Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, मंडला, 3 अगस्त 2026

अगले शैक्षणिक सत्र तक कोई भवन जर्जर न रहे – डीएम

जन विश्वास अभियान 7 अगस्त से, मोहगाँव में लगेगा प्रथम शिविर

हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की हुई समीक्षा

समय-सीमा की बैठक आयोजित

मंडला, 3 अगस्त 2026

            कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में आगामी जन विश्वास अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। शिविर के दिन संबंधित विभागों के अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। प्रथम शिविर 7 अगस्त को मोहगांव में आयोजित होगा।

क्या है जन विश्वास अभियान ?

            मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहेंगे एवं समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि जन विश्वास अभियान के दौरान उद्यम संवाद, कृषक संवाद एवं शिक्षक-पालक संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाईन के निराकरण एवं लोकसेवा गारंटी के प्रकरण की विशेष रूप से समीक्षा की जायेगी।

अगले शैक्षणिक सत्र तक कोई भवन जर्जर न रहे – डीएम

            बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जिले के अनुपयोगी एवं जर्जर शासकीय भवनों को पृथक रूप से चिन्हित करें तथा आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी विद्यालय का संचालन जर्जर भवन में न हो। इस संबंध में उनके द्वारा डीईओ, डीपीसी, एसी ट्राईबल, डीपीओ, महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि जर्जर भवनों एवं अनुपयोगी भवनों को सूचीबद्ध कर 7 दिवस में उपलब्ध कराया जाए।

            इसके साथ ही बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 अगस्त से आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की अग्रिम तैयारियों की समीक्षा की गई एवं स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के संबंध में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

छात्रावास संचालन में लापरवाही पर प्रभारी अधीक्षक निलंबित

मंडला, 3 अगस्त 2026

            सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा छात्रावास संचालन में गंभीर अनियमितताओं एवं लापरवाही पाए जाने पर विकासखंड निवास अंतर्गत जोगीटोला वरिष्ठ बालक छात्रावास के प्रभारी अधीक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक श्री पन्नालाल वट्टी को निलंबित कर दिया गया है।

            प्राप्त शिकायतों एवं जाँच प्रतिवेदन के आधार पर किए गए आकस्मिक निरीक्षण में छात्रावास का संचालन नियमानुसार नहीं पाया गया। जांच में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध न कराना, छात्रावास में अस्वच्छता, छात्रावास परिसर में पशुओं का विचरण तथा अन्य व्यक्तियों का निवास जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

            इन कृत्यों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग मंडला ने श्री पन्नालाल वट्टी को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, मंडला कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

हर माह 3 हजार रूपए की पेंशन: प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना

मंडला, 3 अगस्त 2026

            असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना संचालित की जा रही है। यह योजना छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, कृषि मजदूरों, घरेलू कामगारों, निर्माण श्रमिकों सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है।

            योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र श्रमिक मासिक अंशदान कर 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3 हजार रुपये की सुनिश्चित पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। श्रमिक द्वारा किए गए अंशदान के बराबर राशि का योगदान भारत सरकार द्वारा भी किया जाता है।

            योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक के पास आधार कार्ड, बैंक खाता तथा मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। पात्र हितग्राही अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर या श्रम विभाग के माध्यम से योजना में पंजीयन करा सकते हैं।

            जिला प्रशासन ने जिले के पात्र असंगठित श्रमिकों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ लेकर अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाएं तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को भी इस योजना की जानकारी देकर लाभान्वित होने के लिए प्रेरित करें।

Related posts

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में ऑनलाईन मेथेमेटिक्स क्विज संपन्न

Reva India News

नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना अंतर्गत जिले में स्थापित करेंगे 33 बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर  

Reva India News

*वृद्ध महिला मंडला नगर में सड़क पर बेसुध हालत में मिली* =========

Reva India News

Leave a Comment