मण्डला 20 अक्टूबर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज की गति को बढ़ाने के उद्देश्य से योजना भवन में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, राजस्व एवं वैक्सीनेशन के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि संपूर्ण जिले में 22 एवं 23 अक्टूबर को कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज के लिए जिला स्तरीय वैक्सीनेशन महाभियान आयोजित किया जाएगा। सभी एसडीएम, बीएमओ, सीईओ जनपद एवं वैक्सीनेशन के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में वैक्सीनेशन महाभियान के लिए सभी जरूरी तैयारियाँ पूरी करते हुए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि वैक्सीनेशन के सेकंड डोज के लिए आयोजित हो रहे महाभियान में शहरी क्षेत्र के लिए अपर कलेक्टर तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत सीईओ नोडल अधिकारी रहेंगे। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, सभी एसडीएम, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग, नोडल अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।
सेकंड डोज के पात्र हितग्राहियों की ड्यूलिस्ट तैयार करें
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 21 से 31 अक्टूबर तक जिले के सभी विकासखण्डों के सेकंड डोज वैक्सीनेशन के लिए पात्र हुए हितग्राहियों की ड्यूलिस्ट तैयार करें। इस सूची को स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, सीईओ जनपद, नोडल अधिकारी, मैदानी अमले, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों से साझा करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि द्वितीय डोज के लिए पात्र हुए हितग्राहियों को उनकी पात्रता एवं उनके नजदीकि वैक्सीनेशन सेंटर के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि 22 एवं 23 अक्टूबर को आयोजित हो रहे सेकंड डोज के जिला स्तरीय महाभियान में अधिक से अधिक व्यक्तियों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में सेकंड डोज के लिए मोबेलाईजेशन को बढ़ाने के निर्देश दिए।
जनजागरूकता एवं आमंत्रण के लिए करें नवाचार
श्रीमती सिंह ने बैठक में कहा कि जिले में प्रथम डोज के वैक्सीनेशन के दौरान सराहनीय जनजागरूकता एवं आमंत्रण के नवाचार किए गए थे। परिणामस्वरूप जिले में प्रथम डोज वैक्सीनेशन सफल रहा। इसी प्रकार अब द्वितीय डोज के लिए भी जनजागरूकता का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें। साथ ही पात्र व्यक्तियों को सेकंड डोज के लिए प्रेरित करने के लिए आमंत्रण एवं सूचना के संबंध में रोचक नवाचार करें। कलेक्टर ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में प्रमुख चौराहों पर वैक्सीनेशन जागरूकता के स्थाई अनाउंसमेंट की व्यवस्था करें। इसी प्रकार फ्लैक्स बैनर, लोकगीत, मुनादी आदि के माध्यम से भी जनजागरूकता प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि कलापथक दल के द्वारा लोकसंगीत एवं पीले चावल देकर भी वैक्सीनेशन के लिए आमंत्रित करें। उन्होंने एसी ट्राईबल एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि शिक्षकों के माध्यम से भी पंचायत स्तर पर कोविड वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक करें। साथ ही बच्चों से अपने अभिभावकों को भी सेकंड डोज वैक्सीनेशन अवश्य कराने का प्रार्थना पत्र लिखवाएं।
जनप्रतिनिधि, प्रभावी व्यक्तित्व, समाजसेवियों का सहयोग लें
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रसिद्ध व्यक्तित्व सहित गणमान्य लोगों का भी वैक्सीनेशन कार्य में सहयोग लें। इसी प्रकार गणमान्य व्यक्ति अपने क्षेत्र में सेकंड डोज वैक्सीनेशन का महत्व बताते हुए लोगों को जागरूक करने एवं टीकाकरण केन्द्र तक आकर वैक्सीनेशन कराने में सहयोग प्रदान करें। श्रीमती सिंह ने जनअभियान परिषद, एनजीओ एवं वॉलेंटियर्स को भी पुनः सक्रिय होकर सेकंड डोज वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाएं। वॉलेंटियर्स घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें एवं उन्हें टीकाकरण केन्द्र तक लाने में सहयोग करें।
कोविड वैक्सीनेशन के साथ नियमित टीकाकरण भी जारी रखें
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सप्ताह के सभी 6 दिन जिले में कोविड वैक्सीनेशन कार्य जारी रहेगा। इसी प्रकार मंगलवार एवं शुक्रवार को महिला एवं बच्चों के लिए आयोजित किए जाने वाले टीकाकरण कार्यक्रम लगातार संचालित होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में टीकाकरण सत्र प्लान करते हुए कोविड वैक्सीनेशन के साथ-साथ नियमित टीकाकरण कार्यक्रम भी निर्धारित दिनों पर जारी रखें। कलेक्टर ने कहा कि वैक्सीनेशन कराने के पश्चात् हितग्राहियों को टीके का सर्टिफिकेट प्रदान करने की व्यवस्था भी बनाएं। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्लान करते हुए टीके के डोज प्राप्त करने एवं उनका शतप्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सभी शासकीय कर्मचारियों का शतप्रतिशत सेकंड डोज सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयं तथा उनके अधीनस्थ अमले का सेकंड डोज शतप्रतिशत रूप से पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जिन्होंने कोवैक्सीन का प्रथम टीका लगाकर 28 दिन पूर्ण कर लिया है तथा कोविशील्ड के प्रथम डोज के पश्चात् 84 दिन पूर्ण कर लिए हैं वे सभी सेकंड डोज वैक्सीनेशन जरूर कराएं। श्रीमती सिंह ने अपर कलेक्टर, एसडीएम एवं सीईओ जिला पंचायत को अपने-अपने अधीनस्थ समस्त अमले का शतप्रतिशत सेकंड डोज वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी भी अपने अमले का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन पूर्ण करते हुए इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे।
सेकंड डोज महाभियान में टीका जरूर लगाएं
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि 22 एवं 23 अक्टूबर को सेकंड डोज वैक्सीनेशन के लिए आयोजित किए जा रहे जिलास्तरीय वैक्सीनेशन महाभियान में जाकर अपनी पात्रतानुसार द्वितीय डोज जरूर लगाएं। उन्होंने कहा है कि कोवैक्सीन का द्वितीय डोज 28 दिन बाद तथा कोविशील्ड का द्वितीय डोज 84 दिन के बाद लगाया जा सकता है। पात्र हितग्राही अपने नजदीकि टीकाकरण केन्द्रों में जाकर सेकंड डोज का वैक्सीनेशन जरूर कराएं। सभी को कोविड के दोनों टीके लगाना जरूरी है। दोनों टीके लगाकर ही कोविड से बचाव के सुरक्षा चक्र को पूर्ण किया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि स्वयं टीके के दोनो डोज लगाते हुए अपने आसपास के लोगों को भी दोनों डोज लगाने प्रेरित करें।
