’उत्तरा पोर्टल’ पर की जाएगी सीएम हेल्पलाईन की मॉनिटरिंग
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 10 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाईन, उपार्जन, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना एवं विभागीय समन्वय के विषयों पर विस्तार से चर्चा की एवं जरूरी निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों एवं निराकरण की स्थिति की मॉनिटरिंग के लिए ’उत्तरा पोर्टल’ के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर लॉगिन प्राप्त करते हुए सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की स्थिति से नियमित रूप से अवगत कराएंगे। कलेक्टर ने इसके लिए एसडीएम, डीआईओ एनआईसी, डीजीईएम को समन्वय करने एवं पोर्टल को तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित सभी एसडीएम, जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
नॉन अटेंडेंट शिकायतों के लिए होगी जिम्मेदारी तय
डॉ. सिडाना ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले की रैंकिंग बेहतर करने के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि विगत माह प्राप्त हुई शिकायतों को फोर्सक्लोज न करें। इसी प्रकार अनावश्यक फोर्सक्लोज की प्रवृत्ति न रखें। सभी विभाग प्रमुख अनिवार्यतः शिकायतों को अटेंड करेंगे। शिकायतों को अटेंड नहीं करने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निराकरण के दौरान भविष्यात्मक शब्दों का प्रयोग बिल्कुल न करें। उन्हांेने मार्च एवं अप्रैल माह में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की तथा संतुष्टि के साथ अधिक से अधिक निराकरण के निर्देश दिए।
नक्सल क्षेत्रों की समस्याओं के लिए संवेदनशील रहें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि राजस्व एवं ग्रामीण विकास विभाग शिकायत निराकरण में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्हांेने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी सीएम हेल्पलाईन में आने वाली शिकायतों पर नियमित काम करें। उन्होंने निर्देशित किया कि नक्सल क्षेत्रों की समस्या के लिए सभी विभाग संवेदनशील रहें तथा उनका सतत् रूप से निराकरण भी करते रहें। उन्हांेने कहा कि आगामी दिनों में जनसुनवाई ब्लॉक स्तर पर भी शुरू की जाएगी ताकि आवेदकों को जिला मुख्यालय कम से कम आना पड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी प्राथमिकता
डॉ. सिडाना ने सीएमएचओ से सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की विषयवार जानकारी ली। उन्हांेने कहा कि लोक स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करना मेरी तथा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हांेने स्वास्थ्य विभाग को शिकायतों के समय-सीमा में तथा संतुष्टि के साथ निराकरण के निर्देश दिए।
लाड़ली बहना योजना का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. सिडाना ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पंजीयन, ई-केवाईसी की प्रक्रिया सतत रूप से जारी रखें। उन्हांेने एसडीएम एवं जनपदवार पंजीयन तथा ई-केवाईसी की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि आगामी दिनों में भी पंचायतवार समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम, सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका अपने स्तर पर निम्न प्रदर्शन करने वाली- 5 पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों की समीक्षा करेंगे।
अतिरिक्त अमले की लगाएं नामजद ड ्यूटी
कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 15 अप्रैल तक पंजीयन एवं ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने ई-केवाईसी वेरिफिकेशन के हुए बेहतर कार्य के लिए संतुष्टि जाहिर की। डॉ. सिडाना ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पंजीयन एवं ई-केवाईसी का कार्य कम प्रगति पर है उनमें अतिरिक्त अमला लगाएं तथा उनकी नामजद ड्यूटी तय करें। आगामी दिनों में जिला अधिकारी भी मैदानी भ्रमण कर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। डॉ. सिडाना ने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपार्जन केन्द्रों का करें निरीक्षण पूर्णं
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम एवं तहसीलदार से उनके क्षेत्र के तहसील एवं गोदाम स्तरीय उपार्जन केन्द्रों एवं व्यवस्थाओं के निरीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 11 की शाम तक केन्द्रों का भ्रमण पूर्ण करें तथा शेष जरूरी व्यवस्थाओं को पुख्ता करें। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए पानी, बैठक व्यवस्था, छाया, शौचालय आदि की सभी व्यवस्थाएं अनिवार्यतः पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब मौसम की आशंकाओं के मद्देनजर भी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए।
खुले बोरवेल एवं कुएँ पर पूर्ण करें सुरक्षात्मक उपाय
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने बैठक में जिले के खुले बोरवेल, कुएं तथा बावड़ियों को चिन्हांकन एवं उन्हें कवर करने सहित अन्य सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि चिन्हांकन कार्य राजस्व एवं पुलिस का अमला संयुक्त रूप से पूरा करें। शासकीय खुले बोरवेल एवं कुएं को कवर करने सहित अन्य जरूरी उपायों को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। साथ ही निजी खुले बोरवेल एवं कुएं के मालिकों को नोटिस जारी करें। उन्होंने कहा कि प्रति सप्ताह इस कार्य की समीक्षा की जाएगी। उन्हांेने इस दौरान खुले बोरवेल एवं कुओं के चिन्हांकन कार्यों की एसडीएमवार रिपोर्ट ली तथा सुरक्षात्मक उपाय पूर्ण किए जा चुके कार्यों के बारे में पूछा।

जिला चिकित्सालय का कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण
चिकित्सकों, मरीजों एवं उनके परिजनों से लिया सुविधाओं का फीडबैक
मंडला 10 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 10 अप्रैल के अपरान्ह में जिला चिकित्सालय का औचक एवं सघन निरीक्षण किया। लगभग 2 घंटे से ज्यादा चले इस निरीक्षण में कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के लगभग प्रत्येक कक्ष एवं वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्हांेने ओपीडी, औषधि कक्ष, सीटी स्केन कक्ष, ब्लडबैंक, लैब, डायलिसिस यूनिट, शिशु वार्ड, गर्भवती महिला वार्ड, शिशु गहन चिकित्सा वार्ड सहित उपलब्ध व्यवस्थाओं का विस्तृत मुआयना किया। डॉ. सिडाना ने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह एवं सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा वातानुकूलन की व्यवस्था दुरूस्त करें। उन्होंने मरीजों के परिजनों के लिए बैठने एवं पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के संबंधित विभागों के चिकित्सक उपस्थित थे।
सुविधाओं का लिया विस्तृत फीडबैक
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय के अपने निरीक्षण के दौरान सोनोग्राफी कक्ष, महिला वार्ड की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्हांेने ड्यूटीरत महिला डॉक्टर तथा स्टॉफ से भर्ती महिला मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्हांेने ड्यूटीरत डॉक्टरों से जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के सुझावों पर भी चर्चा की। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों से भी जिला चिकित्सालय से मिल रही सुविधाओं जैसे- दवाईयां, जरूरी जांच, खानपान आदि के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने एएनसी रजिस्ट्रेशन, जननी एक्सप्रेस, अनमोल पोर्टल, हाईरिस्क प्रेग्नेंसी, मातृ मृत्यु दर सहित विभिन्न बिन्दुओं पर बात करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान नवजात बच्चों के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली तथा गहन शिशु चिकित्सा युनिट की सुविधाएं भी देखी। उन्होंने शिशु रोग विशेषज्ञों से बच्चों के लिए जरूरी दवाईयां, उपकरण, संक्रमण स्तर, रेफर सिस्टम आदि प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चिकित्सक नवजात शिशुओं की जान बचाने हरसंभव एवं संवेदनशीलता के साथ कोशिश करें।
डायलिसिस यूनिट को बढ़ाने प्रस्ताव भेजें
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान डायलिसिस यूनिट का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डायलिसिस के लिए परिजनों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनसे ली जाने वाली जरूरी शुल्क, दवाईयां आदि के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि डायलिसिस को विस्तारित करने के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजें। उन्होंने औषधि कक्ष का निरीक्षण करते हुए जरूरी दवाओं की उपलब्धता का परीक्षण भी किया। डॉ. सिडाना ने जिला चिकित्सालय की लैब का निरीक्षण करते हुए लैब में की जाने वाली नियमित जांचों की जानकारी ली। साथ ही सिकलसेल, एनीमिया जैसे टेस्ट के लिए होने वाली जांचों की प्रक्रिया एवं तकनीकि ट्रायल भी समझा। उन्होने सीटी स्केन यूनिट का निरीक्षण करते हुए कहा कि जरूरी शुल्क की जानकारी अनिवार्य रूप से चस्पा करें। किसी से अनावश्यक फीस न लें।
गीताबाई को तत्काल जबलपुर भेजने के निर्देश
जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान गीताबाई ने अपने इलाज से संबंधित समस्या के बारे में कलेक्टर को बताया। डॉ. सिडाना ने डॉक्टरों से गीताबाई के इलाज के लिए जरूरी प्रयासों की जानकारी लेते हुए मौके से ही तत्काल जबलपुर मेडीकल कॉलेज बात की तथा गीताबाई के इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने जिला चिकित्सालय के संबंधित चिकित्सकों को गीताबाई को जबलपुर भेजने के लिए एम्बूलेंस सहित जरूरी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी दिनों में जिला चिकित्सालय में होने वाले उनके इलाज में संवेदनशीलता के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने ब्लडबैंक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पूर्व वित्तीय वर्ष में खनिज राजस्व में 15.78 करोड़ प्राप्त हुए
मंडला 10 अप्रैल 2023
प्रभारी अधिकारी (खनिज) से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर मण्डला के मार्गदर्शन में कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) मण्डला द्वारा पूर्व वित्तीय वर्ष 2022-23 में खनिज राजस्व के रूप में राशि रूपये 15.78 करोड़ की प्राप्ति हुई है। इसी प्रकार जिला खनिज प्रतिष्ठान मद में अतिरिक्त रूप से रूपये 2.71 करोड़ की प्राप्ति की गई।
विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन कुल 38 प्रकरण दर्ज कर निराकृत प्रकरणों में अर्थदण्ड की राशि रूपये 13.38 लाख, अवैध परिवहन के कुल 141 प्रकरण दर्ज कर निराकृत प्रकरणों में अर्थदण्ड की राशि रूपये 78.46 लाख एवं अवैध भण्डारण के कुल 8 प्रकरण दर्ज कर निराकृत प्रकरणों में अर्थदण्ड की राशि रूपये 1.99 लाख जमा कराया गया है। इस प्रकार अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण के प्रकरणों में अर्थदण्ड की रूप में कुल रूपये 93.83 लाख रूपये की प्राप्ति हुई है।

जिला चिकित्सालय में किया गया कोविड-19 मॉकड्रिल
मंडला 10 अप्रैल 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि देश के कुछ राज्यों में वैश्विक महामारी कोविड-19 के प्रकरणों में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समस्त सुविधाओं की तैयारी महत्वपूर्ण है। इसी तारतम्य में 10 अप्रैल 2023 को मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय व समस्त ब्लॉकों में कोविड-19 के रोकथाम हेतु मॉकड्रिल की गई। जिला चिकित्सालय मण्डला में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, डॉ. विजय धुर्वे सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय मण्डला, डॉ० प्रवीण उइके आरएमओ जि.चि. मण्डला, डॉ. मनोज मुरली कोविड-19 नोडल ऑफिसर जि.चि. मण्डला, डॉ. रितेश अग्रवाल जि.चि. मण्डला, आरपी वर्मा जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट के मार्गदर्शन में मॉकड्रिल तैयारियां की गई।
मॉकड्रिल में बिस्तर क्षमता, उपलब्ध मानव संसाधन, आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन युक्त बेड, आइसोलेशन बेड, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर सहित बेड की संख्या की तैयारियां देखी गई। उपलब्ध मानव संसाधन जिसमें डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल, आयुष डॉक्टर, आशा सहित अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। मानव संसाधन क्षमता जिसमें कोविड-19 प्रबंधन पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य देखभालकर्ता गंभीर मामलों के प्रबंधन के लिए वेंटिलेटर प्रबंधन प्रोटोकॉल में प्रशिक्षित स्वास्थ्य देखभालकर्ता, पी.एस.ए. संयंत्रों के संचालन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता की तैयारी देखी गई। रेफरल सेवाएं, एडवांस बेसिक लाइफ सपोर्ट की उपलब्धता एवं अन्य एंबुलेंस की उपलब्धता को सुचारू किया गया। परीक्षण क्षमता कोविड-19 प्रयोगशाला की संख्या आरटी-पीसीआर और आरएटी किट की उपलब्धता देखी गई। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, पीसीए प्लांट, लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक, मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम को पुनः जांचा गया। मॉक ड्रिल में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गई। साथ ही लोगों को निर्देशित भी किया गया।
लोगों से कोविड-19 से बचाव हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा अपील की गई है कि भीड़ वाले स्थान पर जाने से बचें एवं मॉस्क का उपयोग करें, 2 गज की दूरी रखें एवं अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोवें एवं सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें, खांसते-छीकतें समय मुंह व नाक को रुमाल से ढकें। यदि आप कहीं बाहर विदेश से यात्रा करके आ रहे हैं और उसके उपरांत आपको सर्दी खांसी व बुखार की शिकायत है तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच व उपचार लें।

शिक्षक प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला जारी
मंडला 10 अप्रैल 2023
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (भारत सरकार) नई दिल्ली के सहयोग से एस्ट्रोनॉमिका साइंस एक्टीविटी एण्ड एजूकेशन सेन्टर मध्यप्रदेश द्वारा मण्डला जिले के ट्रेनी टीचर्स में नवाचार को बढ़ावा देने के लिये नवाचारी पद्धति से विज्ञान शिक्षण की प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन डाइट मण्डला में किया जा रहा है। 8 से 12 अप्रैल 2023 तक पांच दिवस चलने वाली इस कार्यशाला में देश के विभिन्न नगरों से आ रहे वैज्ञानिक एवं स्त्रोत विद्वान प्रशिक्षु शिक्षकों को अनेक प्रकार से अनुपयोगी वस्तुओं का उपयोग करके नवाचारी पद्धति से शिक्षण करना सिखा रहे हैं।
स्क्रैप व अनुपयोगी हो चुकी सामान्य वस्तुओं का उपयोग करते हुए शिक्षण उन्मुखीकरण कार्यशाला में डॉ. ओपी गुप्ता प्रयागराज, डॉ. वीके मुद्गल झाँसी, वी.बी. रायगाँवकर पुणे, लखन साहू कांकेर, इंजी. बीबीआर गाँधी इटारसी ने ट्रेनी शिक्षकों को गणित, भौतिकी, जीवविज्ञान, पर्यावरण समेत अनेक विषयों को प्रभावी तरीके से अध्यापन प्रशिक्षण दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ के कांकेर से लखन साहू ने जीव विज्ञान के विषय अंतर्गत बॉडी के ऑर्गन आंख, दिमाग, फेंफड़े, लीवर, किडनी, हृदय आदि फंक्शन को अपने विद्यार्थियों को कैसे समझाया जाए रोचक तरीके से प्रशिक्षण दिया। वी.बी. रायगाँवकर पुणे महाराष्ट्र ने अपने वृहद् प्रशिक्षण के दौरान पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन और डायरेक्ट टीचिंग पद्धति से शिक्षण करना सिखाया। उन्होंने अनेक छोटे-छोटे प्रयोग सामान्य रूप से उपलब्ध सामग्री से विज्ञान के सिद्धांतों को समझाने की विधियाँ छात्र, अध्यापक, अध्यापिकाओं को सिखाया। डॉ. विवेक मुदगिल झांसी उप्र ने बल के अनेक प्रयोगों को साक्षात करके उनके सिद्धांत तथा बल युग्म, स्पर्श तनाव और दृष्टि के विभिन्न प्रयोग करके दिखाए। प्रयागराज उप्र के वयोवृद्ध वैज्ञानिक डॉ. ओपी गुप्ता ने भौतिक शास्त्र और गणित के अनेक सिद्धांत और उन्हें प्रभावी ढंग से क्लास रूम में समझाना सिखाया। साथ ही गणित के ट्रिक्स भी दिखाए। पर्यावरण एवं विज्ञान स्त्रोत विद्वान इंजी बीबीआर गांधी ने कहा कि जब भी आप अपने विद्यार्थियों को शिक्षण दे रहे होंगे तब आपकी अपेक्षा यही होती है कि उनका ध्यान आपकी ओर रहे, वहीं स्वयं को भी करना है। विज्ञान हर क्षण, हर घटना में विद्यमान है, इसलिए हर विषय के शिक्षक को विज्ञान की सूझबूझ होना जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान डाइट प्राचार्य राजेश कुमार जायसवाल, अभिलाष तिवारी, वेदप्रकाश गुप्ता एवं राजेश उपरीत उपस्थित थे।

वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण 12 को
मंडला 10 अप्रैल 2023
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल 2023 को प्रातः 10ः30 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में नवनिर्मित वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया जाएगा।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 10 अप्रैल 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 11 अप्रैल 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 11 अप्रैल को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 11 बजे कटरा एवं बिनेका रोड का भूमिपूजन करेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 12 बजे मंडला से बिछिया के लिए प्रस्थान करेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे सायं 4 बजे बिछिया से पिंडरई के लिए रवाना होंगे तथा शाम 6 बजे पिंडरई पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 10 बजे मंडला पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 12 अप्रैल 2023 को प्रातः 8 बजे मंडला से डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

सामान्य सभा की बैठक 19 को
मंडला 10 अप्रैल 2023
जिला पंचायत मण्डला की सामान्य सभा की बैठक 19 अप्रैल 2023, दिन बुधवार को 12 बजे से जिला पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व बैठक 18 जनवरी 2023 के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा, विभागीय योजना की समीक्षा, म०प्र० विद्युत मण्डल मण्डला, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, 15वें वित्त योजना अंतर्गत वर्ष 2023-24 के लिए डीपीडीपी के प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा एवं अनुमोदन, 5वें राज्य वित्त आयोग अंतर्गत वर्ष 2022-23 के लिए प्राप्त राशि से लिए जाने वाले कार्याे के संबंध में चर्चा एवं अनुमोदन सहित अन्य विषयों की समीक्षा की जाएगी।

अस्थिबाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण-पत्र कार्यवाही 11 एवं 18 को रहेगी स्थगित
मंडला 10 अप्रैल 2023
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय मण्डला मे प्रत्येक मंगलवार को दिव्यांगजनों की जांच एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की कार्यवाही की जाती है। 11 अप्रैल एवं 18 अप्रैल 2023 को अस्थि विधा से संबंधित चिकित्सक के अवकाश अवधि पर होने के कारण उक्त दो मेडिकल कार्य दिवसों में अस्थि बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की कार्यवाही स्थगित रहेगी। शेष विधा यथा नेत्र, मानसिक संबंधी दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र की कार्यवाही पूर्ववत जारी रहेगी। श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र हेतु इसी माह जिले के बाहर से विशेषज्ञ को बुलाकर कार्यवाही की जाएगी।

मौसम जायद के लिए गिरदावरी पूर्ण करने की समय-सीमा 11 अप्रैल से 10 मई
मंडला 10 अप्रैल 2023
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम जायद 2023 हेतु फसल गिरदावरी की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण की जाना है जिससे मौसम जायद 2023 से गुणवत्तापूर्ण गिरदावरी के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए किसानों की फसल गिरदावरी कार्य में सहभागिता को सुनिश्चित करने हेतु एम.पी. किसान ऐप के माध्यम से फसल स्व-घोषणा की जानकारी दर्ज करने हेतु ऑप्शन उपलब्ध है जिसका उपयोग करते हुए किसान द्वारा खेत में उपस्थित होकर फसल की जानकारी जियो फेंस तकनीक अनुसार दर्ज की जा सकती हैं।
एमपी किसान ऐप के माध्यम से दर्ज जानकारी ग्राउंड टुªथिंग हेतु पटवारी का सारा ऐप में उपलब्ध कराई जायेगी। ग्राउंड टुªथिंग हेतु पटवारियों को प्रदत्त सर्वे नंबर एवं किसान द्वारा गिरदावरी से शेष सर्वे नबंर की गिरदावरी पटवारी द्वारा जियों फेंस तकनीक के आधार पर पूर्ण की जायेगी। मौसम जायद के लिए पटवारियों द्वारा गिरदावरी पूर्ण करने हेतु समय-सीमा 11 अप्रैल से 10 मई 2023 तक है। मौसम जायद के लिए पटवारियों एवं किसानों द्वारा फसल गिरदावरी के संबंध में आपत्ति की जानकारी दर्ज करने हेतु समय-सीमा 15 मई 2023 तक है। मौसम जायद हेतु 20 मई 2023 तक प्राप्त आपत्तियों का निराकरण संबंधित तहसीलदार, नायब तहसीलदार द्वारा सारा पोर्टल के माध्यम से एवं प्राप्त आपत्ति की लोकेशन एवं फसल के फोटो का अवलोकन कर आवश्यक जॉच उपरांत किया जा सकेगा। मौसम जायद हेतु नियत 20 मई 2023 उपरांत कोई संशोधन नहीं किया जा सकेगा एवं डाटा को लॉक कर दिया जायेगा।


1 comment
Good day! I just want to offer you a big thumbs up for your excellent information you have got here on this post. Ill be coming back to your blog for more soon.