कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक, 12 दावे मान्य
मंडला, 6 अगस्त 2026
वन अधिकारों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर एवं जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में गोलमेज कक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न खंड स्तरीय समितियों से प्राप्त वन अधिकार दावा प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की गई। अभिलेखों, सत्यापन रिपोर्ट और मैदानी निरीक्षण के आधार पर समिति ने कुल 12 वन अधिकार दावों को मान्य करते हुए अनुमोदन प्रदान किया। वहीं 2 दावा प्रकरणों में कब्जा क्षेत्र का रकबा बदलने के कारण उन्हें संबंधित खंड स्तरीय समिति को पुनः जांच के लिए रिवर्ट किया गया। शेष अन्य प्रकरणों में दस्तावेजों की पूर्ति और तथ्यों के सत्यापन हेतु उन्हें पुनः परीक्षण के लिए वापस भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन अधिकार अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में वन अधिकार पत्र उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए और प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए, ताकि वनवासी एवं आदिवासी परिवारों को उनके अधिकारों का लाभ शीघ्र मिल सके।
बैठक में वन मण्डलाधिकारी श्री एमएस मौर्य एवं सुश्री प्रीता एसएम, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी सहित राजस्व, वन एवं आदिवासी विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, आवास-भवन निर्माण और वित्तीय योजनाओं की समीक्षा
घुटास, मवई एवं मेढा में सेक्टर बैठक संपन्न, राजस्व वसूली और स्वच्छता पर जोर
मंडला, 6 अगस्त 2026
जिले में विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में विकासखंड मवई के अंतर्गत सेक्टर घुटास, मवई एवं मेढा में सेक्टर बैठकें आयोजित की गईं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सभी ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित विभागीय अमले की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की गहन समीक्षा की।
बैठक में टेक्स कलेक्शन में तेजी लाने, कचरा संकलन एवं निपटान की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए हर ग्राम में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
आवास व अधोसंरचना निर्माण में तेजी के निर्देश
आवास योजना के तहत हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी कर आवास पूर्ण कराने, वनाधिकार पट्टाधारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा 15वें वित्त एवं 5वें वित्त आयोग की राशि से स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया।
इसके साथ ही नवीन ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक भवन एवं आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल सकें।
सीईओ श्री मीना ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए फील्ड में नियमित भ्रमण कर कार्य की मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण और गुणवत्ता युक्त कार्य सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में संबंधित सेक्टर के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन विश्वास अभियान का शुभारंभ आज से, पहला समाधान शिविर मोहगांव में
मंडला, 6 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार मंडला जिले में 7 अगस्त से ’जन विश्वास अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान का पहला शिविर मोहगांव में आयोजित होगा, जहां आमजन की समस्याओं के निराकरण के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत भ्रमण, निरीक्षण, समाधान शिविर, जनसंवाद, उद्यमी संवाद तथा जनप्रतिनिधि संवाद जैसे विभिन्न चरण आयोजित किए जाएंगे। इन सभी गतिविधियों में संबंधित विभागों की सक्रिय एवं अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाना है।
हरियाली यात्रा-2026: नवांकुर नर्सरी में तैयार हो रहे 2 हजार पौधे, 5 ग्रामों में होगा पौधरोपण
मंडला, 6 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर योजना के अंतर्गत हरियाली यात्रा-2026 के लिए आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान द्वारा सेक्टर क्रमांक-03 में व्यापक वृक्षारोपण की तैयारी की जा रही है। पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम मोहगाँव में 2000 फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों की ’नवांकुर नर्सरी’ तैयार की जा रही है। इन पौधों का रोपण सेक्टर के 5 ग्रामों-मोहगांव, हीरापुर, जवैधा, तौरदरा एवं बसगढ़ी में किया जाएगा।
संस्था द्वारा पांचों ग्रामों से 100 महिलाओं का चयन ’नवांकुर सखी’ के रूप में किया गया है। ये सखियाँ अपने-अपने ग्रामों में पौधरोपण का नेतृत्व करने के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएंगी। संस्था का उद्देश्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना और ग्रामों में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। साथ ही नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि वे हरियाली यात्रा-2026 में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें।
