कलेक्टर ने बिछिया क्षेत्र का किया दौरा
पड़रिया आंगनवाड़ी केन्द्र में हुआ पोषण माह का शुभारंभ
मण्डला 1 सितम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कृषि, महिला बाल विकास विभाग, मत्स्य, ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारियों के साथ बिछिया क्षेत्र का दौरा किया। उन्होने पड़रिया आंगनवाड़ी केन्द्र में 1 से 30 सितम्बर तक मनाए जा रहे पोषण माह का शुभारंभ किया। श्रीमति सिंह ने इस दौरान उपस्थित महिलाओं और बच्चों से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से केन्द्र में दर्ज बच्चों में कुपोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने सेम तथा मेम कैटेगरी के बच्चों की जानकारी लेते हुए उन्हें पोषण आहार नियमित रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित माताओं को पौष्टिक आहार, गर्भावस्था के दौरान खान-पान एवं स्थानीय भोजन में उपस्थित तत्वों के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर ने केन्द्र में नियमित टीकाकरण तथा पोषण आहार वितरण जानकारी ली। उन्होने उपस्थित महिलाओं से महिला ज्ञानालय एवं साक्षरता कार्यक्रम की भी जानकारी ली। इस दौरान सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
माँझीपुर सामाजिक चेतना केन्द्र में हुई चर्चा
कलेक्टर ने बिछिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान माँझीपुर में संचालित सामाजिक चेतना केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सामाजिक केन्द्र में अक्षरज्ञान सीखने के लिए आने वाले व्यक्तियों से बात की तथा उन्हें नियमित रूप से सामाजिक केन्द्र आकर अक्षरज्ञान तथा गिनती सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अक्षरसाथियों से कहा कि क्षेत्र के शेष निरक्षर लोगों को चिन्हित करते हुए उन्हें साक्षर बनाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि पढ़ें, आगे बढ़ें और निरक्षरता के अंधकार से निकलें। उन्होंने कहा कि साक्षर बनने वाले सभी व्यक्ति अपने बैंक सहित अन्य कामों में भी अपना नाम लिखें।

बिछिया सीएम राईज स्कूल परिसर को सुव्यवस्थित बनाएं
औचक निरीक्षण में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 1 सितम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बिछिया क्षेत्र के दौरे के तहत बिछिया के सीएम राइज स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि सीएम राईज स्कूल के परिसर में आदर्श स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परिसर में पौधे लगाएं। कलेक्टर ने स्कूल शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों से विज्ञान के प्रोजेक्ट बनवाएं तथा कक्षाओं एवं परिसर में लगाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रारंभ होने के बाद पहला पीरियड विज्ञान या गणित का रखें। श्रीमती सिंह ने प्राचार्य से कक्षाओं में अध्ययन, किताब वितरण तथा बिल्डिंग मरम्मत के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एसडीएम बिछिया सुलेखा उईके, एसीईओ श्री मरावी, ईईआरईएस मनोज धुर्वे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

राम्हेपुर में जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण
कलेक्टर ने राम्हेपुर के निरीक्षण के दौरान स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में हुए जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जल-जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता से नाराजगी जाहिर की तथा सम्बंधित कॉन्ट्रेक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती सिंह ने राम्हेपुर आंगनवाड़ी केन्द्र एवं प्राथमिक शाला का भी औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने शिक्षकों से कक्षाओं में उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय सरपंच से चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ घर-घर जाकर अपनी पंचायत के सभी बच्चों को शतप्रतिशत स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों से चर्चा करें। कलेक्टर ने इस दौरान ग्रामीणों से भी बात की तथा उनसे पानी, बिजली तथा राशन की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने नल-जल योजना के हितग्राही के घर-घर जाकर जल की उपलब्धता एवं गुणवत्ता का परीक्षण भी किया।

तालाबों में मत्स्य बीज वितरण
बिछिया क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने चंगरिया और आसपास के क्षेत्र में बने पुष्कर धरोहर तालाबों में मत्स्य बीज का वितरण किया। उन्होंने इस दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को मत्स्य पालन से आय बढ़ाने के संबंध में जरूरी जानकारी भी दी। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित हितग्राहियों को मछली पालन संबंधी प्रक्रिया एवं जरूरी सुझाव भी दिए।

रतनपुर में प्राकृतिक खेती पर किसानों से हुई बात
गुरूवार को बिछिया अनुविभाग के दौरे के तहत कलेक्टर ने रतनपुर तथा बरखेड़ा ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने रतनपुर में प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान से बात की तथा उनके घर जाकर किसान द्वारा तैयार किए गए प्राकृतिक खाद को देखा। उन्होंने किसान से जैविक खेती, जैविक खाद निर्माण, बीज उपचार करने आदि के बारे में जानकारी लेते हुए उनके द्वारा की जा रही प्राकृतिक खेती की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसान संगठित होकर प्राकृतिक खेती करें तथा रतनपुर गाँव की पहचान प्राकृतिक खेती के लिए स्थापित करें। उन्होंने बरखेड़ा में प्राकृतिक खेती करते हुए एवं कोदो-कुटकी का उत्पादन करने वाले किसानों से मुलाकात की।

पोषण माह का हुआ शुभारंभ
जागरूकता रैली, शपथ एवं गतिविधियों का आयोजन
मण्डला 1 सितम्बर 2022
1 से 30 सितम्बर तक पोषण माह का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिला मुख्यालय सहित जिले की सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं परियोजनाओं में पोषण माह के आयोजन के लिए जागरूकता रैली, शपथ, कार्यशाला एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। रानी अवंती केन्द्र क्रमांक-1 में राष्ट्रीय पोषण माह जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली रानी अवंती केन्द्र क्रमांक-1 से मूल शाला-रैडक्रॉस चौराहा-स्टेडियम ग्राउंड-जनपद पंचायत-नेहरू पार्क-कलेक्ट्रेट-बैगा-बैगी चौक से होते हुए नेहरू स्मारक मे समाप्त हुई। पोषण माह के दौरान अनेक आंगनवाड़ी केन्द्रों में जनप्रतिनिधि भी उपस्थित हुए। पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर विभागीय अमले ने पोषण माह के दौरान होने वाले आयोजनों की जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह का मंडला आगमन 4 को
मण्डला 1 सितम्बर 2022
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 4 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 4 सितम्बर को दोपहर 1 बजे परासी जिला अनूपपुर से रवाना होकर सायं 5 बजे मंडला पहुंचेंगे तथा मंडला में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 5 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अतिवृष्टि से प्रभावित व्यक्तियों की सहायता एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 2 बजे मंडला से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 1 सितम्बर 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 2 सितम्बर 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 2 सितम्बर को प्रातः 10:30 बजे जबलपुर से मनेरी जिला मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 11:30 बजे मनेरी पहुंचकर हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण एवं एससी बालिका छात्रावास का शुभारंभ तथा केन्द्र, राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद करेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे निवास में नगर पंचायत भवन में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते सायं 4:15 बजे बम्हनी पहुंचकर ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन कार्यक्रम तथा ग्राम पंचायत कटंगसिवनी, मोहगांव, पाडरवानी की नल-जल योजना का भूमिपूजन भी करेंगे। इसके पश्चात सायं 6 बजे बम्हनी से जेवरा के लिए प्रस्थान कर रात्रि विश्राम करेंगे।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 3 सितम्बर को प्रातः 8:30 बजे जेवरा से चिरईडोंगरी के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 11 बजे चिरईडोंगरी पहुंचकर तहसील भवन का लोकार्पण एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। वे दोपहर 12:30 बजे चिरईडोंगरी से बम्हनी के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 1 बजे बम्हनी में उप तहसील भवन का लोकार्पण एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। तत्पश्चात श्री कुलस्ते दोपहर 3 बजे बिछिया पहुंचकर नगर पंचायत में सीसी रोड एवं ड्रेनेज लाईन का लोकार्पण व भूमिपूजन एवं स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे सायं 7 बजे बिछिया से मंडला के लिए प्रस्थान कर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 4 सितम्बर 2022 को दोपहर 11 बजे आंगन तिराहे से रेलवे रोड का भूमिपूजन एवं नेहरू स्मारक से बिंझिया मार्ग का चौंड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे रात्रि 8 बजे मंडला से कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे।

नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए आरक्षण संबंधी कार्यवाही आज
मण्डला 1 सितम्बर 2022
म.प्र. राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग द्वारा नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए ओबीसी वर्ग हेतु कुल 2 वार्ड आरक्षित किए जाने की अनुशंसा की गई है, जिसके अनुसार पिछड़ा वर्ग के आरक्षित वार्डों में संशोधन की कार्यवाही 2 सितम्बर को प्रातः 12 बजे से जिला योजना भवन मंडला में की जानी है। आरक्षण की कार्यवाही के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रियंका वर्मा एसडीएम नैनपुर को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। इस कार्यवाही के समय राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं आम नागरिक भी उपस्थित रह सकते हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 1 सितम्बर 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 1 सितम्बर के दौरान 1124 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 718.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 405.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 सितम्बर को नैनपुर में 6.2 मि.मी., निवास में 5 मि.मी., घुघरी में 14.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 12.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 1 सितम्बर को 6.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 1 सितम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पहाड़ीखेड़ा निवासी दीपक की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक लक्ष्मण को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

1 कोरोना मरीज स्वस्थ
मण्डला 1 सितम्बर 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 31 अगस्त की शाम 3 बजे से 1 सितम्बर 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज स्वस्थ हुआ है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीज को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

13 सितंबर को खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति की गोली
मण्डला 1 सितम्बर 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय क्रमि मुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। जिले के समस्त विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्रों की माध्यम से 1 से 19 वर्ष के बच्चों, किशोर-किशोरियों को अल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराया जायेगा। भारत शासन के निर्देशानुसार 13 सितंबर 2022 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं 16 सितंबर को मापक दिवस पर छोटे बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों को भी शामिल किया गया है जिसमें शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से किया जायेगा।
कृमि संक्रमण के लक्षण
गंभीर कृमि संक्रमण से कई लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं, दस्त लगना, पेट में दर्द, कमजोरी, उल्टी, भूख न लगना, हल्के संक्रमण वाले बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखते।
कृमि संक्रमण का संचालन चक्र
संक्रमित बच्चों के शौंच में कृमि के अंडे होते हैं, खुले में शौच करने से अंडे मिट्टी में मिल जाते हैं और विकसित होते हैं। नंगे पैर चलने से, हाथों की स्वच्छता, बिना ढका भोजन खाने से, संक्रमित बच्चों में कृमि के अंडे होते हैं जो बच्चों के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाते हैं।
कृमि के दुष्प्रभाव
शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधक, कुपोषण एनीमिया, प्रतिरोधक क्षमता में कमी होने से संक्रमण, स्कूल की उपस्थिति में कमी।
कृमि संक्रमण का नियंत्रण कैसे किया जाए
नाखून साफ रखें, हमेशा साफ पानी पिएं, भोजन को ढ़क्कर रखें, आसपास की सफाई, जूते-चप्पल पहनें, खुले में शौच ना जाएं, हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाएं, 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 2 से 3 साल के बच्चों को 1 गोली पीसकर पानी में सेवन कराएं, 3 से 19 साल के बच्चों को 1 गोली चबाकर खिलाएं, ध्यान दें दवाई उन बच्चों को नही दिया जाना चाहिये जो बीमार हैं या अन्य दवाई दे रहे हैं।

1 से प्रारंभ हुआ कीटनाशक छिड़काव
मण्डला 1 सितम्बर 2022
जिला मलेरिया अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 3 विकासखण्ड के मलेरिया प्रभावित हाई रिस्क 4 चयनित ग्रामों में प्रथम चक्र कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया जा चुका है। द्वितीय चक्र कीटनाशक छिड़काव 1 सितम्बर 2022 से प्रारंभ हो चुका है। विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम पाण्डीवारा में 1 सितम्बर से 4 सितम्बर 2022 तक, विकासखण्ड मोहगॉव के ग्राम कुम्हर्रा में 5 सितम्बर से 7 सितम्बर 2022 तक, ग्राम मलवाथर में 8 सितम्बर से 12 सितम्बर 2022 तक एवं विकासखण्ड नारायणगंज के ग्राम चरगाँव में 13 सितम्बर 2022 से 17 सितम्बर 2022 तक द्वितीय चक्र कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया जायेगा।
ग्रामवासियों से अपील की गई है कि अपने घरों के शतप्रतिशत कमरों में कीटनाशक छिड़काव कार्य कराएं एवं छिड़काव पश्चात् ढाई माह तक लिपाई-पुताई न करें। साथ ही मच्छरजन्य बीमारी जैसे- मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव हेतु घरों के आसपास तथा छत में रखे अनुपयोगी वस्तु जैसे- डब्बे, फूलदान, टायर, बर्तन इत्यादि में पानी जमा न होने दें एवं सोते समय मच्छरदानी का उपयोग कर वाहक जनित रोगों के नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत सम्मेलन आज
मण्डला 1 सितम्बर 2022
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मेलन 2 सितंबर 2022 को प्रातः 11 बजे से नगरपालिका परिषद मण्डला के टाउनहॉल में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में नए पंजीकृत हितग्राहियों को 10 हजार रूपये का कार्यशील पूँजी ऋण एवं 10 हजार रुपये ऋण अदा कर चुके हितग्राहियों को राशि 20 हजार कार्यशील पूंजी प्रदान किया जायेगा। साथ ही ऐसे हितग्राही जिन्होंने इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है उनके द्वारा अनुभव साझा किया जायेगा एवं ऐसे हितग्राही जिन्होंने कार्यशील पूंजी 50 हजार प्राप्त कर चुके हैं का सम्मान किया जायेगा। इस सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा हितग्राही सम्मिलित होकर शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में योजना प्रभारी एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहेंगे जिसमें हितग्राहियों को त्वरित लाभान्वित किया जायेगा। इसके लिए हितग्राही आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, समग्र आइडी, पासबुक, राशन कार्ड एवं आधार कार्ड से लिंक मोबाईल नंबर लेकर उपस्थित हो सकते हैं।

नगरीय निकाय आम निर्वाचन संबंधी बैठक आज
मण्डला 1 सितम्बर 2022
नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के लिए आयोग द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में दिए गए निर्देशानुसार 2 सितम्बर 2022 को दोपहर 3 बजे से नामनिर्देशन संबंधी प्रशिक्षण एवं सायं 5 बजे से समीक्षा बैठक जिला योजना भवन में आयोजित की गई है। बैठक में समस्त रिटर्निग ऑफिसर नगरीय निकाय, सहायक रिटर्निग ऑफिसर नगरीय निकाय एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरीय निकाय को जानकारी तैयार कर उपस्थित रहने निर्देशित किया गया है।

