मंडला, 20 नवम्बर 2026
जिले में नरवाई एवं पराली जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 नवंबर को नैनपुर विकासखंड के ग्राम समनापुर, गोकुलथाना, सांगवा एवं अलीपुर में पराली जलाने वाले कृषकों के खेतों का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया तथा संबंधित कृषकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी नैनपुर को प्रकरण प्रस्तुत किए गए।

कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा अनुविभागीय कृषि अधिकारी नैनपुर एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में कृषि, राजस्व एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संयुक्त दल द्वारा मौके पर पहुंचकर खेतों में लगी आग को हरे पत्तों की सहायता से बुझाया गया। साथ ही उपस्थित कृषकों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी देते हुए नरवाई जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में समझाइश दी गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीओ अरविन्द कुमार वर्मा, सहायक कृषि यंत्री शोभित थांवरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पी.एस. वरकड़े, नायब तहसीलदार रामप्रकाश वरकड़े सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में अब तक 34 घटनाएं दर्ज
जिले में अब तक नरवाई जलाने की कुल 34 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से 25 मामलों में कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 19 हार्वेस्टर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन द्वारा कृषकों से अपील की गई है कि फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं तथा पर्यावरण एवं भूमि की उर्वरता संरक्षण के लिए पराली प्रबंधन के निर्धारित उपाय अपनाएं।

