Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 24 जून 2022

कलेक्टर एवं एसपी ने देखी सामग्री वितरण, दल रवानगी, परिवहन व्यवस्था

मवई एवं बिछिया का हुआ दौरा

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण के अंतर्गत शामिल मवई एवं बिछिया जनपद का दौरा किया। कलेक्टर ने मवई जनपद के अंतर्गत शासकीय कन्या हायरसेकेंडरी स्कूल में पंचायत निर्वाचन संबंधी सामग्री वितरण, मतदान दलों की रवानगी तथा परिवहन व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दलों की रवानगी आवश्यक सामग्री के साथ सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बिछिया के कन्या शिक्षा परिसर में मतदान दलों के ठहरने, सामग्री वितरण एवं मतदान दलों की रवानगी के संबंध में संबंधित अधिकारियों से पूछा। उन्होंने कहा कि सभी मतदानकर्मी समय पर अपने मतदान केन्द्र पहुंचे। मतदान केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्था बनाएं।

कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी 25 जून को होने वाले प्रथम चरण के निर्वाचन के मतदान को समय पर प्रारंभ कराएं। उन्होंने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना वाहन एवं अलग-अलग स्तर पर लगने वाले वाहनों की भी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने मवई एवं बिछिया जनपद में कानून एवं व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन की सभी गतिविधियों पर नजर रखें एवं संबंधितों से सतत संपर्क में रहें – हर्षिका सिंह

कम्यूनिकेशन टीम की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने प्रथम चरण के निर्वाचन की आवश्यक जानकारी एवं सूचना प्रवाह के लिए गठित कम्यूनिकेशन प्लान टीम की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कम्यूनिकेशन टीम में नियुक्त सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की संपूर्ण गतिविधियों को शांतिपूर्ण रूप से समन्वय के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के निर्वाचन के अंतर्गत तीनों जनपदों के मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान, मतगणना एवं मतदान दलों की वापसी तक की समस्त गतिविधियों की जानकारी लें। उन्होंने कम्युनिकेशन टीम को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर, कंट्रोल रूम नंबर, एसडीएम, सीईओ जनपद, पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मतदान दलों के कर्मियों के नंबरों की सूची अपने पास रखें। बैठक में एडीएम मीना मसराम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, उपसंचालक कृषि मधुअली, एपीसी मुकेश पांडे, प्रीति गठरे, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कम्युनिकेशन टीम के लिए नियुक्त उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि मतदान कर्मियों से प्राप्त होने वाली किसी भी समस्याओं को तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र एवं किसी भी स्थान पर होने वाली कानून व्यवस्था से संबंधित समस्या को तत्काल कलेक्टर एवं एसपी के संज्ञान में लाएं। उन्होंने कम्युनिकेशन टीम से कहा कि कम्युनिकेशन प्लान के लिए बनाई गई अलग-अलग टीम अपने निर्धारित शिफ्ट में समय पर पहुंचे। सभी समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखें, अन्यथा निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि कम्युनिकेशन टीमें आपस में समन्वय रखते हुए काम करें तथा जरूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में अपने नोडल अधिकारियों को प्रदान करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक को निर्देशित किया कि कम्यूनिकेशन टीम के लिए लेपटॉप, डोंगल, इंटरनेट एवं अन्य तकनीकि व्यवस्थाएं पुख्ता रखें। उन्होंने कहा कि परिवहन संबंधी समस्या के समाधान के लिए जिला परिवहन कार्यालय से अधिकृत व्यक्ति को कम्यूनिकेशन टीम के साथ बैठाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्ट्रेट परिसर में मनाया गया बलिदान दिवस

 

मण्डला 24 जून 2022

            वीरांगना रानी दुर्गावती का 24 जून को बलिदान दिवस था। कलेक्ट्रेट परिसर में वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस मनाया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत एवं एडीएम मीना मसराम ने वीरांगना रानी दुर्गावती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।

 

 

 

 

 

 

 

प्रथम चरण के तहत बिछिया, मवई एवं नैनपुर जनपद में आज होगा मतदान

तैयारियाँ पूर्ण, मतदान समय प्रातः 7 से दोपहर 3 बजे तक

कुल 568 मतदान केन्द्रों में होगा मतदान

 

मण्डला 24 जून 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत प्रथम चरण में होने वाले निर्वाचन में जिले की तीन जनपद बिछिया, मवई और नैनपुर शामिल हैं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा तीनों जनपदों में मतदान, मतगणना, सारणीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने 23 जून को नैनपुर एवं 24 जून को मवई तथा बिछिया में दौरा कर त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा मतदान दलों के रूकने, सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था आदि के संबंध में निर्धारित स्थलों में व्यवस्था की गई है। महिला मतदानकर्मियों के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है। 25 जून को प्रथम चरण के अंतर्गत मवई जनपद के 16 जनपद पंचायत, 52 ग्राम पंचायत, 796 पंच पदों के लिए 154 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। मवई जनपद में 36412 पुरूष मतदाता, 38200 महिला मतदाता तथा 2 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 74614 मतदाता हैं। इसी प्रकार नैनपुर जनपद के अंतर्गत 23 जनपद पंचायत, 74 ग्राम पंचायत, 1105 पंच पदों के लिए 192 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। नैनपुर जनपद में 52398 पुरूष मतदाता, 51507 महिला मतदाताओं के साथ कुल 103905 मतदाता हैं। बिछिया जनपद के अंतर्गत 23 जनपद पंचायत, 71 ग्राम पंचायत, 1142 पंच पदों के लिए 222 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। बिछिया जनपद में 57183 पुरूष मतदाता, 57981 महिला मतदाता तथा 4 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 115168 मतदाता हैं।

 

प्रत्येक मतदाता डालें वोट, कलेक्टर ने की अपील

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के तारतम्य में जिले के मतदाताओं से अपील की है कि पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण में 25 जून 2022 को 3 विकासखंडों बिछिया, मवई एवं नैनपुर में निर्वाचन संपादित किया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि आगामी चुनाव में अपने घरों से बाहर निकलें एवं अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच में किया जाएगा। सभी मतदाता अपने नजदीकि मतदान केन्द्र में जाकर अपना वोट अवश्य डालें।

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित

 

मण्डला 24 जून 2022

            जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत मानसून सत्र 2022 में वर्षाकाल के दौरान बाढ़, अतिवृष्टि की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कार्यालय कलेक्टर के आदेशानुसार जिला स्तर पर ई-लायबेरी में स्थित जिला नियंत्रण कक्ष मण्डला में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित कर दोनों कन्ट्रोल रूम के लिये प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला हीरा लाल तिवारी को कंट्रोल रूम का प्रभारी अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक देवेन्द्र सिंगौर एवं राजस्व निरीक्षक वर्कलोड भू-अभिलेख मण्डला सीपत सिंह मर्सकोले को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है जिनका मो0नं0 8120128101 ई-मेल slrmandla41@gmail.com है। कंट्रोल रूम सुपरवाईजर आकाश मिश्रा डी.एन.सी.सी. सेन्टर का मो.नं. 9074360984, अधीक्षक कक्ष, कार्या., कलेक्टर मण्डला स्थित जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07642-251079, कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला हीरा लाल तिवारी, प्रभारी अधिकारी का मोबाईल नंबर 9826058991 ई-मेल sirmal@nic.in, कंट्रोल रूम सहायक प्रभारी अधिकारी रा.नि. भू-अभिलेख मण्डला देवेन्द्र सिंगौर का मो0नं0- 9424340912, ई-मेल dev.singour@gmail.com है।

जारी आदेश में कहा गया है कि उपरोक्त स्थापित कंट्रोल रूम सम्पूर्ण वर्षाकाल में 24 घंटे कार्यरत रहेगा। वर्षाकाल में आपदा प्रबंधन एवं अतिवृष्टि, बाढ़ इत्यादि से संबंधित जानकारियाँ व सूचनाएं आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में प्राप्त की जायेंगी। दोनों कंट्रोल रूम में आने वाली समस्त जानकारियों से प्रभारी अधिकारी पूर्णतः अवगत रहेंगे तथा बाढ़, वर्षा एवं क्षति से संबंधित प्रतिदिन अद्यतन जानकारी रखेगें तथा रजिस्टर संधारित करेंगे तथा यथास्थिति जानकारी उच्चाधिकारियों, राहत आयुक्त कार्यालय को भिजवाने के लिए जिम्मेवार होगें।

 

 

 

 

 

 

25 जून, 1 तथा 8 जुलाई को संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित

 

मण्डला 24 जून 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदान के तीनों चरणों में क्रमशः 25 जून 2022 (शनिवार), 1 जुलाई 2022 (शुक्रवार) तथा 8 जुलाई 2022 (शुक्रवार) को जिले के संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि उक्त दिनांक को केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिये परकाम्य लिखित अधिनियम (नेगोशिएबल इन्ट्रूमेंट एक्ट) 1881 (1881 क क्रमांक 26) की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। साथ ही कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा जिले में तीन चरणों में होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के मतदान के लिये क्रमशः प्रथम चरण 25 जून 2022 को विकासखण्ड- बिछिया, नैनपुर, मवई में एवं द्वितीय चरण 1 जुलाई 2022 को विकासखण्ड मोहगांव, घुघरी, मण्डला में तथा तृतीय चरण 8 जुलाई 2022 को विकासखण्ड नारायणगंज, बीजाडांडी निवास में चरणवार निर्वाचन के लिए निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत स्थापित दुकानों, फैक्ट्रियों, ऑफिसों आदि में नियोजित कर्मचारियों को क्रमशः प्रथम चरण मतदान 25 जून 2022 एवं द्वितीय चरण 1 जुलाई 2022 तथा तृतीय चरण 8 जुलाई 2022 का सार्वजनिक अवकाश स्वीकृत किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

जिले की वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 24 जून 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 24 जून के दौरान 90.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 212.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 121.8 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून को बिछिया में 3.2 मि.मी., घुघरी में 3.0 मि.मी. एवं नारायणगंज में 25.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 24 जून को 5.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पंचायत निर्वाचन में मीडिया को प्रवेश एवं कव्हरेज के लिए दिशा-निर्देश जारी

 

मण्डला 24 जून 2022

            राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान केन्द्र, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा के समय निर्धारित स्थलों में प्रवेश एवं कव्हरेज संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा मतदान केन्द्र के बाहर कतार में खड़े मतदाताओं के फोटो लिए जा सकते हैं, किन्तु उनके द्वारा मतदान केन्द्र के अंदर, मतांकन करते हुए किसी भी मतदाता का फोटो नहीं लिया जाना चाहिए। प्रवेश पासधारी मीडिया प्रतिनिधि मतदान कक्ष के निकट (जहाँ कि मतदाता, मतपत्र पर निशान लगाता है) न जाएँ।

इसी प्रकार मतगणना केन्द्रों, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए निर्धारित स्थलों पर आने-जाने की व्यवस्था, संबंधित पासधारी संवाददाता/मीडिया प्रतिनिधि को स्वयं ही करनी होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही पर 2 शिक्षक निलंबित

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर जनपद पंचायत बिछिया के 24 जून 2022 को प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार श्री उदल सिंह मरकाम, सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला हर्राटोला पखवार (मतदान दल क्रमांक 37) और धीरज सिंह धुर्वे सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला मोहगांव (मतदान दल क्रमांक 37) को निर्वाचन के अति महत्वपूर्ण दायित्वों का संपादन न करने, कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि में श्री उदल सिंह मरकाम, सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला हर्राटोला पखवार और धीरज सिंह धुर्वे सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला मोहगांव का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया नियत किया जाता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

3 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 24 जून 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 23 जून की शाम 3 बजे से 24 जून की शाम 3 बजे तक जिले में 3 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3 (ए) रिसॉर्ट बार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत प्रथम चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड बिछिया में अंजनिया विदेशी मदिरा दुकान, मवई में मवई विदेशी मदिरा दुकान तथा नैनपुर में पिंडरई देशी मदिरा दुकान, चिरईडोंगरी देशी मदिरा दुकान, मोचा विदेशी मदिरा दुकान, तुली टाईगर रिसॉर्ट, एफएल-3 (ए) लायसेंस एवं रोजवुड रिसॉर्ट, एफएल-3 (ए) लायसेंस को गुरूवार 23 जून 2022 की दोपहर 3 बजे से 25 जून 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार द्वितीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड घुघरी में घुघरी विदेशी मदिरा दुकान, मोहगांव में मोहगांव देशी मदिरा दुकान तथा चाबी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 29 जून 2022 के दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 के दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन ड्यूटी में नशे की हालत में उपस्थित होने पर 2 शिक्षक निलंबित

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर जनपद पंचायत बिछिया के 24 जून 2022 को प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार श्री उदल सिंह मरकाम, सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला हर्राटोला पखवार (मतदान दल क्रमांक 37) और धीरज सिंह धुर्वे सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला मोहगांव (मतदान दल क्रमांक 37) को निर्वाचन के अति महत्वपूर्ण कार्य के दौरान नशे की हालत में उपस्थित होने, सौंपे गए दायित्वों का संपादन न करने, कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि में श्री उदल सिंह मरकाम, सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला हर्राटोला पखवार और धीरज सिंह धुर्वे सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला मोहगांव का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया नियत किया जाता है।

 

 

 

 

 

 

ग्राम ग्वारा के वार्ड क्रमांक-7 के पंच पद के अभ्यर्थी की मृत्यु

 

मण्डला 24 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बताया कि जनपद पंचायत मण्डला की ग्राम पंचायत ग्वारा के वार्ड क्रमांक-7 से पंच पद के अभ्यर्थी में से अभ्यर्थी क्रमांक-3 श्री हरिकृष्ण जंघेला पिता रूपराम जंघेला की मृत्यु होने की पुष्ट सूचना, मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रति सहित इस कार्यालय को भेजी गई है। मृतक अभ्यर्थी जनपद पंचायत मण्डला की ग्राम पंचायत ग्वारा के वार्ड क्रमांक-7 से पंच पद का अभ्यर्थी था। उक्त वार्ड से मृतक अभ्यर्थी सहित कुल 3 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे थे। अतः म.प्र. पंचायत निर्वाचन नियम 46 के अनुसार उक्त वार्ड का मतदान रोके जाने की आवश्यकता नहीं है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने रिटर्निंग ऑफीसर (पंचायत) जनपद पंचायत मंडला को निर्देशित किया है कि उक्त वार्ड के मतपत्रों का मुद्रण कार्य पूर्ण हो गया है। अतः आप नोडल अधिकारी मतपत्र से तत्काल समन्वय कर म.प्र. पंचायत निर्वाचन नियम 46-क(1)(2)(3) में दिये गये उपबंधों का पालन करते हुए उक्त वार्ड के मतपत्र पुनः मुद्रित कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। मृतक अभ्यर्थी का नाम हटाने के कारण मतपत्र में हुए परिवर्तन की जानकारी तत्काल समस्त अभ्यर्थियों को लिखित में भेजकर उसका रिकार्ड रखना भी सुनिश्चित करें।

 

 

Related posts

आंगनवाड़ी केन्द्र कोंड्रा में बच्चों की हेयर कटिंग

Reva India News

निर्वाचन से संबंधित व्ययों के समाधान हेतु बैठक आज

Reva India News

5 जनवरी तक राज्य पेंशनर्स योजना से लाभान्वित पेंशनरों का पंजीयन व नवीनीकरण होगा

Reva India News

Leave a Comment