मंडला। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यालय में अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के तहत जबलपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम तथा मंडला जिले में 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाले गौरव सप्ताह की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, पंडित सिंह धुर्वे,पूर्व जिलाध्यक्ष रोचीराम गुरवानी, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री संदीप कुमार कुलस्ते, अजजा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष आशाराम भारतीय, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री शशि पटेल, जिला महामंत्री नरेश चंद्रोल जिला मंत्री कौशल्या मरावी, मोर्चा जिला अध्यक्ष शिव पूषाम, भावना साहू, सुनीत चैरसिया, उत्कर्ष यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अजजा मोर्चा माखन धुर्वे, डाॅ विजय सर्वटे, अजजा मोर्चा जिला महामंत्री सुधीर मरावी, टेकचंद्र पंद्रो, अजजा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चिरंजीव कोकडिया सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश के महान क्रांतिकारी सपूत और जनजातीय समाज के गौरव हैं। उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह अवसर हमारी संस्कृति, परंपरा, वीरता और ऐतिहासिक विरासत को याद करने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और कर्तव्यभाव से करें। उन्होंने बताया कि जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम के तहत राजा शंकर शाह एवं राजा रघुनाथ शाह की ऐतिहासिक विरासत से जुड़े राजराजेश्वरी मंदिर में पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात लगभग दो किलोमीटर की पदयात्रा नृत्य और पारंपरिक उत्साह के साथ निकाली जाएगी। महाराजपुर के आंगन तिराहा में भी कार्यक्रम आयोजित होगा। मंत्री ने कहा कि इस आयोजन को भव्य स्वरूप देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंडला जिले की विशिष्ट पहचान पारंपरिक वेशभूषा और जनजातीय संस्कृति के माध्यम से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने निवास, बीजाडांडी, नारायणगंज, बिछिया, नैनपुर सहित जिले के सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा, राजा शंकर शाह और राजा रघुनाथ शाह जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी और समाज के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए युवाओं को अपने इतिहास से जोड़ना आवश्यक है। जबलपुर में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मंडला जिले से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता एवं समाज के लोग सहभागिता करें।

संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना
भाजपा सरकार में जनजातीय समाज को मिला सम्मान: पंकज सिंह तेकाम
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम
ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले और उसके बाद के कार्यकाल की तुलना करने पर जनजातीय समाज के उत्थान और सम्मान के लिए किए गए प्रयास स्पष्ट दिखाई देते हैं। आज जनजातीय समाज निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजा शंकर शाह और राजा रघुनाथ शाह जैसे महान बलिदानियों का इतिहास आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। भारतीय जनता पार्टी ने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को विशेष सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने 14 नवंबर को जबलपुर में आयोजित गौरव दिवस के कार्यक्रम में मंडला जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से बढ़ रही संगठन की मजबूती: प्रफुल्ल मिश्रा
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाता है, उसका निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में मंडला जिले की सहभागिता बढ़कर 93 प्रतिशत तक पहुंचना संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिले के प्रत्येक विकासखंड में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ इन आयोजनों को सफल बनाएं।

