मण्डला 21 मार्च 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाईन सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों को प्रतिदिन जिलाधिकारी निराकरण करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने जिले की रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि प्रतिदिन शाम 5 बजे निराकरण संबंधी समीक्षा करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। श्रीमती सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित शिकायत करने वाले शिकायतकर्ताओं को मंगलवार के दिन समक्ष में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनें तथा उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी शिकायतकर्ताओं से आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत रखते हुए निराकरण कराएं। कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को समक्ष में सुनने के लिए मंगलवार का दिन नियत् करने के निर्देश दिए हैं।
श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन की जारी रैकिंग की समीक्षा करते हुए बी केटेगरी एवं सी केटेगरी में आने वाले विभागों को कड़ा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य ए केटेगरी में आने वाले विभाग अपना निराकरण प्रतिशत और बेहतर करें। कलेक्टर ने राजस्व, वन, खाद्य विभागों की अधिक संख्या में पैंडेंसी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 100 दिवस से अधिक की शिकायतों को प्राथमिकता से निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने बैठक में समाधान कार्यक्रम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से जानकारी ली। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि बिछिया क्षेत्र के कोविड वैक्सीनेटर एवं वेरीफायर का भुगतान जल्द कराएं। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ पीएचसी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखेंगे तथा उपलब्ध अमला दवाई सहित अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी दें। उन्होंने जल-जीवन मिशन के तहत लम्बित प्रकरणों की समीक्षा की।
25 मार्च को पेंशन शिविर का आयोजन
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी डीडीओ को निर्देशित किया कि 25 मार्च को जिला पेंशन कार्यालय में पेंशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सभी डीडीओ अपने विभाग से संबंधित कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार पेंशन प्रकरण से संबंधित स्टॉफ को भी शिविर में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित करेंगे। श्रीमती सिंह ने सभी डीडीओ को निर्देशित किया कि अपने तथा स्टॉफ के समस्त शासकीय सेवकों का प्रोफाईल अपडेट अनिवार्यतः कराएं, अन्यथा मार्च माह की सेलेरी का आहरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 मार्च तक आवश्यक बिल एवं भुगतान संबंधी कार्यवाही पूर्ण करें।
श्रीमती सिंह ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि 48 घंटों के भीतर जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को सोनोग्राफी की व्यवस्था प्रारंभ करने के लिए प्रभावी समन्वय बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने कार्यालय में स्थानीय स्तर पर उत्पादित किए जाने वाले उत्पादों का इस्तेमाल करें। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि गोंडवाना काल के तालाबों का चिन्हांकन करते हुए उसके जीर्णोद्धार की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
खरीदी के लिए व्यवस्थाएं पुख्ता रखें
कलेक्टर ने रबी उपार्जन के अंतर्गत 21 मार्च से प्रारंभ हुई खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग इसके लिए तैयारी रखें। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों की मैपिंग, बारदानों की उपलब्धता, किसानों को एसएमएस भेजने तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने उठाव पर चर्चा करते हुए सभी होस्टल एवं संबंधितों को अपने उठाव की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। 21 मार्च से प्रारंभ हुए सरसों, चना और मसूर के उपार्जन के लिए जिले में 3 केन्द्र बनाए गए हैं।
आयुष्मान पंजीयन कार्य जारी रखें
श्रीमती सिंह ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर पात्र हितग्राहियों के लिए आयुष्मान पंजीयन का कार्य जारी रखें। उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद प्रतिदिन आयुष्मान पंजीयन से संबंधित जानकारी देना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने विगत माह में आयोजित किए गए बैगा पंचायत शिविरों में प्राप्त आवेदन एवं उनके निराकरण से संबंधित विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि बैगा शिविर से संबंधित आवेदनों का अनिवार्यतः निराकरण करें। कलेक्टर ने बताया कि प्राप्त आवेदनों में से लगभग 500 से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृत प्रकरणों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने आगामी 29 मार्च को रोजगार दिवस के आयोजन के संबंध में चर्चा करते हुए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरएलएम को स्वीकृति एवं लक्ष्य पूर्ति से संबंधित टारगेट पूरा करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित किया कि सामुदायिक वनाधिकार एवं हेबीटेट राईट से संबंधित प्रक्रिया को प्रारंभ करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ दें। उन्होंने ’वापस स्कूल चलें हम’ अभियान की समीक्षा करते हुए उपस्थिति से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं के बाद करियर मार्गदर्शन दें। इसी प्रकार बच्चों को महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालयों का भ्रमण कराना भी सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने वसूली से संबंधित विभागों से लक्ष्य पूर्ति के संबंध में जानकारी ली।
तम्बाकू नियंत्रण के लिए दिलाई गई शपथ
समय सीमा बैठक के अंत में तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित विभाग द्वारा पीपीटी के माध्यम से जिले में तम्बाकू नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान तम्बाकू नियंत्रण के लिए कानून द्वारा बनाई गई प्रशासनिक संरचना, समय-समय पर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम विभिन्न स्तरों पर आयोजित किए प्रशिक्षण एवं ब्लॉकवार कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित शपथ भी दिलाई। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. सिंह द्वारा तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित विभाग द्वारा बनाई गई पुस्तिका कलेक्टर को भेंट की गई।
