नगद नहीं, डिजीटल पैमेंट ही स्वीकार करेगा रेडक्रॉस
पारदर्शी संचालन एवं लोगों का विश्वास सुदृढ़ करने पर हुई चर्चा
कलेक्टर की अध्यक्षता में रेडक्रॉस कार्यकारिणी की बैठक संपन्न
मंडला 22 सितम्बर 2023
रेडक्रॉस कार्यकारिणी की बैठक कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 5 साल बाद संपन्न हुई इस बैठक में रेडक्रॉस समिति के पारदर्शी रूप से संचालन तथा लोगों का विश्वास सुदृढ़ करते हुए उनकी सहभागिता बढ़ाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि रेडक्रॉस में दान एवं सहयोग सिर्फ डिजीटल पैमेंट के रूप में ही स्वीकार किया जाए। किसी भी प्रकार का सहयोग नगद रूप में न लिया जाए। इस संबंध में उन्होंने बैंक अकाउंट की जानकारी तथा गूगल-पे एवं यू-पे का बारकोड जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में रेडक्रॉस की आय बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा की गई। जिन दुकानों का किराए का निर्धारण नहीं हुआ था उनके किराए का निर्धारण किया गया तथा किराए में 15 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि की नियत की गई। इसी प्रकार हॉल के किराया एवं किराए में वृद्धि का निर्धारण किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जो लोग दुकान एवं हॉल का किराया समय पर नहीं देंगे उन्हें 15 दिन का नोटिस दिया जाकर दुकानें एवं हॉल वापिस लेने की कार्यवाही की जाएगी। रेडक्रॉस के वाहन का सुधार कराया जाएगा जिसका उपयोग दिव्यांग एवं बुजुर्गों के आने-जाने के लिए किया जा सकेगा। बैठक में रेडक्रॉस के आमचुनाव के संबंध में भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने की आँगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा
मंडला 22 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आँगनवाड़ी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों के कार्य जल्द प्रारंभ कराएं। सीईओ जनपद तथा परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास निर्माण कार्यों को समय में पूर्ण कराने के लिए एजेंसी को समुचित सहयोग प्रदान करें। नवीन स्वीकृत आंगनवाड़ी केन्द्रों के भवनों को मॉडल के रूप में तैयार करें। संबंधित विभाग आपस में समन्वय कर एक टीम के रूप में कार्य करें।

कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों के कार्यों को मार्च तक पूर्ण कराएं। जो कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं उनकी स्वीकृति निरस्त करते हुए नियमानुसार नवीन स्वीकृति जारी करें। इसी प्रकार मरम्मत के कार्यों को भी जल्द पूरा कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देशित किया कि निर्माण तथा मरम्मत कार्यों की विभागीय रूप से पाक्षिक समीक्षा करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर चेम्बर में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल सहित संबंधित उपस्थित रहे।

आधुनिक एवं तकनीकी कृषि को मिल रहा बढ़ावा
ग्रामीणों क्षेत्रों का हो रहा विकास
मंडला 22 सितम्बर 2023
मण्डला जिले के घुघरी विकासखण्ड के ग्राम कचनारी के हितग्राही डुमारीलाल धुर्वे एवं मुकेश धुर्वे परम्परागत खेती से हटकर आधुनिक तकनीक का उपयोग कर धान का भरपूर उत्पादन कर रहे हैं। ड्रिप और स्प्रिंकलर पद्धति से डुमारीलाल और मुकेश धुर्वे कम लागत में अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना-वाटरशेड विकास 2.0 परियोजना से किसान की आय दुगनी हो रही है। एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा मिलने से कृषक खेत तालाब निर्माण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर वितरण कर सिंचाई सुविधा में विस्तार, मत्स्य उत्पादन, हॉर्टिकल्चर एवं फ्लोरीकल्चर जैसे नवीन एकीकृत कृषि प्रणाली से आदिवासी बाहुल्य अंचल में आधुनिक एवं तकनीकी कृषि को बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे अभिनव प्रयोगों के माध्यम से आज क्षेत्र के अन्य किसान भी आधुनिक खेती की तरफ झुकाव महसूस कर रहे हैं।

ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को बढ़ाने का एक अद्भुत प्रयास, पलायन जैसी समस्या का भी हो रहा नियंत्रण
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड विकास परियोजना अंतर्गत जिले के अलग-अलग गावों में स्वसहायता समूह के माध्यम से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने का नवाचार किया जा रहा है। ग्राम भैंसवाही में कोयातूर जलग्रहण स्वसहायता समूह द्वारा कम्प्यूटर स्किल सेंटर, ग्राम चोबा में मां नर्मदा जलग्रहण स्वसहायता समूह द्वारा सेंटरिंग कार्य एवं ग्राम सुरेहली में कोयादीप जलग्रहण स्वसहायता समूह द्वारा कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट जैसी आजीविका गतिविधियों का क्रियान्वयन भी किया जा रहा है जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिल रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है, फलस्वरूप पलायन जैसी समस्या भी काफी हद तक नियंत्रित हुई है।

भारी बारिश की आशंका अलर्ट जारी
मंडला 22 सितम्बर 2023
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला जिले में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिलेवासियों से आवश्यक सावधानी बरतने तथा बाढ़ की स्थिति के दौरान नदी, नालों आदि स्त्रोतों के नजदीक न जाने की अपील की है।

जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम आयोजित
मंडला 22 सितम्बर 2023
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) मण्डला में जिला स्तरीय क्लस्टर के लोकार्पण, भूमिपूजन के साथ जिला स्तरीय स्वरोजगार, रोजगार दिवस कार्यक्रम एवं रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर विधायक मण्डला देवसिंह सैयाम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी एल.एस. सैयाम, पी. सूजयकुमार जिला अग्रणी प्रबंधक, आर.एस. बरकडे प्राचार्य आईटीआई, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एन.के. वास्कले उपस्थित थे।

कार्यक्रम में 19 करोड़ का पूजीनिवेश किया जाकर 124 रोजगार उपलब्ध कराए गए। साथ ही कार्यक्रम में जिले के बेरोजगार युवक, युवतियों को अपना स्वयं का रोजगार, उद्योग, सेवा इकाई स्थापित करने के लिए शासन द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जिले के 2861 लाभांवित हितग्राहियों में से स्वरोजगार हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृत एवं वितरण पत्रकों में से 35 हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पत्रक प्रदाय किये गये। जिसमें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना, टंटया मामा अर्थिक कल्याण योजना, पीएमएफएमई योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ० भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना, ग्रामीण आजिविका स्व-सहायता समूह, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना, शहरी आजिविका स्व-सहायता समूह, एनयूएलएम स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना अंतर्गत आवेदक, आवेदिकाओं को स्वीकृति पत्रक वितरित किया गया। इस दौरान रोजगार मेला का भी आयोजन किया गया जिसमें जिला रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा 114 आवेदकों का ऑफलाईन एवं ऑनलाईन पंजीयन किया गया जिसमें आमंत्रित निजी एवं स्थानीय क्षेत्रों की कम्पनियों द्वारा 47 आवेदकों को प्रारंभिक चयन कर ऑफर लेटर प्रदान किये गये।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 22 सितम्बर 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 23 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते शनिवार को प्रातः 10:30 बजे जबलपुर से बीजाडांडी जिला मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11:30 बजे बीजाडांडी पहुंचकर विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 1:30 बजे बीजाडांडी से नारायणगंज के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 2 बजे नारायणगंज पहुंचकर विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। सायं 4 बजे नारायणगंज से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 5 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सायं 7 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 8 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

श्री कुलस्ते अगले दिन 24 सितम्बर को प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे मंडला पहुंचकर सामाजिक न्याय विभाग के केम्प कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 12:30 बजे मंडला से निवास के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 2 बजे निवास पहुंचकर विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे निवास से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखलाओं के जरिए दिया नैतिक मतदान का संदेश
मंडला 22 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जिले के बीजाडांडी तथा नारायणगंज उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तथा सीएम राईज स्कूल हाथीतारा में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने रैलियाँ निकालकर आमजन को लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया तथा खाली मैदानों में एकत्र होकर मानव श्रृंखलाएं बनाई। इसी तरह के आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया, विकासखंड घुघरी के कुसमी, तबलपानी, डोंगरमंडला, नैझर, गजराज तथा अन्य शासकीय स्कूलों में भी किए गए।

नेहरूस्मारक पर एकत्र होकर छात्र-छात्राओं ने की नैतिक मतदान की अपील
शासकीय हाईस्कूल बिंझिया के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रैली का आयोजन किया। रैलियों का समापन नेहरूस्मारक चौक पर किया गया। इस दौरान एकत्र होकर बच्चों ने निष्पक्ष मतदान के लिए लोगों से अपील की तथा अभिभावकों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया।

