Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 23 नवम्बर 2022

अनुपयोगी शौचालय वाले विद्यालयों के प्राचार्यों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश

कमिश्नर ने वीसी से की जिलेवार समीक्षा

 

मण्डला 23 नवम्बर 2022

जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने आयुष्मान पंजीयन, नलजल योजना, विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, जाति प्रमाण पत्र अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी लेते हुए समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर्स अपने जिलों में जिलाधिकारियों की नामजद ड्यूटी लगाएं। ये जिलाधिकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर नोडल अधिकारी नियुक्त कर रिपोर्ट का विश्लेषण करते हुए कमियों को दूर कराएंगे तथा लापरवाह अमले पर कार्यवाही करेंगे। संभाग आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शौचालय उपयोग होने चाहिए। किसी भी विद्यालय के शौचालय उपयोग न होने या बंद पाए जाने की स्थिति में संबंधित संस्था के प्राचार्यों पर कार्यवाही करें। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि औचक निरीक्षण के दौरान प्राप्त रिपोर्ट का निरीक्षण कर अनुपयोगी शौचालय वाले प्राचार्यों की वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोकें।

 

विद्यालयों में बेहतर उपस्थिति के लिए करें सम्मानित

 

संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि विद्यालयीन औचक निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति का आंकलन भी कराएं। निरीक्षण के दौरान ऐसे विद्यालय जिनमें दर्ज संख्या के अनुपात में बेहतर उपस्थिति प्राप्त हुई है उनके प्राचार्यों या प्रधानपाठकों को जिला प्रशासन सम्मानित करें। साथ ही कम उपस्थिति की स्थिति में संबंधित को नोटिस देते हुए कार्यवाही भी करें। श्री बी. चंद्रशेखर ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को निर्देशित किया कि गूजरसानी, नारायणगंज में बेहतर उपस्थिति के लिए संस्था प्रमुख को सम्मानित करें। बैठक में उन्होंने नलजल योजना के अंतर्गत विद्यालयों में शतप्रतिशत नल एवं विद्युत कनेक्शन करने के निर्देश दिए।

 

जाति प्रमाण-पत्र अभियान में मंडला की सराहना

 

कमिश्नर ने बैठक में जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए। उन्होंने मंडला जिले में जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के अभियान की सराहना की। श्री चंद्रशेखर ने बैठक में आयुष्मान पंजीयन की भी जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान पंजीयन से शेष बचे व्यक्तियों का शतप्रतिशत पंजीयन कराएं तथा सभी जिले अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। इस दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जानकारी दी कि मंडला जिले में आयुष्मान पंजीयन का कार्य प्रतिदिन जारी है। 31 दिसंबर तक आयुष्मान पंजीयन के शतप्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

 

नामावली प्रेक्षक आज लेंगे बैठक

 

मण्डला 23 नवम्बर 2022

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के अंतर्गत पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा हेतु मण्डला जिले के लिए प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट लिमि. जबलपुर एवं पदेन सचिव मध्यप्रदेश ऊर्जा विभाग तथा पदेन सचिव, म.प्र. शासन नवीन एवं नवकरणीकरण ऊर्जा विभाग विवेक कुमार पोरवाल को नामावली प्रेक्षक (रोल ऑब्जर्वर) नियुक्त किया गया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के संबंध में नामावली प्रेक्षक श्री पोरवाल 24 नवंबर 2022 को प्रातः 10:30 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में बैठक लेंगे।

 

 

 

 

 

 

शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले 22 अधिकारियों के कटेंगे वेतन

सीएम हेल्पलाईन में लापरवाही पर कलेक्टर ने बरती सख्ती

मण्डला 23 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नियमित समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, आयुष्मान पंजीयन, जल जीवन मिशन एवं विभागीय समन्वय के विषयों की विस्तृत समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन में जिले की प्रगति से नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित विभागों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रमुख सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। 50 दिवस से अधिक की शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करें। कोई भी शिकायत अनअटेंड न रखें। श्रीमती सिंह ने शिकायतों को अटैंड नहीं करने वाले 22 अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देशित किया कि जिस भी अधिकारी द्वारा जितने दिन शिकायतों को अटेंड नहीं किया गया है, उन अधिकारियों के उतने ही दिनों का वेतन काटें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारियों द्वारा शिकायतों को अटेंड नहीं किए जाने वाले दिनों के अनुपात में तत्काल वेतन काटने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

इन अधिकारियों का कटेगा वेतन

 

कलेक्टर ने जिन अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए हैं उनमें परिक्षेत्र अधिकारी सुरेन्द्र सिंह जाटव, जूनियर इंजी. अनिल पनाड़िया, कनिष्ठ अभियंता अशोक कुमार धुर्वे, जिला आपूर्ति अधिकारी चेतराम कौशल, बीएमओ डॉ. दिलीप अहिरवार, डॉ. नैनू इंडोलिया, डॉ. विजय पैगवार, डॉ. कमलेश मोहन झिगराम एवं डॉ. एसके वरकड़े, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, सीईओ जनपद दीप्ति यादव, जूनियर इंजी. नरेन्द्र मर्सकोले, सहायक यंत्री एके साहू, कार्यपालन यंत्री एसके जैन, सहायक यंत्री कंचन चौधरी, निरीक्षक जनकसिंह रावत, कनिष्ठ अभियंता द्वारिका प्रसाद प्रजापति, जिला प्रौढ़शिक्षा अधिकारी वीपी ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता संतोष मर्सकोले, निरीक्षक संतोष सिसोदिया, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे तथा सहायक श्रम आयुक्त सूर्यकांत सिरवैया शामिल हैं।

 

राजस्व अधिकारियों को फटकार

 

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन में पुलिस, राजस्व, वन विभाग, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों की रैंकिंगवार समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सीएम हेल्पलाईन में निराशाजनक प्रदर्शन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के निराकरण के लिए कैम्प लगाएं। इन कैम्प का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करें। इन कैम्प के आयोजन की जानकारी स्थानीय लोगों को प्रदान करें। साथ ही आगामी एक सप्ताह तक तहसील स्तर पर लगातार कैम्प लगाएं।

 

टॉप-5 में आने का लक्ष्य रखें

 

श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विभागवार एवं श्रेणीवार समीक्षा की। उन्होंने ’डी श्रेणी’ में आने वाले विभाग प्रमुखों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण के लिए विभाग कंट्रोल रूम बनाते हुए प्रतिदिन निराकरण करें, शिकायतों की मॉनीटरिंग करें तथा शिकायतकर्ता से बात करते हुए संतुष्टि दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी आगामी माह की रैकिंग में टॉप-5 में आने के लिए सतत रूप से शिकायतों का निराकरण करें।

 

घर-घर जाकर कराएं आयुष्मान पंजीयन

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आयुष्मान पंजीयन के कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने ब्लॉकवार तथा निकायवार पंजीयन के लिए शेष बचे पात्र हितग्राहियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी के जल्द आयुष्मान पंजीयन कराने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रतिदिन आयुष्मान पंजीयन का कार्य करें। हितग्राहियों को पंजीयन स्थल के लिए ज्यादा से ज्यादा मोबीलाईज करें। उन्होंने घर-घर जाकर आयुष्मान पंजीयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पशुपालन सहित हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े विभागों को भी अपने विभाग के हितग्राहियों के आयुष्मान पंजीयन अनिवार्यतः कराने के निर्देश दिए।

 

सघन रूप से जाति प्रमाण पत्र बनाएं

 

श्रीमती सिंह ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने का कार्य जिलेभर में सघन रूप से जारी रखें। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों तक जिले के सभी स्कूलों के ऐसे विद्यार्थी जिनके अब तक जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए गए हैं, सभी बीआरसी उनके प्रमाण पत्र के आवेदनों को एकत्र कर लोकसेवा केन्द्र भेजना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रति शनिवार को स्कूलों में आयोजित की जाने वाली बालसभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र वितरण का कार्य भी करें।

 

ग्रामसभाओं में पेसा एक्ट की जानकारी देंगे जिलाधिकारी

 

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेसा एक्ट के सभी प्रावधानों को गंभीरता से पढ़ें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को एक्ट के सभी प्रावधानों की गहनता से जानकारी होना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि एक्ट की बारीकियों को समझते हुए सकारात्मक मानसिकता के साथ मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन भी कराएं। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी जिलाधिकारी आगामी दिनों में आयोजित हो रही ग्रामसभा में अनिवार्यतः उपस्थित होंगें तथा ग्रामसभाओं में पेसा एक्ट की जानकारी देते हुए शंकाओं का समाधान करेंगे। उन्होंने पेसा एक्ट के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनादी, फ्लैक्स, बैनर, नुक्कड़-नाटक, वीडियो आदि के माध्यम से सघन रूप से अधिनियम का प्रचार-प्रसार करें।

 

कोई भी युवा मतदाता वंचित न रहे

 

बैठक में कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जिले के सभी डिग्री कॉलेज, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, पैरा मेडीकल कॉलेज के प्राचार्य नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए जिम्मेदार होंगे। कलेक्टर ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि युवा मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आगे आएं तथा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्यवाही में सहयोग करें। श्रीमती सिंह ने समय-सीमा बैठक में सीएम किसान के द्वितीय किस्त के भुगतान, नक्श शुद्धिकरण, वनग्राम को राजस्व ग्राम में परिवर्तन, धारणाधिकार, स्वामित्व योजना, जल-जीवन मिशन एवं विभागीय समन्वय से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए संस्था प्रमुख होंगे जिम्मेदार

कलेक्टर ने बैठक में की समीक्षा

मण्डला 23 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्यवाही के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया कि अपनी संस्था के ऐसे विद्यार्थी जो अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष पूर्ण करेंगे, उन्हें चिन्हित करें तथा उनका मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाएं एवं इस फॉर्म को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराएं। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी संस्था प्रमुख अपनी संस्था में पात्र हुए युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने प्रत्येक महाविद्यालय की आंकड़ेवार समीक्षा करते हुए नाम जोड़ने से वंचित विद्यार्थियों के फॉर्म-6 भरने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि स्कूलों में भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में जानकारी देने शिविर आयोजित करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों के ऐसे छात्र जिन्होंने निर्धारित आयु पूर्ण की है उनके भी तत्काल नाम जोड़ने की कार्यवाही करें। सभी प्राचार्य अपने संस्था के मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही की पूर्णता का प्रमाण पत्र भी देंगे। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

अवनि का गीत भारत निर्वाचन आयोग ने किया शॉर्टलिस्टेड

 

मण्डला 23 नवम्बर 2022

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित नेशनल वोटर अवरनेंस कॉन्टेस्ट में मंडला जिले की उभरती हुई गायिका अवनि वर्मा के गीत को शॉर्टलिस्टेड किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश ने केन्द्रीय विद्यालय मंडला में अध्ययनरत कक्षा 10वी की छात्रा अवनि वर्मा को मतदाता जागरूकता के लिए गीत की स्क्रिप्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात हो कि मतदाता जागरूकता के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा यह प्रतियोगिता 25 जनवरी 2022 से प्रारंभ की गई थी जिसमें पूरे देश से लगभग 2 लाख गीत प्राप्त हुए थे। विषयवस्तु एवं प्रस्तुति के आधार पर अवनि के गीत को शॉर्टलिस्टेड किया गया है। अवनि के इस गीत को आरती बालमुकुंद हरदहा द्वारा लिखा गया है जिसे उनके संगीत शिक्षक जगदीश कछवाहा एवं लोक गायक श्याम बैरागी के निर्देशन में रिकॉर्ड किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आपदा प्रबंधन पर मॉक अभ्यास संबंधी बैठक संपन्न

 

मण्डला 23 नवम्बर 2022

प्राकृतिक आपदा के विषय पर मॉक अभ्यास संबंधी बैठक कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कमांडेंड दिनकर त्रिपाठी सहित नागरिक प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ एवं होम गार्ड आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि बाढ़ के समय बचाव के लिए रेस्क्यू टीम को प्रशिक्षण दिलाने संबंधी प्रस्ताव भेजें। साथ ही स्थानीय गोताखोरों को भी आपदा प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षण में शामिल करें। बैठक में जिले में भूकंप भेद्यता, हितधारकों की भूमिका और जिम्मेदारियां, नकली अभ्यास का क्रम, सभी हितधारकों के बीच समन्वय, एनडीआरएफ की भूमिका और कार्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट की जानकारी देने ग्रामसभाओं का आयोजन 3 तक

 

मण्डला 23 नवम्बर 2022

पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए      24 नवंबर को बिछिया विकासखंड के बिसनपुरा, भावाजर, कुम्हर्रा, रतनपुर, सुरहेला, ठोंढा, डीलवारा, उमरवाडा, औरई माल, मानिकपुर माल एवं काताजर में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। मवई विकासखंड के पंचायत अतरिया, धनगांव माल, अंजनी, जमगांव, घोंटा, सारसडोली, अमवार, पखवार, मड़फा, चंदवारा रैयत एवं सोढ़ा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। घुघरी विकासखंड के कण्ड्रा, ढेंको, कठईडीह, सलवाह, सुरेहली, गरैयापाण्ड, जोगीलुढिया, खमतरा एवं नैझर में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। निवास विकासखंड के जंगलिया, झालपानी, मोहपानी, लुहारी रैयत, बस्तरी, उमरिया, रौसर, बस्तरामाल, भीखमपुर, बिसनपुरा, सुखरीसग्रामपुर, खरखरा एवं जलधरा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

25 नवंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 25 नवंबर को बिछिया विकासखंड के भवान, कोसमपानी, गुबरी, खुलवा, औरई रैयत, मानिकपुर रैयत, कुरवाही, चरगांव, धुतका, तिलरी, बटवार एवं कटंगामाल में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। मवई विकासखंड के पंचायत अतरिया, धनगांव माल, अमवार में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। घुघरी विकासखंड के छिवलाटोला, मदनपुर, पाटन, सिंघनपुरी, तेलनदेह, खोड़ाखुदरा, खम्हरिया एवं पीपरदौन में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। निवास विकासखंड के भानपुर बिसौरा, भानपुर टोला, गढ़बिसौरा एवं खम्हरिया टोला, कोहका, पोंड़ी, झिझरा, कदवा रैयत, सरसवाही, कोहरी, मुडझौर, महरासिवनी, खमरिया माल तथा खम्हरिया रैयत में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्लेसमेंट ड्राइव आई.टी.आई में 25 को

मण्डला 23 नवम्बर 2022

                प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि शासकीय आईटीआई मंडला में 25 नवंबर 2022 प्रातः 10ः30 बजे से व्ही.ई. कमर्शियल पीथमपुर कंपनी द्वारा अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें केवल टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, डीजल मैकेनिक, ट्रेड के ही आईटीआई उतीर्ण पुरुष प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थी इस दिन अपने दस्तावेज में मूल फोटो एवं रिज्यूम के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा ऑनलाइन प्रारम्भिक चयन किया जायेगा। इसमें केवल 18 वर्श से 23 वर्श तक के अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कंपनी में चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा स्आइपेंड एवं अन्य सुविधायें दी जायेंगी। अप्रेंटिसशिप की अवधि 1 वर्ष के लिए होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

सिंचाई उपकरणों के लिए ऑनलाईन आवेदन करें कृषक

मण्डला 23 नवम्बर 2022

                सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त जानकारी के अनुसार उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग जिला मण्डला अंतर्गत वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के घटक “per drop more crop”  योजना अन्तर्गत वर्ष 2022-23 में वाटरशेड विकास घटक पीएमकेएसवाई 2.0 के साथ अभिसरण (केवल वाटरशेड घटक पीएमकेएसवाई 2.0 के विकासखण्ड बीजाडांडी, निवास व घुघरी के चयनित ग्रामों हेतु) कर अ.ज.जा. वर्ग के लिए ड्रिप, टपक सिंचाई में 20.000 हेक्टेयर, मिनी स्प्रिकंलर 5.000 हेक्टेयर एवं पोर्टेबल स्प्रिंकलर 667.117 हेक्टेयर के लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजना का लाभ लेने हेतु विभागीय वेबसाईट www.mpfsts.mp.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन स्वीकार किये जा रहे हैं। योजना अनुसार इकाई लागत का लघु सीमान्त कृषकों को 55 प्रतिशत व अन्य बड़े सभी कृषकों को 45 प्रतिशत का अनुदान प्रावधान देय होगा। उद्यानिकी विभाग से व क्रमशः 35 व 45 प्रतिशत अनुदान टॉपअप के रूप में साथ राजीव गांधी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन द्वारा दिया जायेगा। इच्छुक कृषक योजना की अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु विकासखण्ड स्तरीय, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, क्षेत्रीय ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

 

Related posts

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस का अवैध मादक पदार्थो के कारोबार पर कड़ा प्रहार

Reva India News

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने की जनसुनवाई, आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश 80 आवेदकों ने प्रस्तुत किए अपनी समस्याओं के आवेदन

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 26 दिसम्बर 2023

Reva India News

Leave a Comment