मंडला, 24 नवंबर 2025
क्रांतिवीर पुण्य स्मृति दिवस 24 नवम्बर पर मण्डला के गुमनाम शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शहीद हुए मंडला जिले के क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से रविवार को क्रांतिवीर स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय बड़ चौराहे में स्थित बरगद के वृक्ष में अनेकों क्रांतिकारियों को फांसी की सजा दी गई थी। अंग्रेजों ने 24 नवंबर 1857 को तो इस वृक्ष में एक साथ 21 क्रांतिकारियों को फांसी दे दी थी। ऐसे सभी गुमनाम क्रांतिकारियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से नगर के रानी अंवती बाई चौराहे से बडी संख्या में समाजसेवियों ने मशाल यात्रा निकाली, नगर के बड़चौराहे पर क्रांति वट स्मारक पर यात्रा पर सम्पन्न हुई।

क्रांति वट स्मारक पर मौजूद नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित उपस्थित समाजसेवियों ने दीप जलाकर शहीदों का स्मरण किया। क्रांतिवीर पुण्य स्मृति दिवस मनाएं जाने के संबंध में कार्यक्रम के संयोजक विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि इतिहासकारों का मानना है कि 24 नवंबर 1857 को बरगद के इस पेड़ पर एक साथ 21 क्रांतिकारियों को फांसी दी गई थी। दुःख की बात है कि इन बलिदानियों के नाम इतिहास में दर्ज नहीं है। कार्यक्रम के माध्यम से 1857 के संग्राम में जिलेवासियों के पराक्रम और बलिदान की कहानी का स्मरण किया गया। जिससे आने वाली पीढ़ी क्रांतिकारियों को याद कर स्वाधीनता की कीमत समझ सके। उन्होंने 1857 के क्रांति के समय मण्डला के खैरी और लालीपुर संग्राम से जुड़ी जनश्रुति से अवगत कराया। सभी ने एक स्वर में वंदे मातरम गान किया। इसके पश्चात मौन धारण कर शहीदों के प्रति श्रृद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान श्री रानू राजपूत, सरपंच टिकरवारा श्रीमती श्रद्वा उइके कवरेती, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, नायब तहसीलदार रामसिंह उलाड़ी सहित बडी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।

