Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिलाविधानसभा 2023

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 30 अक्टूबर 2023

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

सामान्य तथा पुलिस प्रेक्षक ने किया ईवीएम वेयर हाऊस का निरीक्षण

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जनरल ऑब्जर्वर शाह नवाज चौधरी एवं ओइनम सरनकुमार सिंह तथा पुलिस प्रेक्षक किशन सहाय मीणा एवं रूपेश कुमार मीणा ने शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्राँग रूम का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन संबंधी अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्ट्राँग रूम के निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों द्वारा सीसीटीव्ही, वीडियोग्राफी, प्रकाश व्यवस्था, स्ट्राँग रूम तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ईव्हीएम कमिशनिंग, पार्किंग, सामग्री वितरण एवं सामग्री वापसी आदि के संबंध में की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

सामग्री वितरण में सहयोगात्मक रूख अख्तियार करें नियुक्त कर्मचारी – डॉ. सिडाना

मतदान सामग्री वितरण वापसी के लिए नियुक्त कर्मचारियों का प्रशिक्षण संपन्न

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                 विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के तहत मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी के लिए नियुक्त कर्मचारियों का प्रशिक्षण रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का सजगता से निर्वाह करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामग्री वितरण एवं मतदान के बाद सामग्री की वापसी को निर्वाचन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, गलती या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सामग्री वितरण एवं वापसी कार्य में लगाए गए कर्मचारी मतदान दलों के साथ सहयोगात्मक रूख अख्तियार करें। उन्‍होंने बताया कि मतदान सामग्री वितरण के लिए विधानसभा क्षेत्र 105 बिछिया हेतु 17, 106 निवास हेतु 16 तथा 107 मंडला के लिए 14 काउंटर लगाए जाएंगे। इसी प्रकार की व्यवस्था मतदान दलों के वापस लौटने पर सामग्री जमा करने के लिए भी रखी जाएगी। मतदान सामग्री वितरण में नियुक्त अधिकारी, कर्मचारी 2 दिन पूर्व पॉलीटेक्निक कॉलेज में उपस्थित होकर निर्धारित दायित्व का पालन करेंगे। अगले दिन 16 नवंबर को प्रातः 5:30 बजे से मतदान सामग्री का वितरण प्रारंभ किया जाएगा। समस्त को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान सामग्री वितरण के लिए दिए जा रहे निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करें जिससे मतदान दलों को बूथ में पहुंचने के बाद निर्वाचन कार्य को निर्बाध रूप से संपन्न कराने में कोई दिक्कत न हो। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

माह के प्रथम दिवस कर्मचारियों का वेतन जारी करें – कलेक्टर

समय-सीमा की बैठक संपन्न

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक जिला योजना भवन में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी आहरण संवितरण अधिकारी अपने अधीनस्थ सभी प्रकार के कर्मचारियों का वेतन माह के प्रथम कार्यदिवस में जारी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी भी कर्मचारी का वेतन लंबित न रखें। उन्‍होंने इस संबंध में 6 नवंबर तक सभी अधिकारियों को इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रगतिरत निर्माण कार्यों को उचित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी निर्वाचन से संबंधित कार्यों को गंभीरता से संपादित करें। निर्वाचन से संबंधित आदेशों को समय में तामील कराना कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी है। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

सी-विजिल कंट्रोल रूम को परिणामदायी बनाएं – डॉ. सिडाना

नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत नियुक्त नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि नियुक्त नोडल अधिकारी आवंटित कार्यों का पूरी गंभीरता से साथ निर्वहन करें। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई भी अधिकारी, कर्मचारी सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त किए बगैर अवकाश पर न जाएं और ना ही मुख्यालय छोड़ें।

कलेक्टर ने कहा कि जिला कंपलेंट सेल एवं सी-विजिल कंट्रोल रूम को परिणामदायी बनाएं। उसमें प्राप्त होने वाले शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जो भी कार्य शेष हैं उन्हें जल्द पूर्ण कराएं। मतदान केन्द्रों में लाईट की बेहतर व्यवस्था रखें। जिन स्थानों में पानी की दिक्कत है, वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। सामग्री वितरण एवं वापसी की सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करें। प्रत्येक मतदान दल के साथ सामग्री में फस्टेड बॉक्स अनिवार्य रूप से रखें। कम्यूनिकेशन प्लान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारियों के नंबरों की जांच करें, किसी भी अधिकारी, कर्मचारी का फोन बंद नहीं रहना चाहिए।

स्वीप गतिविधियों में सभी अधिकारी, कर्मचारी सहभागिता करें। एफएसटी, एसएसटी के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संवेदनशीलता के साथ जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने वेलफेयर मैनेजमेंट, परिवहन व्यवस्था, स्ट्राँग रूम, पोस्टल बेलेट, प्रशिक्षण, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मीडिया मॉनिटरिंग आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

पुलिस प्रेक्षक श्री रूपेश कुमार मीणा मंडला पहुँचे

               

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत् मंडला एवं निवास विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त पुलिस प्रेक्षक श्री रूपेश कुमार मीणा सोमवार की सुबह मंडला पहुँचे। सर्किटहाउस में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रेक्षक श्री मीणा सर्किटहाउस में रूके हुए हैं, जिनका फोन नंबर 7587644160 है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

मतदाताओं को जागरूक करने निकाली गई कलश यात्रा

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले के दूरस्थ अंचल निवास विकासखंड में सोमवार को महिला मतदाताओं को बूथ तक लाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास परियोजना निवास के अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा के दौरान उपस्थित महिलाओं द्वारा नैतिक मतदान के लिए नारे भी लगाए गए। आयोजन की इसी कड़ी में निवास परियोजना के आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों द्वारा मैदान में महिला मानव श्रंखला बनाकर आगामी 17 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रो में पहुंचकर निष्पक्ष मतदान का आव्हान किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

583 लीटर शराब जब्त

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                जिला मंडला में विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिला कम्प्लेंट सेल एवं सी- विजिल कन्ट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक सी-विजिल ऐप के माध्यम से 37 प्रकरण आदर्श आचरण संहिता उल्लंघन से संबधित पाये गये जिन पर एफएसटी टीम द्वारा कार्यवाही की जाकर सभी प्रकरणों को निराकृत किया गया है। निर्वाचन से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मेंनेजमेंट सिस्टम द्वारा आबकारी विभाग एवं एसएसटी टीम के माध्यम से आज 583 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग इन्कयानवे हजार दौ सौ चालीस रूपये है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 153 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारो तरफ चेक पोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण, निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

 

 

 

 

अंतिम दिवस 19 अभ्यर्थियों ने भरे नामांकन पत्र

 

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत नाम-निर्देशन पत्र जमा करने के अंतिम दिवस 30 अक्टूबर को 19 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। इस संबंध में निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर 2023 को बिछिया विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विजय आनंद मरावी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के नारायण तथा निर्दलीय सुनील एवं विनीत टोप्पो ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए। निवास विधानसभा क्षेत्र से इंडियन नेशनल कांग्रेस से चैनसिंह वरकड़े, क्रांति जनशक्ति पार्टी से मनमोहन सिंह, सपाक्स से जेनीफर मेरी तथा निर्दलीय भूपेन्द्र वरकड़े ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया है। इसी प्रकार मंडला विधानसभा से इंडियन नेशनल कांग्रेस से अशोक मर्सकोले, सपाक्स पार्टी से कमलेश उईके, अखिल भारतीय गोंड़वाना पार्टी से सुरेन्द्र, गण सुरक्षा पार्टी से कलिया बाई कोकड़िया, बहुजन मुक्ति पार्टी से मानसिंह, भारतीय जनता पार्टी से संपतिया उईके, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी से राजाराम एवं बहुजन समाज पार्टी से इन्दर तथा निर्दलीय सुन्हेर, दीनदयाल कुमरे एवं शिवराज शाह ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए।

 

 

 

 

 

 

धौरगांव में जुआ खेलते 7 धराये

 

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                विधानसभा चुनाव के मद्देनजर थाना पुलिस द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी गस्त कर अपराध की सूचना पर कार्यवाहियों को अंजाम दे रही हैं। दिनांक 29 अक्टूबर की रात थाना बम्हनी बंजर पुलिस को थानाक्षेत्र अंतर्गत ठरका टिकरवारा भ्रमण के दौरान सूचना मिली की ग्राम धौरगांव में आटा चक्की के पास कुछ लोग ताश के पत्तों का दाव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहें हैं। पुलिस टीम द्वारा सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराकर पुलिस टीम द्वारा उप निरीक्षक जयंत पिछौड़े के नेतृत्व में टीम द्वारा बताये स्थान पर घेराबंदी कर दबीश देकर 07 आरोपियों (सभी 07 आरोपी ग्राम धौरगांव के निवासी हैं) को पकड़ा गया। उक्त फड़ से अलग अलग व्यक्तियों के कब्जे से कुल 6630 रूपये नगद एवं 52 ताश के पत्ते जब्त कर आरोपियों का कृत्य धारा 13 जुआ एक्ट का अपराध घटित करना पाये जाने से सभी 07 आरोपियों के विरूद्ध थाना बम्हनी बंजर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

आम के बगीचे में जुआं खेलते 6 पकड़ाए

 

मंडला 30 अक्टूबर 2023

                घटना का विवरण पुलिस चौकी हृदयनगर थाना महाराजपुर अंतर्गत दिनांक 27 अक्टूबर 2023 को पुलिस चौकी हृदयनगर थाना महाराजपुर के स्टाफ क्षेत्र में द्वारा मतदान केंद्रों की चेकिंग, हाईवे पेट्रोलिंग एवं देहात भ्रमण के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम अमगवा में कुछ लोग आम के बगीचे में हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस बल के द्वारा ग्राम अमगवा में जाकर देखा तो कुछ लोग जुआ खेल रहे थे जिन्हें घेराबंदी करके पकड़ा गया जो 6 आरोपी, सभी 6 निवासी ग्राम अमगवा के कब्जे से 3725 रुपए एवं ताश के 52 पत्ते तथा जुए में प्रयुक्त सामग्री को मौके पर जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध थाना महाराजपुर में अपराध धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

 

Related posts

प्रोजेक्ट नई उड़ान’’ के तहत् 18 ग्रामों में पहुंची चलित प्रयोगशाला

Reva India News

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में मेगा एसएचजी क्रेडिट कैंप का आयोजन जिले के 257 महिला स्व-सहायता समूहों को 8.87 करोड़ रुपये का ऋण वितरित

Reva India News

11 जनवरी को कृषि वर्ष 2026 का शुभारंभ जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मण्डी मंडला में आयोजित होगा

Reva India News

Leave a Comment