निवासस. निवास अंचल की सुप्रसिद्ध व बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय मड़ई का शनिवार को जोरदार आगाज हुआ. जहां आसपास के सैकड़ों ग्रामों से हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं अहीरों की दर्जनों टोलियों ने चंडी में शिरकत की. मड़ई में चंडी ब्याहने के लिये ग्रामीणों में इस मड़ई का महत्व तो है ही लेकिन यह मड़ई हमेशा से ही व्यापारियों के लिये भी महत्वपूर्ण रही है जहां लाखों का आय व्यय होता है. इस वर्ष कोरोना के कारण मड़ई के भरने पर कुछ संशय था जिसके कारण यहां पहुंचने वालों की संख्या प्रभावित होने की संभावना थी लेकिन इससे इतर मड़ई पहले ही दिन से अपने पूरे शबाब में रही और लोगों की भीड़ इतनी की पूरा मैदान और सड़क की जगह कम पड़ रही थी. लोग सुबह चंडी पूजन के साथ ही चंडी ब्याहने पहुंचने लगे. इससे पूर्व परंपरानुसार पिपरिया निवासियों के घरों में मेहमानों का आना तो कुछ दिनों पूर्व से ही शुरु हो गया था.
अहीरों के नृत्य और वेषभूषा ने बांधा समा
मड़ई का आकर्षण अहीरी नृत्य रहा जिसमें अहीरों की टोलियों ने मांदर और बैंड की थाप में पूरी मड़ई में जमकर नृत्यकिया रंगबिरंगी वेशभूषा उनके नृत्य को और भी आकर्षित बना रही थी जहां सिर पर विशेष पगडी़, धोती जूते और ऊपर से कोड़ियों और ऊन से बना बाना अहीरों की सुंदरता बड़ा रहा है. साथ ही घर घर व दुकान दुकान जाकर आशीष के साथ साथ मड़ई की बधाई दिये.
झूला, सर्कस संचालकों में छाई मायूसी
पिपरिया मड़ई में हजारों की संख्या में ग्रामीणों का आना होता है जिसके कारण झूला और सर्कस संचालकों को अच्छी खासी आमदनी होती है लेकिन कोरोना वायरस के कारण झूलों व सर्कस में प्रतिबंध लगा हुआ है जिससे इन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है जिससे न केवल संचालकों में मायूसी दिखी बल्कि झूलों के शौकीन महिलाओं और बच्चों में भी इनके न होने से मायूसी नजर आई.
चाट फुल्की की दुकानों में लगी भीड़
चाट फुल्की की दुकानों जमकर भीड़ मची हुई थी जहां बूढ़े जवान व बच्चे सभी चाट फुल्कियों का आनंद लेते नजर आये.
खूब बिके कंबल, जलेबी, बर्तन खिलौने
पिपरिया मड़ई कंबलों के लिये भी जानी जाती है यहां अन्य राज्यों के व्यापारी कंबल का व्यापार करने तो आते ही है साथ ही अन्य जिलों के लोग भी विशेषरूप से कंबल खरीदने इस मड़ई में पहुंचते हैं. इस वर्ष ठंड जमकर पड़ी इसलिये मड़ई में कंबलों की जोरदार बिक्री हुई. मड़ई की मिठाई कही जाने वाले क्षेत्रीय मिठाई जलेबी ग्रामीणों महत्वपूर्ण स्थान रखती है और मड़ई पहुंचने वाला हर व्यक्ति जलेबी खरीदता ही है. बर्तनों की दुकानों में भी जमकर भीड़ दिखी ग्रामीणों ने बर्तन की भी जमकर खरीदी की साथ ही बच्चों के लिये खिलौने भी खरीदे.
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
चूंकी मड़ई में हजारों की संख्या में ग्रामीणजन पहुंचते हैं जिसमें यातायात व शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस प्रशासन दो दिन पूर्व से ही मुस्तैद रहा और आज पुलिस थाना प्रभारी सत्तूराम मरावी, एसआई विनय सिंह, ए एस आई अरविंद पटैल सहित पूरी टीम शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये डटी रही कि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो.
