Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

*पिंडरई में श्रीमद् भागवत महापुराण का भव्य आगाज: 1100 महिलाओं की कलश यात्रा के साथ उमड़ा जनसैलाब* *कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने सिर पर कलश रख की अगवानी, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया संत का स्वागत*

पत्रकार शिवम कटारे

पिंडरई (प्रतिनिधि)। ग्राम पंचायत पिंडरई में गुरुवार, 12 नवंबर से सर्व धर्म स्थायी प्रबंधन समिति एवं ग्राम पंचायत पिंडरई के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर नगर में एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी 1100 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर धर्म और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की और कथा की भव्य अगवानी की। वहीं, मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कथावाचक, राष्ट्रीय संत एवं गौ-पीठाधीश्वर पूज्य श्री विपिन बिहारी जी महाराज को पुष्पमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं वंदन किया। सांसद श्री कुलस्ते ने कथा के मुख्य यजमान श्री जितेंद्र सिंह राजपूत एवं आयोजन समिति को इस सफल और भव्य आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

 

कथा के मुख्य यजमान श्री जितेंद्र सिंह राजपूत ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ग्राम पंचायत पिंडरई के सकल जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि और जीवन कल्याण के संकल्प के साथ इस श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है।

कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पहले दिन राष्ट्रीय संत श्री विपिन बिहारी जी महाराज ने भागवत महापुराण के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Related posts

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लिए अपात्र हुए 86 आवेदक

Reva India News

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आज

Reva India News

कलेक्टर ने समस्त जिलेवासियों को दीपावली की दी शुभकामनाएँ

Reva India News

Leave a Comment