हीरापुर में बाल संस्कार केंद्र का नियमित संचालन
बच्चों को मिल रही निःशुल्क संस्कारपरक शिक्षा
मंडला, 2 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला मंडला के जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन के निर्देश और विकासखंड समन्वयक श्री सूरज बर्मन के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान द्वारा सेक्टर-03 मोहगांव के अंतर्गत ग्राम हीरापुर में बाल संस्कार केंद्र का संचालन किया जा रहा है। यहां नर्सरी से कक्षा 5 वीं तक के बच्चों को प्रतिदिन सायं 5 से 7 बजे तक निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। केंद्र का मुख्य उद्देश्य स्कूली पढ़ाई के साथ बच्चों में नैतिक मूल्य, भारतीय संस्कृति, अनुशासन, सामाजिक समरसता और व्यक्तित्व विकास के गुण विकसित करना है।
केंद्र में शैक्षणिक कक्षाओं के साथ योग, संस्कार, स्वच्छता, सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बच्चों को सरल और रुचिकर विधि से पढ़ाने के साथ संवाद कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने वाली गतिविधियां भी कराई जाती हैं। केंद्र का संचालन सुश्री आराधना धारवे द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। इससे ग्राम हीरापुर के बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि, अनुशासन और सकारात्मक सोच बढ़ी है तथा अभिभावकों में भी शिक्षा के प्रति जागरूकता आई है। यह पहल ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्व छात्र ने माता-पिता की स्मृति में विद्यालय को दिए 15 हजार रुपये
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
मंडला, 2 अगस्त 2026
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंडला के पूर्व छात्र एवं वन विकास निगम से सेवा-निवृत्त डिविजनल मैनेजर श्री नंदकुमार मरावी ने अपने माता-पिता स्व. श्री जतन लाल मरावी एवं स्व. श्रीमती श्यामाबाई मरावी की स्मृति में विद्यालय को 15 हजार रुपये की दान राशि प्रदान की है।
श्री मरावी वर्ष 1973 से 1975 तक इसी विद्यालय में कक्षा 9वीं से 11वीं तक विज्ञान संकाय के छात्र रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा ने उनके जीवन और करियर की मजबूत नींव रखी, जिसके कारण उन्हें सम्मानजनक पद पर कार्य करने का अवसर मिला। इसी कृतज्ञता भाव से प्रेरित होकर उन्होंने यह सहयोग राशि विद्यालय को समर्पित की।
दान राशि के ब्याज से प्रत्येक वर्ष विद्यालय में विज्ञान विषय एवं एनसीसी में सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षा और अनुशासन के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। विद्यालय परिवार ने श्री नंदकुमार मरावी के इस प्रेरणादायी योगदान की सराहना करते हुए इसे पूर्व छात्रों और समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई
13 हजार 700 रुपये की शराब जब्त
मंडला, 2 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली शैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर मंडला जिले में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मंडला वृत्त के ग्राम बड़ी खैरी में रानू गोटिया के कब्जे से 6 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। वहीं ग्राम घटिया में मोहन कार्तिकेय के कब्जे से 15 पाव देशी प्लेन मदिरा एवं 4 नग विदेशी मदिरा बरामद की गई। इसी ग्राम में रामलाल मरकाम के कब्जे से 12 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब तथा 5 डिब्बे महुआ लाहन जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया।
इसके अलावा रात्रि में राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मंडला शहर के मोहन टोला क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एनआर ढाबा से 8 नग विदेशी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार श्री राकेश कटारया, राजस्व विभाग का स्टाफ एवं आबकारी विभाग का अमला उपस्थित रहा। जब्त की गई मदिरा की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 हजार 700 रुपये बताई गई है।
