Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 31 अक्टूबर 2022

केन्द्रीय मंत्री ने मवई क्षेत्र में विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 31 अक्टूबर को मवई क्षेत्र के भ्रमण पर थे। उन्होंने मवई जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग ग्रामों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। श्री कुलस्ते ने मवई जनपद के अंतर्गत ग्राम केवलारी के बहेराटोला पहुंच मार्ग पर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित पुलिया का लोकार्पण किया। इसी प्रकार मवई जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम अंजनी में अमृत सरोवर एवं पुष्कर धरोहर का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा, जनपद अध्यक्ष मवई श्रीमती मरकाम, सुधीर कसार, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

जनसेवा अभियानमें लापरवाही बरतने पर 2 के निलंबन

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ आयोजित किया गया। इस अवधि में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के उद्देश्य से नगरीय निकाय, विकासखंड एवं पंचायतवार शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नियमित समय-सीमा बैठक के दौरान ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार प्राप्त होने वाले आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसेवा अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों के परीक्षण एवं उनकी पात्रता के अनुसार स्वीकृति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीमती सिंह ने बीआरसी नारायणगंज एवं एमआईसी को-ऑर्डिनेटर को ’जनसेवा अभियान’ के कार्यों में लापरवाही बरतने पर तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग, पशुपालन, मछुआ कल्याण, राजस्व, पेंशन सहित जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों को अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदन, उनके परीक्षण तथा उनके पोर्टल पर अपलोड प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डीपीसी को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्कूल के जाति प्रमाण-पत्र बनाने के आवेदन गंभीरता से प्राप्त करें। उन्होंने राजस्व विभाग के नामांतरण, बंटवारे एवं राजस्व शिकायतों के निराकरण के लिए प्राप्त होने वाले आवेदनों को भी सतत रूप से निराकृत करने के निर्देश दिए।

 

50 दिवस की लंबित शिकायतें प्राथमिकता से निपटाएं

 

श्रीमती सिंह ने समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक की शिकायतों का सतत रूप से निराकरण सुनिश्चित करें। इसी प्रकार जिला स्तर से निराकृत की जा सकने वाली शिकायतों की फाईलों को तत्काल भेजें। कलेक्टर ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-4 स्तर की शिकायतों को वरिष्ठ कार्यालयों से समन्वय बनाते हुए निराकृत करें। उन्होंने शिकायतों के निराकरण के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत विभागों की समीक्षा की तथा विभाग प्रमुखों से जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाईन में शिकायतों के जवाबों को नियमानुसार एवं गंभीरतापूर्वक भरें। लापरवाहपूर्ण जवाब फीड करने पर कड़ी कार्यवाही होगी।

 

स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाने संपर्क अभियानजारी रखें

 

कलेक्टर ने एसी ट्राईबल, डीपीसी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति में प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि विगत दिनों से प्रारंभ ’संपर्क अभियान’ के अंतर्गत ड्रॉपआउट बच्चों के घर जाएं तथा उनके अभिभावकों से बात करें। इस कार्य में स्थानीय सरपंच सहित जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि ’संपर्क अभियान’ को सतत रूप से जारी रखा जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मवई क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पाई गई शिकायतों एवं समस्याओं का जल्द निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रति सप्ताह कम से कम 2 सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करें तथा कमियों की रिपोर्ट दें।

 

स्थापना दिवस से प्रारंभ करें अधूरे एवं अप्रारंभ कार्य

 

श्रीमती सिंह ने समय-सीमा बैठक में मनरेगा, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि 1 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस से विभिन्न पंचायतों एवं नगरीय निकायों में अपूर्ण एवं अप्रारंभ कार्यों को प्रारंभ करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास के शहरी तथा ग्रामीण हितग्राहियों को निर्देशित किया है कि 1 नवम्बर से आवासों के निर्माण कार्य प्रारंभ करें अन्यथा टारगेट सरेंडर करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आवासों के जियो टैगिंग भी शतप्रतिशत रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने एनआरसी, पीडीएस वितरण, हेबीटेट राईट, निरीक्षरता से आजादी अभियान, रोजगार दिवस, मनरेगा, जनपदों के विषय आदि की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि सामान्य सभा एवं प्रशासन समितियों की बैठक जल्द कराएं। उन्होंने एपीसी को निर्देशित किया कि मवई क्षेत्र में ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के विशेष आयोजन करें। श्रीमती सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि 1 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शाम 6 बजे डाईट मंडला में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

2 नवम्बर को नेहरू पार्क में लाड़लियों के लिए कार्यक्रम

कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            एक नवम्बर को मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के साथ-साथ ज़िले में भी स्थापना दिवस एवं सप्ताहभर अनेक कार्यक्रमों आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 2 नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होगा। जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में लाड़ली लक्ष्मियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पार्क का दौरा किया तथा आवश्यक तैयारियों के संबंध में ज़रूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में नहाने को प्रतिबंधित करें। इसी प्रकार कलेक्ट्रेट से लेकर पार्क तक के पथ को ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ के रूप में सज़ाएं। साथ ही कलश यात्रा भी निकालें। उन्होंने पार्क में साफ़-सफ़ाई, सजावट एवं वृक्षारोपण आदि के लिए ज़रूरी इंतज़ाम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्वेता तडवे, एसडीएम मंडला, नगरपालिका अधिकारी मंडला, सीईओ सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित की गई एकता दौड़

न.पा. अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी, जि.पं. अध्यक्ष ने दिलाई शपथ

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            31 अक्टूबर ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा ’एकता दौंड़’ का आयोजन किया गया। स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर एकता दौड़ जिला मुख्यालय के मुख्य मार्गों से होती हुई स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त हुई। इस रैली को नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुषराम, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम, कमांडेंड सीआरपीएफ, एडिषनल एसपी गजेन्द्र सिंह कवर, नगरपालिका अधिकारी मंडला, सीईओ सहित प्रशासन एवं पुलिस के संबंधित उपस्थित थे। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों, बच्चों, सीआरपीएफ के जवान, पुलिस बल एवं सम्मानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुषराम ने राष्ट्रीय एकता दिवस की स्टेडियम ग्राउंड में शपथ दिलाई।

 

 

 

 

 

 

 

 

आज मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: होंगे विविध कार्यक्रम

7 नवम्बर तक जारी रहेगी गतिविधियां, जिला स्तरीय कार्यक्रम डाईट में शाम 6 बजे

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं। 1 से 7 नवम्बर तक सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में रोशनी की जाएगी। 1 नवम्बर को प्रातः जन अभियान परिषद द्वारा प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता अभियान, नर्मदा पूजन तथा नशामुक्ति के लिए संकल्प भी लिया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्कूल, कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थाओं में संगोष्ठी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

2 नवम्बर को जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए कार्यक्रम आयोजित होगा। साथ ही जिला एवं पंचायत स्तर पर अनेक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस दिन आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी विविध कार्यक्रम होंगे तथा सजावट होगी। कलेक्ट्रेट से लेकर एसपी ऑफिस तक के पथ को ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ के रूप में सजाया जा रहा है। प्रातः 10:30 बजे ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ का उदघाटन किया जाएगा। नेहरू पार्क में ’लाड़ली लक्ष्मी वाटिका’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे भोपाल से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 2 नवम्बर को बेटियों के जन्मोत्सव को मनाने के भी निर्देश दिए हैं। 2 नवंबर दोपहर में टाऊनहॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लाड़लियों के नाम पर वृक्षारोपण होगा।

3 नवम्बर को साफ-सफाई, सजावट एवं रंगोली केन्द्रित गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालय, ऐतिहासिक इमारतों, नर्मदा घाटों एवं बाजार आदि की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नर्मदा तटों पर शाम 6 बजे एकसाथ 67 (मध्यप्रदेश स्थापना के वर्ष) दीपों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। 3 नवम्बर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 4 नवम्बर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन ’एक जिला एक उत्पाद’ के अंतर्गत कोदो-कुटकी सहित स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगेंगे। 5 नवम्बर को मध्यप्रदेश गौरव के अंतर्गत नाटक, लोकनृत्य, भजन मंडली आयोजित की जाएगी। इस दिन स्थानीय महापुरूषों के जीवन आधारित प्रश्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

6 नवम्बर को जिले से लेकर पंचायत तक वृक्षारोपण का वृहद स्तर पर आयोजन होगा। साथ ही ऊर्जा तथा जल संरक्षण के संबंध में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों एवं पंचायतों में ये कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। टाऊनहॉल मंडला में विद्यार्थियों एवं आमजनों की जागरूकता के लिए ऊर्जा एवं जल संरक्षण आधारित कार्यशाला होगी। 7 नवम्बर को ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा। इसी प्रकार 1 से 6 नवम्बर तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरूस्कार वितरण भी किया जाएगा। 7 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम डाईट मंडला में आयोजित होगा जो सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समाप्त होगा।

 

 

 

 

 

 

 

सभी शासकीय कार्यालयों में दिलाई गई एकता दिवसकी शपथ

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            31 अक्टूबर ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ’एकता शपथ’ दिलायी। इसी प्रकार जिला मुख्यालय से पंचायत स्तर तक के सभी शासकीय कार्यालयों में ’एकता शपथ’ दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

टाउनहॉल में रोजगार मेला आयोजित, 71 का प्रारंभिक चयन

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन मण्डला के निर्देशानुसार, जिला रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिये 31 अक्टूबर 2022 को नगरपालिका मण्डला के टाउनहॉल में रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के कुल 160 युवाओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया जिसमें कुल 3 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार लेते हुए 71 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया।

 

 

 

 

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आधे दिवस का शासकीय अवकाश

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            उपसचिव मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सायंकाल आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए 1 नवम्बर को प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में अपरान्ह आधे दिवस का शासकीय अवकाश रहेगा।

 

 

 

 

 

 

 

कृषि उपज विक्रय के लिए एमपी फॉर्मगेट ऐप’’

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            सचिव कृषि उपज मंडी समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के कृषक अपनी कृषि उपज खलिहान, घर से ही विक्रय कर सकते हैं और सही मूल्य एवं भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। व्यापारी भी सीधे कृषक के खलिहान, घर से उपज खरीद सकते हैं एवं भुगतान कर सकते हैं। इस हेतु मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुसार, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल द्वारा ’’म0प्र0 फॉर्मगेट ऐप’’ बनाया गया है। कृषक ऐप पर अपनी फसल का ऑफर दे सकते हैं, जो उस मण्डी के सारे व्यापारियों को उनके लॉगिन पर उपलब्ध होगा। व्यापारी उस ऑफर पर अपना रेट दे सकते हैं और कृषक द्वारा मंजूर होने पर सौदा पत्रक बना सकते हैं। कृषक व्यापारी से सीधा सम्पर्क कर सहमति से भी पूर्व की तरह सौदा पत्रक बना सकते हैं। “एम0पी0 फॉर्म गेट ऐप’’ को अपने मोबाईल में प्ले स्टोर ऐप में जाकर MP.Formgate app download कर Install करें।

 

 

 

 

 

सोलर रूफटॉप योजना हेतु 2 नवम्बर को लगेंगे शिविर

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            अधीक्षण अभियंता वृत्त म.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. ने बताया कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सोलर रूफटॉप योजना के प्रचार-प्रसार के लिए 2 नवम्बर 2022 को जिले के मण्डला, नैनपुर, बिछिया एवं अंजनियाँ वितरण केन्द्र कार्यालयों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

 

 

 

 

 

1 को आयोजित होने वाला मेडिकल बोर्ड शिविर अब 2 को

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

            सिविल सर्जन डॉ. के.आर. शाक्य ने बताया कि मेडिकल बोर्ड जिसमें दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र एवं फिटनेस हेतु जिनके मेडिकल प्रमाण पत्र 1 नवम्बर 2022 मंगलवार को बनाने शिविर आयोजित किया जाना था, जो म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर आधे दिवस का शासकीय अवकाश होने के कारण अब 2 नवम्बर 2022 दिन बुधवार को आयोजित किया जाएगा। दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं फिटनेस के लिए आने वाले आवेदक 2 नवम्बर को जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित हों।

 

 

 

 

 

प्राथमिक शाला मडफा का शिक्षक निलंबित

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

      पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही व उदासीनता बरतने, संस्था में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने तथा छात्रों को अध्यापन कार्य न कराने के कारण प्राथमिक शाला मडफा विकासखंड मवई में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक मोहनसिंह बघेल को सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी घुघरी नियत किया गया है। इस अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

 

वित्तीय साक्षरता-समावेशन कार्यक्रम के तहत सिखाए जाएंगे ऑनलाईन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

      अग्रणी जिला प्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑनलाइन और डिजीटल लेन-देन के फ्रॉड में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आमजन कई बार इसमें अपना रुपया गंवा बैठते हैं। ऑनलाइन और डिजीटल लेन-देन के दौरान ऐसे ही फ्रॉड से बचने के गुर सिखाने के लिए जिले में अनेक कैंप लगाए जाएंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से 1 से 30 नवंबर तक जागरूक वित्तीय साक्षरता वित्तीय समावेशन कार्यक्रम किया जा रहा है।

 

बैंकों की शिकायत प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी

 

जिला स्तरीय कार्यक्रम, ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम एवं प्रत्येक बैंक शाखा को एक वित्तीय साक्षरता कैंप करना होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करना है एवं बैंकों की एकीकृत लोकपाल योजना की जानकारी सहित उसमें शिकायत करने और उसका नंबर आदि जानकारी दी जाएगी।

 

यहां लगाए जाएंगे कैंप

 

आरबीआई के वित्तीय साक्षरता-वित्तीय समावेशन कार्यक्रम में जिले के प्रत्येक बैंक को अपनी शाखा के आसपास कैंप लगाना होगा। शहर की निजी और सरकारी बैंकों की 64 शाखाओं में इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे। इस अभियान में विभिन्न समुदाय जिनमें स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, किसान, स्कूली बच्चे एवं आम नागरिक को जागरूक किया जाएगा। इसमें सबसे बड़ा कैंप जिला स्तर पर 17 नवंबर को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से लगाया जाएगा।

 

 

 

 

कृषक जल्द कराएं ईकेवाईसी अन्यथा आगामी किश्तों का भुगतान होगा बाधित

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

      अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ प्राप्त कर रहे जिले के कृषक, जिन्होंने अपना ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक नही करवाया है, वे अपना ई-केवायसी व बैंक खाता आधार से शीघ्र लिंक करवाएं। प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला ने बताया कि सभी कृषकों को अपना ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक करवाना अनिवार्य है। वर्तमान में जिले में कुल 146279 में से 115864 किसानों का आधार लिंक कार्य पूर्ण हो चुका है एवं तहसीलवार, तहसील बिछिया 8269, तहसील घुघरी 4907, तहसील मण्डला 6065, तहसील नैनपुर 3741, तहसील नारायणगंज 2681, तहसील निवास 4752 इस प्रकार कुल जिले में 30415 ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंकिग कार्य शेष हैं। कृषक ई-केवायसी हेतु नजदीकी ग्राहक सेवा केन्द्र या ग्राम में स्थित इस्मॉल बैंक जहाँ बायोमैट्रिक डिवाईश उपलब्ध है वहाँ पहुंचकर सभी किसान शीघ्र ही अपना आधार फिंगर बैंक खाते में लिंक कराकर सत्यापन करायें। ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक न होने की दशा में उक्त दोनों योजनाओं में कृषकों को आगामी किश्तों का भुगतान होना बाधित होगा।

 

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण के लिए लगेंगे विशेष शिविर

 

मण्डला 31 अक्टूबर 2022

      सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए तहसील मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न ग्रामों में भी शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 2 नवम्बर को बिछिया, नैनपुर, निवास, घुघरी एवं नारायणगंज तहसील मुख्यालय तथा बीजाडांडी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 3 नवम्बर 2022 को मंडला तहसील, निवारी, मनेरी, मोहगांव एवं कालपी में शिविर आयोजित होंगे। 4 नवम्बर को बकौरी, पदमी, अंजनिया, भीमडोंगरी, पिण्डरई, बबलिया, चाबी एवं भावल में शिविर लगेंगे। 5 नवम्बर को बम्हनी, सिझौरा, घुटास, बम्हनी, पिपरिया, सलवाह एवं मानिकसरा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 6 नवम्बर को ग्वारा, मवई, पालासुंदर, सुखराम एवं चौगान में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Related posts

भारतीय जनता पार्टी, जिला मंडला मतदाता सूची पुनरीक्षण(एसआईआर) एवं आगामी कार्यक्रमों पर हुई विस्तार से चर्चा .भाजपा जिला कार्यालय में विशेष बैठक संपन्न

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 15 नवम्बर 2023

Reva India News

कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के सख्त निर्देश जनसुनवाई में सुनी 118 आवेदकों की समस्याएँ

Reva India News

Leave a Comment