जिला अस्पताल ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए आत्मनिर्भर – श्री फग्गन सिंह कुलस्ते
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने किया ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण
मण्डला 17 सितम्बर 2021
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिवस के अवसर पर ऑक्सीजन प्लांट के लोकार्पण कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होने से जिला अस्पताल अब ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए पूरी तरह आत्मनिर्भर हो गया है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन आपूर्ति की किसी भी विकट परिस्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन तैयार है। कोरोना संक्रमण जैसी विषम परिस्थितियों में यह प्लांट वरदान साबित होगा। जिला चिकित्सालय में संपन्न हुए कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं प्रफुल्ल मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, अपर कलेक्टर मीना मसराम, वेदप्रकाश कुलस्ते, अनुराग चौरसिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्री कुलस्ते ने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन आपूर्ति की समस्या सामने आई थी, जिससे निपटने के लिए सरकार द्वारा ऑक्सीजन प्लांटों का निर्माण करवाया जा रहा है। इस ऑक्सीजन प्लांट से जिला अस्पताल में भर्ती हर मरीज के बिस्तर तक ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया है। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन तथा अस्पतालों में बिस्तरों की कमी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए पृथक से बिस्तरों की व्यवस्था की है वहीं ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से ऑक्सीजन की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित किया है। जनहित के कार्यों के लिए पैसों की कमी नहीं आएगी। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता सभी ने देखी है। दूसरी लहर के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ा गई थी जिसे गंभीरता से लेते हुए सरकार ने कोविड के लिए पृथक से अस्पतालों की व्यवस्था की है इसी प्रकार जिला स्तर पर ऑक्सीजन प्लांट लगाकर ऑक्सीजन की कमी दूर की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का यह विस्तार लाभकारी साबित होगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह द्वारा ऑक्सीजन प्लांट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन के दो प्लांट स्थापित किये गए हैं जो कि डीआरडीओ और भारत पेट्रोलिम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से पीएम केयर योजना अंतर्गत प्राप्त हुए हैं। दोनों प्लान्ट की क्षमता क्रमशः 1000 एवम 1100 लीटर प्रति मिनिट है। उन्होंने बताया कि नैनपुर में 500 लीटर प्रति मिनिट क्षमता का प्लांट स्थापित किया गया है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने फीता काटकर ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया। आभार प्रदर्शन सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य ने किया।
स्वच्छता का अलख जगाने रथ रवाना
राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने दिखाई हरी झंडी
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता रथ को राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वच्छताग्राही तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने स्वच्छता के महत्व का विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश को स्वच्छ बनाने के लिए हर गांव, हर टोले-मोहल्ले को स्वच्छ बनाना आवश्यक है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार दुबे ने अमृत महोत्सव के तहत् आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता रथ संचालन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह अभियान के बारे में प्रसार करना एवं कचरे का व्यवस्थित निपटान के संबंध में लोगों को जागरूक करना है। अभियान के तहत् ग्रामीणों को अपना घर, मोहल्ला स्वच्छ रखने का संदेश दिया जाएगा तथा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से जनसामान्य को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छताग्राहियों को टी-शर्ट का वितरण किया गया।
ईको सेंटर बिछिया में पौधरोपण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71 वे जन्म दिवस तथा आजादी के 75वे साल में मनाये जा रहे अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में पूर्व (सा.) वनमण्डल मण्डला द्वारा ईको सेन्टर बिछिया में पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक मण्डला डॉ. शिवराज शाह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष विजेन्द्र कोकड़िया बिछिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा रूद्राक्ष एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में वनमण्डलाधिकारी कमल अरोरा (भा.व.से.) एवं जी.एस.धुर्वे उप वनमण्डलाधिकारी बिछिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
केन्द्रीय इस्पात, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 18 सितम्बर को प्रातः 9 बजे रामनगर में जन-जागरण यात्रा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 10 बजे अमर शहीद महाराजा शंकरशाह रघुनाथशाह जन्मस्थली मंडला के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा 10:30 बजे जबलपुर के लिए रवाना होंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री दोपहर 3 बजे जबलपुर से डिठौरी विकासखण्ड नैनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 5:30 बजे डिठौरी पहुंचकर अमर शहीद महाराजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। श्री कुलस्ते सायं 7 बजे डिठौरी से पिपरिया के लिए प्रस्थान करेंगे।
कृषि विज्ञान केन्द्र में पोषण वाटिका एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न
कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा की उपस्थिति में पोषण वाटिका महाअभियान एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र दामोदर मोदी जी के 71वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा 71 विद्यालयीन छात्राओं का भ्रमण करवाया गया।
इस संबंध में केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. विशाल मेश्राम ने बताया कि इस कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ठ विद्यालय मण्डला की कृषि संकाय की छात्राएं एवं शासकीय विद्यालय गाजीपुर की छात्राओं ने भाग लिया इन सभी छात्राओं को पोषण से भरपूर मुनगा (सहजन) के पौधों एवं वृक्षारोपण हेतू शून्य बजट आधारित बीज बम (सीड बॉल) का वितरण किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों के द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी कृषक महिलाओं एवं विद्यालयीन छात्राओं का स्वागत एवं मार्गदर्शन प्रदर्शन किया गया। केन्द्र के परिसर में राज्यसभा सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा फलदार पौधे कटहल एवं पर्यावरण उपयोगी औषधीय नीम का वृक्षारोपण किया गया।
वाहन स्टेण्ड हेतु सीलबंद निविदा आमंत्रित
जिला कार्यालय के वाहन स्टेण्ड को ठेके पर लेने के लिए इच्छुक व्यक्तियों से सीलबंद निविदाएं आमंत्रित की गई है। निविदा की शर्तेः वार्षिक शासकीय ठेके की राशि इक्तालिस हजार रूपये मात्र) नियत है। निविदाएं 29 सितम्बर को दोपहर 2 बजे तक नाजिर शाखा कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत की जा सकती है। प्राप्त निविदाएं 29 सितम्बर को सायं 3 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में खोली जायेंगी। निविदाकार को निविदा के साथ अमानत राशि के रूप में रूपये 1000 जमा करना होगा। शासकीय ठेके की नियत राशि से कम राशि का ऑफर स्वीकार नहीं किया जायेगा। ठेका, दिनांक से एक वर्ष की अवधि के लिये दिया जायेगा। ठेका स्वीकृत होने पर एक वर्ष की राशि एडवांस एक मुश्त जमा करनी होगी। निविदा के संबंध में विस्तृत जानकारी कलेक्ट्रेट की नाजिर शाखा से प्राप्त की जा सकती है।
आबकारी द्वारा 4 अड्डों पर छापामार कार्यवाही, 1250 कि.ग्रा. महुआ लाहर बरामद
जिले में अवैध, जहरीली मदिरा विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम हेतु लगातार कार्यवाही जारी रखते हुए ग्राम मड़ईजर के नाला किनारे अवैध मदिरा निर्माण किये जाने वाले 4 अड्डों पर छापामार कार्यवाही की गयी। कार्यवाही के दौरान 125 प्लास्टिक के डिब्बों में करीब 1250 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस अपराध में संलिप्त व्यक्ति आबकारी दल को आते देख मौके से फरार हो गये। लावारिस रूप से बरामद महुआ लाहन का सेम्पल लेकर शेष महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। इस अपराध के लिये मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1)(च) के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध/जहरीली शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।
जिले में अब तक 892.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 17 सितम्बर के दौरान 892.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1437.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 545.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 सितम्बर को बिछिया में 3.8, निवास में 4.4 एवं नारायणगंज में 5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 17 सितम्बर को 1.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
आज 20 हजार से अधिक लोगों का किया गया वैक्सीनेशन
कोविड वैक्सीनेशन के महाभियान के तहत आज पात्र व्यक्तियों को प्रथम एवं द्वितीय डोज लगाई गई। जिले में टीकाकरण के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में पात्र व्यक्तियों ने स्वप्रेरणा से टीकाकरण केन्द्र आकर अपना वैक्सीनेशन कराया। जिले में 17 सितम्बर को आयोजित वैक्सीनेशन के महाभियान के अंतर्गत अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 हजार से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। जिला स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारियों ने आवंटित क्षेत्रों में सतत् भ्रमण करते हुए लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
नदी-नाला भी नहीं रोक सके वैक्सीनेटर्स का उत्साह
टीका लगवाने के लिए जहां जनसामान्य में खासा उत्साह है वहीं टीका लगाने के लिए वैक्सीनेटर्स में भी खासा उत्साह है। पहले निर्धारित केन्द्र में टीकाकरण करने के उपरांत दिव्यांग सहित ऐसे लोग जो केन्द्र तक आने में असमर्थ थे उनको घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, कोटवार आदि से प्राप्त जानकारी के आधार पर वैक्सीनेशन के लिए नियुक्त दल के सदस्यों ने बारिस में घर-घर जाकर भी लोगांे का टीकाकरण किया। अनेक स्थानों पर दल के सदस्यों ने नदी-नाला को पार करते हुए भी वैक्सीनेशन कार्य को संपादित किया। कुछ लोगों को कार्यस्थल तथा खेत में भी टीका लगाए गए।
आज पंचायत स्तर पर लगेंगे द्वितीय डोज
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन अभियान के तहत् 18 सितम्बर को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर द्वितीय डोज लगाई जाएगी। उन्होंने जनसामान्य से आग्रह किया है कि जिनके द्वितीय डोज के लिए निर्धारित अवधि पूरी हो चुकी है वे नजदीकि केन्द्र में जाकर अपना वैक्सीनेशन कराएं। वैक्सीनेशन केन्द्रों में द्वितीय डोज के साथ-साथ प्रथम डोज भी लगाई जाएगी। संपूर्ण सुरक्षा के लिए निर्धारित समय में द्वितीय डोज लगवाना आवश्यक है। जिले में पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है।
आमजनों में जागरूकता लाने लगाये गये विधिक जागरूकता शिविर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश मान० आर०एस० शर्मा के निर्देशन में एवं श्रीमती डॉ० प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा मोबाईल वैन, लीगल एड क्लीनिक्स और विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजनों में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सर्वप्रथम सुबह 10 बजे मोबाईल वैन को नालसा एवं सालसा की योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय मण्डला से श्रीमती डॉ0 प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा रवाना किया गया जिसके द्वारा नगर में एवं जिला मुख्यालय के आस-पास के क्षेत्रों में भ्रमण कर प्रचार-प्रसार किया। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े द्वारा प्रातः 9 चौपाटी के सामने लेबर चौक में एकत्रित श्रमिकों को श्रमिकों के अधिकार, श्रमिक कानून, विधिक सहयता एवं शासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके पश्चात् ग्राम पंचायत देवदरा, गौंझी, कटरा, गाजीपुर, तिंदनी, पडरिया, चटुआमार, राजीव कालोनी मण्डला में नालसा द्वारा संचालित आपदा पीड़ितों को विधिक सहयता, गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधिक सहायता, आदिवासियों के अधिकार, नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक साक्षरता एवं सालसा द्वारा संचालित विधिक सहायता एवं सलाह व अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त पैरालीगल वालेंटियर्स द्वारा भी लीगल एड क्लीनिक्स किशोर न्यायबोर्ड, परिवार परामर्श केन्द्र, वन स्टॉप सेंटर, थाना कोतवाली पुलिस परामर्श केन्द्र बीजाडाण्डी, निवास में भी नालसा एवं सालसा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
