मंडला, 1 नवंबर 2025
रबी सीजन के दौरान किसानों को समय पर और सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। “प्रोजेक्ट एग्री टोकन” के माध्यम से अब किसान बिना कतार में लगे, निर्धारित समय पर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
इस नई प्रणाली से विपणन संघ के गोदामों, सहकारी समितियों एवं निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से खाद वितरण में पारदर्शिता और व्यवस्था सुनिश्चित होगी। यह पहल किसानों को लंबी कतारों और अव्यवस्था से मुक्ति दिलाएगी।
मुख्य उद्देश्य
उर्वरक वितरण प्रणाली में सुधार एवं पारदर्शिता लाना। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना। वितरण केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करना। किसानों के समय और संसाधनों की बचत करना। खाद की कालाबाजारी पर नियंत्रण रखना।
टोकन प्रणाली की प्रक्रिया
किसान टोल फ्री नंबर 07642-181 पर कॉल करके आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएँगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम द्वारा किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एग्री टोकन नंबर और वितरण का दिन एवं समय एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। किसान निर्धारित दिन और समय पर अपने वितरण केंद्र पर पहुँचकर बिना किसी भीड़ के खाद प्राप्त कर सकेंगे।
यह मिलेगा एसएमएस संदेश
प्रिय कृषक, आपका खाद खरीद के लिए टोकन नंबर {…} एवं समय {…} बजे तक है। आप वितरण केंद्र {…} में दिनांक {….} को उपस्थित होकर खाद प्राप्त करें।
किसानों के लिए लाभ
लम्बी कतारों से मुक्ति। समय की बचत। पारदर्शी एवं नियंत्रित खाद वितरण। कालाबाज़ारी पर रोक एवं कृषि कार्यों में सुविधा और समयबद्धता।
जिला प्रशासन मंडला द्वारा आरंभ किया गया “एग्री टोकन प्रोजेक्ट” जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो खाद वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा।
