Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर सोमेश मिश्रा का सख्त रुख: स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

मंडला, 29 जनवरी 2026

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला योजना भवन मंडला के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती, सिविल सर्जन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम, बीईई एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आशा कार्यक्रम, एनसीडी, एमपी औषधि वितरण तथा जन आरोग्यम शिविर 2.0 सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिन विकासखंडों में उपलब्धि अत्यंत कम पाई गई, उनमें घुघरी, मवई एवं नारायणगंज शामिल हैं। इन विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए तथा आगामी बैठक में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। फूड बास्केट वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए एनजीओ, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सीएसआर के माध्यम से सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।

सिकल सेल एनीमिया की जांच को लेकर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार पीओसीटी किट की मांग पत्र तैयार कर राज्य को भेजा जाए। जिन विकासखंडों में स्क्रीनिंग कम है, वहां प्राथमिकता से किट उपलब्ध कराई जाए। आयुष विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से दवा वितरण एवं चिन्हित मरीजों की जानकारी संकलित कर राज्य को भेजने के निर्देश दिए गए। घुघरी, नैनपुर एवं बिछिया में कम स्क्रीनिंग पाए जाने पर संबंधित बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बीएमओ बम्हनी के ग्राम सिलगी में हुई मातृ मृत्यु के मामले में कलेक्टर ने सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता को टर्मिनेट करने संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं निवास विकासखंड के कोहनी ग्राम में हुई मातृ मृत्यु के प्रकरण में प्रभारी एएनएम पुष्पा यादव एवं सेक्टर मेडिकल ऑफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने एनआरसी में बेड ऑक्यूपेंसी 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने, जन आरोग्यम शिविर मंडला 2.0 को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर बुधवार एवं गुरुवार को सम्पूर्ण अभियान के रूप में संचालित करने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जनस्वास्थ्य सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Related posts

बिनेका में अवैध कॉलोनी पर कार्यवाही, आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश

Reva India News

जामगांव में मसाला क्षेत्र विस्तार एवं राज्य योजना अंतर्गत धनिया बीज वितरण

Reva India News

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक 20 जुलाई को  

Reva India News

Leave a Comment