Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

ग्रीष्मकाल में शुद्ध पेयजल सर्वोच्च प्राथमिकता – कलेक्टर हेंडपंप मरम्मत, ई-ऑफिस तथा अधिकारियों के फील्ड विजिट पर जोर सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय से लम्बित शिकायतों को 10 दिनों में निपटाने के निर्देश

मंडला, 22 अप्रैल 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने योजना भवन में आयोजित समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना ग्रीष्मकाल में हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर चिन्हित रेड जोन के 659 हेंडपंप वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। यलो जोन के सभी 830 हेंडपंपों के पानी की टेस्टिंग करें। सुधार योग्य हेंडपंप एक सप्ताह में ठीक कराना सुनिश्चित करें। जिन हेंडपंप का जल स्तर नीचे चला गया है, वहां हेंडपंपवार पाईप बढ़ाने अथवा मोटर लगाने का प्लान तैयार कर शुक्रवार तक प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि एकल नलजल योजना के क्षेत्रों में प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। हमें उपलब्ध साधनों का समुचित दोहन करते हुए सभी घरों तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करानी है। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएचई विभाग द्वारा संभावित पेयजल परिवहन क्षेत्रों की स्वयं मॉनिटरिंग करें।

रबी उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक नान सहित संबंधित अधिकारी उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण करें। यह सुनिश्चित करें कि कृषकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। उपार्जन केन्द्रों में शीतल पेयजल के साथ-साथ शौचालय व छाया की व्यवस्था अनिवार्यतः हो। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि केन्द्रों में किसानों को छाछ उपलब्ध कराएं। छोटे कृषकों की फसल का पहले तौल कराएं।

ई-ऑफिस के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि कोई भी फाईल ऑफलाईन स्वीकार नहीं की जायेगी। जिन जिला अधिकारियों का आईडी फंक्शनल नहीं है, सभी जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस के साथ समन्वय करते हुए इसे फंक्शनल कराएं। ई-ऑफिस से फाईल प्रस्तुत न करने पर विभाग प्रमुख पर कार्यवाही की जायेगी। जिला अधिकारियों के फील्ड विजिट को लेकर कलेक्टर श्री धोटे ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर ही वेतनपत्रक तैयार किए जायेंगे। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि समस्त जिला अधिकारी फील्ड विजिट के दौरान विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का अनिवार्यतः निरीक्षण करें। बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी करें।

आंगनबाड़ी तथा विद्यालयों के जर्जर भवनों के संबंध में कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देशित किया कि महिला एवं बाल विकास विभाग जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की तथा जिला शिक्षा केन्द्र जर्जर विद्यालयों की जानकारी प्रस्तुत करें। मरम्मत योग्य भवनों के प्राक्कलन तैयार कर लाएं। उन्होंने कहा कि जिन आंगनबाड़ियों में बालिका शौचालय का काम कराया जा रहा है, उन्हें 30 अप्रैल तक पूर्ण कराएं। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि महिला शौचालय स्वच्छ हों, यह सुनिश्चित करें। सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि कार्यालयों में उपलब्ध शौचालयों का स्वयं निरीक्षण करें एवं उनकी स्वच्छता सुनिश्चित कराएं।

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने मार्च माह के लिए जिले की 9वी रैंक आने पर सभी जिला अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी विभाग ए ग्रेड में बने रहने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस माह 50 दिवस से अधिक समय से लम्बित शिकायतों के निराकरण में हमारा वेटेज स्कोर कम है। सभी विभाग प्रमुख आगामी 10 दिनों में अपनी-अपनी 50 दिवस से अधिक समय से लम्बित शिकायतों का शिकायतवार फॉलोअप लें। यदि शिकायत निराकरण योग्य है, तो इस अवधि में उसका निराकरण सुनिश्चित करें, यदि शिकायतकर्ता अपात्र है अथवा इससे संबंधित विषय न्यायालय के विचाराधीन है या शिकायत मांग आधारित है, इन तीनों श्रेणियों की शिकायतों को नियमानुसार फोर्सक्लोज कराएं। कलेक्टर श्री धोटे ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपनी विभागीय रैंकिंग में ए ग्रेड में रहना सुनिश्चित करें। सहकारिता तथा जनजातीय कार्य विभाग की रैंकिंग मार्च माह में निम्न श्रेणी में रही। इस पर चेतावनी देते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि अप्रैल माह में अपनी ग्रेडिंग सुधारें। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत आने वाली शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

विभागीय अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सभी विभाग अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित रोस्टर तैयार करें। ध्यान रहे कि रोस्टर में नियमानुसार ईडब्ल्यूएस श्रेणी को भी अनिवार्य रूप से शामिल करें। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में सर्कुलर 2020 के अनुरूप अपना रोस्टर तैयार करते हुए सभी प्रकरणों का विश्लेषण करते हुए आगामी एक माह में प्रकरणों का डिस्पोजल करें। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, पर्यटन नीति 2025, पैरामेडिकल संस्थाओं का निरीक्षण, नस्ल सुधार कार्यक्रम, जल गंगा संवर्धन, उच्च न्यायालय से संबंधित प्रकरण, अंतर्विभागीय विषय सहित अन्य विषयों पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

टीएल बैठक के दौरान एसडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव द्वारा वर्चुअल माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में पिछले सत्र में बिछिया अनुविभाग में अपनाई गई कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया गया। जिसके माध्यम से वनांचल के ग्रामों में शासकीय विद्यालयों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए गणित, विज्ञान तथा अंग्रेजी जैसे विषयों में दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास दर्शाए गए। उन्होंने बताया कि इसके लिए विशेष टीम गठित करते हुए साप्ताहिक टास्क तय किए गए तथा प्रत्येक मंगलवार को इसका फॉलोअप किया गया। जिससे वर्ष के अंत में परीक्षा के परिणामों में आशातीत सफलता दिखाई दी। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि यह मॉडल अन्य सभी विकासखंडों में भी लागू किया जाना आवश्यक है, जिससे पूरे जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की दक्षता में परिवर्तन लाया जा सके। इसी प्रकार एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर ने रोगी कल्याण समिति के संबंध में पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान निरामय के जरिए रोगी कल्याण समिति को किस तरह अतिरिक्त राशि प्राप्त हो सकती है ? इससे सभी सिविल अस्पताल अपनी रोगी कल्याण समिति को आर्थिक रूप से सक्षम बना सकते हैं जिससे चिकित्सालय के जरूरी काम आसानी से संभव हो सकेंगे। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित संबंधित जिला अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

हिरदेनगर में श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन .कथा में पहुंचे प्रभारी मंत्री, मंडला सांसद, कैबिनेट मंत्री

Reva India News

राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगता मैं लक्ष्य व सचिन का चयन ।

Reva India News

सीएम राईज स्कूल निवास में टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई  

Reva India News

Leave a Comment