मंडला, 02 दिसंबर 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में शिकायतों के त्वरित और मौके पर निराकरण की पहल लगातार सफल हो रही है। इसी क्रम में आज जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग परिक्रमावासी श्री सज्जन सिंह ठाकुर को उनकी आवश्यकतानुसार तुरंत ट्रायसाइकिल प्रदान की गई।

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री मिश्रा के समक्ष श्री सज्जन सिंह ठाकुर ने ट्रायसाइकिल के लिए आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्या बताते हुए कहा कि दिव्यांगता के कारण चलने और अपने दैनिक कार्यों में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने श्री सज्जन सिंह की समस्या को संवेदनशीलता से लिया। उन्होंने बिना किसी विलंब के सामाजिक न्याय विभाग की योजना के तहत मौके पर ही ट्रायसाइकिल प्रदान किए।
ट्रायसाइकिल मिलने पर श्री सज्जन सिंह ठाकुर ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कलेक्टर से आत्मीय चर्चा की और इस त्वरित सहायता के लिए जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री सचिन जैन, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री रोहित बड़कुल उपस्थित थे।
