मंडला, 15 अक्टूबर 2026
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. के निर्देशानुसार छूटे हुए एवं प्रथम बार पात्र हो रहे युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के संबंध में आज कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सोनल सिडाम सहित सभी दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि माह अक्टूबर 2026 (31 अक्टूबर तक) में एसआईआर की एएसडीआर सूची का सत्यापन एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत दिनांक 07, 08 एवं 09 अक्टूबर को मतदान केन्द्रों पर विशेष कैंप लगाकर फॉर्म-6 भरवाने की कार्यवाही की गई है और यह कार्य अभी भी जारी है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एसआईआर-2026 के दौरान फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य था, जबकि सतत अद्यतन में केवल पात्रता के अभिलेखों के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। इस अभियान में 01 अक्टूबर 2026 की स्थिति में पात्र हुए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं, साथ ही 01 जनवरी 2027 को पात्र होने वाले मतदाता भी अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं। बीएलओ द्वारा एसआईआर की एएसडीआर सूची का सत्यापन कार्य 25 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई मतदाता जो पूर्व में स्थानांतरित, अनुपस्थित था और अब उपलब्ध है, या किसी पात्र व्यक्ति का नाम कट गया है, तो उसका फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि जिले के 1051 मतदान केन्द्रों के लिए भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा 945 केन्द्रों पर, बसपा द्वारा 22 केन्द्रों पर बीएलए नियुक्त किए गए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी द्वारा कोई बीएलए नियुक्त नहीं किया गया है। सभी दलों से प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलए नियुक्त करने एवं सत्यापन कार्य में सहयोग की अपील की गई। बैठक में भाजपा से श्री विनय मिश्रा, श्री रोचीराम गुरवानी, कांग्रेस से श्री विवेक दुबे, बसपा से श्री आर.के. चौधरी, श्री रामकुमार हरदहा एवं आम आदमी पार्टी से श्री शिशु सिंधु भलावी, श्री पंकज सोनी उपस्थित रहे।

