Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 14 सितम्बर 2022

अधिकारी मैदानी भ्रमण के दौरान स्कूलों का करें औचक निरीक्षण

कमिश्नर ने वीसी में दिए निर्देश

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने सभी जिलों की नियमित समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने तय बिन्दुओं के आधार पर जिलेवार समीक्षा की। कमिश्नर ने संभाग आयुक्त कार्यालय से जिले के स्कूलों के निरीक्षण के लिए भेजी जा रही टीमों की रिपोर्ट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने मैदानी भ्रमण के दौरान स्कूलों का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में शिक्षकों तथा बच्चों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, अध्ययन स्तर, विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं के बारे में जायजा लें। संभाग आयुक्त ने जर्जर स्कूल भवनों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के जर्जर स्कूल भवनों की आंकड़ेवार जानकारी पर चर्चा करते हुए कहा कि जर्जर एवं जोखिम वाले भवनों में कक्षाएं न लगाएं। विद्यार्थियों के पढ़ने के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं संबंधित उपस्थित थे।

बैठक में कमिश्नर ने शौचालय विहीन शालाओं के चिन्हांकन के बारे में सभी कलेक्टर्स से जानकारी ली। उन्होंने स्कूलों में विद्युत कनेक्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। संभाग आयुक्त ने जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण अभियान की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले में जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण की विस्तृत जानकारी ली। कमिश्नर ने मंडला जिले में जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का सतत रूप से फॉलोअप भी किया जाए। बैठक में स्वामित्व योजना, टीकाकरण, अस्पतालों के अधोसंरचना एवं उपकरण, सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं की समीक्षा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

महिलाओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए धुआँरहित रसोई का उपयोग आवश्यक – हर्षिका सिंह

चटुआमार में आयोजित किया गया आरोग्य उपहार कार्यक्रम

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            महिला स्वास्थ्य की बेहतरी तथा धुआंरहित रसोई के उद्देश्य से कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में आयोजित ’आरोग्य उपहार कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए धुआँरहित रसोई का उपयोग आवश्यक है। लकड़ी एवं कंड्डे के उपयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। धुएँ के कारण उन्हें अनेक बीमारियाँ हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से केन्द्र सरकार द्वारा एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी गृहणियों को एलपीजी गैस सिलेंडर का ही उपयोग करना चाहिए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि रसोई में लकड़ी का उपयोग होने से वन कम होते जा रहे हैं जिससे पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने उपस्थित छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवारों में लकड़ी एवं कंड्डों का उपयोग रोकें तथा परिवारजनों को एलपीजी गैस के उपयोग के लिए प्रेरित करें। मंडला गैस कंपनी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के प्रारंभ में एचपी गैस के क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक महेशराम ने कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर लकड़ी एवं कंड्डे के स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव, एलपीजी गैस सिलेंडर के फायदे, एलपीजी गैस सिलेंडर के बुकिंग विकल्प, मोबाईल नंबर पंजीयन के तरीके एवं एलपीजी उपयोग के संबंध में सुरक्षा पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक टीना मुखर्जी ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण तथा कन्या परिसर की छात्राएं उपस्थित रहीं।

 

 

 

 

 

 

 

प्रेक्षक श्री तोमर का मोबाईल नंबर 6263098016

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा अरूण कुमार तोमर, आई.ए.एस (सेवानिवृत्त) मोबाइल नम्बर 6263098016 को मंडला जिले के लिए प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। 11 सितम्बर 2022 दिन रविवार को प्रेक्षक श्री तोमर का मंडला आगमन हो चुका है। श्री तोमर सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं। प्रेक्षक श्री तोमर द्वारा प्रथम चरण में 11 सितम्बर से 15 सितम्बर 2022 तक एवं द्वितीय चरण में 24 सितम्बर से 30 सितम्बर 2022 तक पर्यवेक्षण किया जाना निर्धारित है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रेक्षक ने किया एमसीएमसी एवं व्यय लेखा कक्ष का निरीक्षण

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मंडला जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री अरूण कुमार तोमर द्वारा प्रतिदिन नगरीय निकायों में निर्वाचन की गतिविधियों का निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को श्री तोमर ने मंडला नगरपालिका परिसर में बनाए गए मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कक्ष तथा व्यय लेखा कक्ष का औचक निरीक्षण किया। प्रेक्षक ने अपने निरीक्षण के दौरान ड्यूटीरत कर्मचारियों से एमसीएमसी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने व्ययलेखा कक्ष में भी आवश्यक प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंगलवार को नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा कार्य का निरीक्षण तथा मंडला नगरपालिका क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण भी किया। बुधवार को प्रेक्षक श्री तोमर बिछिया क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने बिछिया नगरीय निकाय के निर्वाचन के लिए बनाए गए स्ट्राँग रूम एवं मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।

 

 

 

 

 

 

 

20 तक शतप्रतिशत करें मतदाता पर्ची वितरण कार्य

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त नगरीय निकायों के रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदाताओं को वितरण किए जाने के लिए वेंडर द्वारा मतदाता पर्ची कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है। प्राप्त मतदाता पर्ची में रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर के हस्ताक्षर एवं सील लगाकर शतप्रतिशत मतदाताओं को वितरण बीएलओ के द्वारा 20 सितम्बर 2022 तक करें। वितरण के उपरांत शेष बची मतदाता पर्चियों की बीएलओ से एएसडी की सूची भी तैयार कराकर मतदान दल को दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पिण्डरई में धारा 144 में शिथिलता

14 से 17 सितम्बर 2022 तक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने 10.09.2022 के न्यायालयीन आदेश द्वारा ग्राम पंचायत पिण्डरई में सामुदायिक सदभावना, कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत एक ही स्थान पर 5 से अधिक व्यक्तियों को एक साथ एकत्र होना प्रतिबंधित किये जाने का आदेश पारित किया गया था। 12.09.2022 तथा 13.09.2022 कार्यालयीन आदेश द्वारा 13 सितम्बर 2022 की दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धारा 144 प्रतिबंधात्मक आदेश में शिथिलता दी गई।

अनुविभागीय अधिकारी (रा0) नैनपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पु०) नैनपुर द्वारा धारा 144 को 17 सितम्बर 2022 तक बढाए जाने की अनुशंसा की गई है। लोकहित का ध्यान रखते हए उक्त आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए 14 सितम्बर 2022 से 17 सितम्बर 2022 तक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धारा 144 प्रतिबंधात्मक आदेश में शिथिलता दी गई है। उपरोक्त दिनांक में निर्धारित समयावधि के पहले एवं पश्चात प्रतिबंधात्मक आदेश यथावत रहेगा।

 

 

 

 

 

मतदान के लिए कामगारों को 4 घंटे का अवकाश देने के निर्देश

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            श्रम पदाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 27 सितम्बर 2022 दिन मंगलवार को जहां पर मतदान हो रहा है उन नगरीय निकायों में स्थित उद्योगों, कारखानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं दुकान, स्थापनाओं में नियोजित संबंधित कर्मचारियों को मतदान के अवसर देने के लिये 4 घंटे देरी से आने अथवा 4 घंटे जल्दी जाने या बीच में 4 घंटे अनुपस्थित रहने की अनुमति दिए जाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उक्त उल्लेखित परिपत्र में दिये गये दिशा-निर्देशों तथा संलग्न कार्यक्रम के अनुसार 27 सितम्बर 2022 दिन मंगलवार को मतदान हेतु उक्तानुसार संबंधित नगरीय निकाय के निर्वाचन क्षेत्रो में आने वाले उद्योगों, कारखानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं दुकान, स्थापनाओं में कार्यरत कामगारों को मताधिकार का उपयोग करने की सुविधा देने की दृष्टि से कारखाना अधिनियम, 1948 तथा मध्यप्रदेश दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 के अंतर्गत समस्त अधिभोगीगण एवं प्रबंधकगण मतदान के दिन अपने ऐसे कामगारों जो कि संबंधित क्षेत्र के निर्वाचक हैं को चार घंटे देरी से आने अथवा चार घंटे जल्दी जाने या बीच में चार घंटे अनुपस्थित रहने की अनुमति प्रदान करेंगे, जिससे कि कामगार अपने मताधिकार का उपयोग सुविधाजनक एवं निर्वाद्ध रूप से कर सकें।

 

 

 

 

 

 

22 को थेलेसिनिया एवं सिकल सेल एनीमिया के संबंध में कार्यशाला

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के अन्तर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत फोर्टीफाईड चावल का वितरण किया जाना है। शासन के निर्देशानुसार थेलेसिनिया एवं सिकल सेल एनिमिया प्रभावित व्यक्तियों को फोर्टीफाईड चावल के उपयोग के संदर्भ में जागरूक किया जाना है। इस हेतु मण्डला जिले में एआईआईएमएस भोपाल एवं स्वास्थ विभाग के विशेषज्ञों द्वारा 22 सितम्बर 2022 को कार्यशाला आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला में अधीनस्थ अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, खण्ड कार्यक्रम प्रबंधक,  परियोजना अधिकारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, गुणवत्ता प्रबंधक के साथ 22 सितम्बर 2022 को योजना भवन में प्रातः 11 बजे से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

टीबी मरीजों की सहायता के लिए कम्युनिटी सहयोग

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत टीबी मरीजों को शासन की तरफ से निक्षय पोषण योजना अंतर्गत इलाज के दौरान प्रतिमाह 500 रूपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में प्रदान किया जाता है। प्रधानमंत्री के द्वारा भारत को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त किये जाने संबंधी संकल्प लिया गया है। महामहिम राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मु द्वारा 9 सितम्बर 2022 को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान योजना का शुभारंभ किया गया है। टीबी मरीजों के ईलाज के बेहतर आउटकम के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य व्यवस्था प्रदान करने एवं भारतवर्ष से 2025 तक टीबी मुक्त करने हेतु टीबी मरीजों को पोषण सहायता, व्यावसायिक सहायता, निदान, अतिरिक्त पोषण सहायता सप्लिमेंट हेतु जिले के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व, संभावित दाता, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, समस्त शासकीय अशासकीय कर्मचारीगण एवं आम जनता से अपील की गई है कि ज्यादा से ज्यादा टीबी मरीजों को अतिरिक्त सहायता प्रदान करने हेतु उनका निक्षय मित्र बनकर टीबी मुक्त भारत की संकल्पना को पूर्ण करने में सहयोग प्रदान करें। ’निक्षय मित्र बनने हेतु जिला क्षय केन्द्र, जिला चिकित्सालय मण्डला में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 14 सितम्बर के दौरान 1303.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 819.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 484.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 सितम्बर को मंडला में 50.6 मि.मी., नैनपुर में 51.5 मि.मी., बिछिया में 45.1 मि.मी., निवास में 42 मि.मी. तथा घुघरी में 18.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 20.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 14 सितम्बर को 38 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

आज से धान उपार्जन के लिए किसान पंजीयन प्रारंभ

 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            जिला आपूर्ति अधिकारी ने प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 15 सितम्बर 2022 से 15 अक्टूबर 2022 तक किसान के पंजीयन किया जाना है। जिले के अंतर्गत एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे को सूचित किया गया है कि उपार्जन की वेबसाईट http://mpeuparjan.nic.in/MPeuparjan/home.aspx पोर्टल पर जाकर किसान पंजीयन करने हेतु प्रबंधक एवं ऑपरेटर की जानकारी निर्धारित प्रारूप कियोस्क का सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य होगा तथा 11 सितम्बर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

 

 

Related posts

मवई को हेंडलूम क्लस्टर के रूप में विकसित करें – हर्षिका सिंह

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 11 मार्च 2023

Reva India News

साइबर सुरक्षा जागरूकता माह’ के अंतर्गत शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

Leave a Comment