षक तक पहुँचा सके। यही विश्वास बच्चे को सुरक्षित, निर्भीक और सीखने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि नैनपुर में शीघ्र ही केन्द्रीय विद्यालय प्रारंभ होने वाला है। विद्यार्थियों द्वारा शनिवार का अवकाश घोषित किए जाने की बात पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने केन्द्रीय विद्यालय में एक दिन का अवकाश घोषित किया।

एसपी श्री सकलेचा ने केंद्रीय विद्यालय से अपने जुड़ाव और विद्यार्थी जीवन की स्मृतियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने चार वर्ष केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई की है, इसलिए इस विद्यालय से उनका गहरा लगाव है। जब भी मैं केंद्रीय विद्यालय के सामने से गुजरा तो अपना बचपन, अपनी कक्षाएँ ख़ुद ही याद आ जाते हैं। ऐसा लगता है मानो मैं फिर से अपने उन्हीं दिनों में लौट आया हूँ। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ देश के अलग-अलग राज्यों से बच्चे और शिक्षक आते हैं, जिससे विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता है और उनकी सोच का दायरा व्यापक बनता है।

लाइब्रेरी, मैगजीन और न्यूजपेपर ने हमें हमेशा नई जानकारी से जोड़े रखा। यह वातावरण छात्रों को आत्मविश्वासी और जागरूक बनाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नई शिक्षा नीति में जिन मूलभूत बातों पर जोर दिया गया है बहुभाषिकता, रचनात्मकता, राष्ट्रीय एकता, समग्र विकास वे सब केंद्रीय विद्यालयों में पहले से ही मौजूद हैं। विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन को जीवन की सबसे बड़ी पूँजी बताते हुए कहा कि देश का भविष्य आज के बच्चे हैं और उनके अंदर छुपी प्रतिभा को पहचाना एवं निखारा जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को साइबर सुरक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने कलेक्टर और एसपी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजनों की निरंतरता का संकल्प लिया।

Related posts

4 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

Reva India News

जिला चिकित्सालय मण्डला में दो दिवसीय नेत्र शिविर संपन्न हुआ

Reva India News

प्रेक्षक श्री प्रकाश व्यास 14 से 17 अक्टूबर तक रहेंगे मंडला के प्रवास पर

Reva India News

Leave a Comment