मंडला / बालाघाट – शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं बौद्धिक विकास के लिए सतत समर्पित बालाघाट जिला अब क्रीड़ा-जगत में भी एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। तर्क, दूरदर्शिता एवं रणनीतिक कौशल के प्रतीक शतरंज को प्रोत्साहित करने हेतु, जिले में प्रथम बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 10 मई 2026 को किया जा रहा है। यह आयोजन सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड पॉलीटेक्निक, बालाघाट के संरक्षण एवं अनुकरणीय सहयोग से संपन्न होगा। इस प्रतियोगिता में मंडला के खिलाडी भी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे है। बता दे कि वर्ष 2017 में मंडला में आदि इंटरनेशनल ओपन रेटिंग चेस टूर्नामेंट का आयोजन किया गयाथा। उस वक़्त 5 लाख इनामी राशि वाली वह प्रतियोगिता मध्य भारत की सबसे अधिक इनामी राशि की प्रतियोगिता थी। प्रतियोगिता में देश के शीर्ष शतरंज खिलाडी ग्रांड मास्टर श्रीराम झा, आर दास गुप्ता, इंटरनेशनल मास्टर स्वप्निल सहित कई ख्यातिलब्ध खिलाडी शामिल हुए थे। तब से मंडला के चेस खिलाडियों का एक बड़ा एक्सपोज़र मिला और मंडला के खिलाडियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी छाप छोड़ी। इस प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर श्रीराम में शामिल हो रहे है जिनके खेल को देखकर मंडला के खिलाडी भी प्रेरित होंगे।

खेल प्रेमी स्व. नागेश्वरराम यादव एवं समाजसेवी स्व. राजकुमार खंडेलवाल की पुण्य स्मृति को चिरस्थायी बनाने हेतु “एन आर मेमोरियल रैपिड रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट” का यह प्रतिष्ठित आयोजन सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड पॉलीटेक्निक गर्रा, बालाघाट में आयोजित होगा। यह आयोजन केवल स्पर्धा नहीं बल्कि युवाओं में विश्लेषणात्मक चिंतन एवं धैर्य के गुणों का संवर्धन करने वाला बौद्धिक अनुष्ठान है।
(प्रतियोगिता की अकादमिक गरिमा)
एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के इस एकदिवसीय विद्वत-समागम में विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप 15+05 टाइम कंट्रोल के 9 राउंड खेले जाएंगे। दिनांक 10 मई को प्रातः 9:55 AM उद्घाटन सत्र संपन्न होगा तथा 10:00 AM प्रथम चक्र का प्रारंभ होगा। सायं 7:00 PM पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ यह बौद्धिक महोत्सव संपन्न होगा। इस प्रतियोगिता की निष्पक्षता एवं तकनीकी शुचिता सुनिश्चित करने हेतु ख्यातिप्राप्त इंटरनेशनल आर्बिटर एन वी आर श्रीहरि मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।
देश विदेश से आए खिलाड़ी –
इस टूर्नामेंट के डायरेक्टर कार्तिक गिरी गोस्वामी एवं ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री ऋषभ खंडेलवाल ने हर्ष व्यक्त कर अवगत कराया कि इस स्पर्धा के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन प्रखर समाजसेवी एवं खेल संरक्षक श्री ऋषभ वैध हैं। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक एवं क्रीड़ा जगत में सराही जा रही है। मध्यप्रदेश के बालाघाट,भोपाल,जबलपुर, इन्दौर, रीवा, कटनी, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर, ग्वालियर, नरसिंहपुर, सिवनी एवं पन्ना के खिलाड़ियों के साथ पश्चिम बंगाल,गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न प्रांतों से दिग्गज शतरंज खिलाड़ी स्पर्धा में भाग ले रहे हैं। यह उल्लेख का विषय है कि डेनमार्क जैसे विकसित राष्ट्र से भी विदेशी प्रतिभागी इस ज्ञान-यज्ञ में सम्मिलित हो रहे हैं।
प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के अतिरिक्त, विभिन्न आयु वर्गों एवं FIDE रेटिंग श्रेणियों में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने वाले प्रथम तीन विजेताओं को विशेष रूप से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस स्पर्धा में कुल 28 पुरस्कार दिए जाएंगे। इस प्रतियोगिता की गरिमा को चरमोत्कर्ष प्रदान करने हेतु भारत का नाम वैश्विक पटल पर आलोकित करने वाले ग्रैंड मास्टर श्रीराम झा एवं इंटरनेशनल मास्टर अक्षत खंपरिया की उपस्थिति अहम होगी। इनके सान्निध्य से नवोदित खिलाड़ियों को अमूल्य मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त होगी। प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (AICF) में विधिवत पंजीयन अनिवार्य होगा।
