मंडला, 18 सितम्बर 2026
जनविश्वास अभियान के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला श्री शाश्वत सिंह मीना ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास मंडला, आंगनवाड़ी केंद्र सिंहवाहिनी वार्ड तथा जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।

सीईओ जिला पंचायत ने सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास मंडला पहुंचकर छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने रसोईघर एवं स्टोर का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के रख-रखाव और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। छात्रावास में उपस्थित 95 छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में भी चर्चा की। छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नियमित मेडिकल चेकअप कराने तथा छात्रावास में काउंसलर के नियमित विजिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद श्री मीना ने आँगनवाड़ी केंद्र सिंहवाहिनी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में दर्ज बच्चों के टीकाकरण की स्थिति एवं संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। साथ ही गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण संबंधी सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी पोषण ट्रैकर पर नियमित रूप से अपडेट रखी जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं और सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके।

आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने छोटे बच्चों से भी आत्मीयता से संवाद किया। इस दौरान एक नन्हे बच्चे ने उत्साह से कहा, “मैं बड़ा होकर पुलिस बनूंगा।” बच्चे की मासूम बात सुनकर श्री मीना सहित उपस्थित सभी लोग मुस्कुरा उठे। उन्होंने बच्चे का उत्साहवर्धन करते हुए उसे खूब मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। नन्हे बच्चे की यह बात आंगनवाड़ी में मौजूद सभी के चेहरों पर मुस्कान ले आई।

सीईओ जिला पंचायत ने जिला अस्पताल मंडला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा जनरल वार्ड का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निपटान की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर इलाज, दवाइयों और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य, पोषण तथा छात्रावास से जुड़ी सेवाओं में नियमित निगरानी रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम मण्डला श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसी ट्राईबल श्री अरूण शुक्ला, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

