मध्यप्रदेश के 67वे स्थापना दिवस पर निकाली गई प्रभात फेरी
मध्यप्रदेश गान, माँ नर्मदा के घाटों की सफाई एवं नशामुक्ति की ली गई शपथ
मंडला 1 नवम्बर 2022
1 नवम्बर को मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी पंचायत एवं अनुविभाग स्तर पर भी 1 नवम्बर को सुबह से प्रभातफेरी आयोजित की गई। जिला मुख्यालय में प्रभात फेरी के पूर्व मध्यप्रदेश गान गाया गया। प्रभातफेरी स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड से चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर चौराहा, बैगा-बैगी चौक, नेहरु स्मारक होते हुए रपटा घाट तक निकाली गई। साथ ही माँ नर्मदा के घाट की सफाई और अंत में नशामुक्त एवं स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प लिया गया। महात्मा गांधी स्टेडियम में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर वंदेमातरम् का गायन भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एस.डी.एम मंडला, एडिशनल सी.ई.ओ., पार्षदगण, सी.एम.ओ. नगरपालिका अधिकारी, सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के लोग, जनअभियान परिषद श्री चौधरी, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य और संस्थाओं के प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षक, स्पोर्ट्स स्टूडेंट्स एवं नगर के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

नगरीय निकायों के सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा
मंडला 1 नवम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ज़िले के पांचों नगरीय निकायों के सभी सीएमओ की बैठक ली। बैठक में उन्होने निकायवार समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने कहा कि ये सभी नगरपालिका अधिकारी नियमित रूप से एवं प्राथमिकता के साथ सीएम हेल्पलाइन के सभी स्तरों पर लंबित प्रकरणों को सतत एवं नियमित रूप से निराकृत करें। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, पात्रता पर्ची, संबल पात्रता एवं अन्य समस्याओं से जुड़ी प्रत्येक शिकायतों की समीक्षा की तथा नगरपालिका अधिकारी से जवाब माँगे। बैठक में एडीएम मीना मसराम सहित सभी नगरीय निकायों के नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे।

स्थापना दिवस के अवसर पर 34 अमृत सरोवरों का हुआ भूमिपूजन
जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में हुए शामिल
मंडला 1 नवम्बर 2022
1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मंडला जिले के सभी विकासखंडों में अलग-अलग 34 स्थानों पर अमृत सरोवरों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। घुघरी विकासखंड में 6, मंडला में 2, मवई में 5, नारायणगंज में 1, बीजाडांडी में 2, मोहगांव में 5, बिछिया में 11 तथा नैनपुर में 2 अमृत सरोवर निर्माण कार्यों का भूमिपूजन हुआ। पदमी में अमृत सरोवर निर्माण कार्य के भूमिपूजन में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम उपस्थित थे। इसी प्रकार जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले तथा विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा एवं जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर उपस्थित थे।

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 39 आवेदन
मण्डला 1 नवम्बर 2022
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में 39 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसीईओ एसएस मरावी, एसडीएम मंडला सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में ग्राम लफरा निवासी अवधेश कुमार नागवंशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में, ग्राम बारंगदा बीजाडांडी निवासी जगदीश प्रसार मरावी ने अपराधियों को संरक्षण दिए जाने के संबंध में, ग्राम पीपरपानी निवासी भगवानदास भांवरे ने राशन कार्ड में नाम जोड़ने के संबंध में तथा अन्य आवेदकों ने अलग-अलग समस्याओं के संबंध में आवदेन प्रस्तुत किए।

म.प्र. स्थापना दिवस पर न.पा. मण्डला द्वारा पीएम आवासों का किया गया भूमिपूजन
मण्डला 1 नवम्बर 2022
मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला ने बताया कि म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के स्वीकृत आवासों का भूमिपूजन कराया गया। वार्ड क्र. 4 एवं 5 में भूमिपूजन का कार्यक्रम नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा एवं उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

गोपनीय सामग्री का वितरण 4 को
मंडला 1 नवम्बर 2022
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल एवं राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति चयन परीक्षा का आयोजन 6 नवम्बर को निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में किया जाएगा। चयन परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 4 नवम्बर को प्रातः 11 बजे से जिला स्तरीय स्ट्राँग रूम कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी मण्डला से किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्बे द्वारा बताया गया है कि गोपनीय सामग्री प्राप्त करने एवं वापिस किये जाने हेतु सर्व सम्बंधित शासकीय सेवकों के आदेश जारी किये जा चुके हैं। विद्यालय में पदस्थ प्राचार्य अथवा प्रभारी प्राचार्य ही केन्द्राध्यक्ष रहेंगे। बोर्ड परीक्षा प्रभारी महेन्द्र श्रीवास द्वारा बताया गया है कि परीक्षा केन्द्रों के प्राचार्य स्वयं अथवा अधिकृत प्रतिनिधि को भेजकर गोपनीय सामग्री प्राप्त किया जाना सुनिश्चित करेंगे। इन विद्यालयों को गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा। शासकीय कन्या उमावि महाराजपुर, नवीन महाराजपुर, उत्कृष्ट नैनपुर, कन्या नैनपुर, नवीन नैनपुर, उत्कृष्ट बिछिया, कन्या बिछिया, उत्कृष्ट मवई, कन्या मवई, उत्कृष्ट घुघरी, उत्कृष्ट मोहगांव, उत्कृष्ट नारायणगंज, कन्या नारायणगंज, उत्कृष्ट बीजाडांडी, कन्या बीजाडांडी, उत्कृष्ट निवास, कन्या निवास को उपस्थित होकर गोपनीय सामग्री प्राप्त करना है।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति एवं संत रविदास स्वरोजगार योजना के आवेदन ऑनलाईन आमंत्रित
मंडला 1 नवम्बर 2022
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोज़गार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक सेवा, खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं जिसमें वित्तीय सहायता 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान राशि प्रतिपूर्ति के रूप में त्रैमासिक आधार पर प्रदान कि जाएगी।
पात्रता
आवेदक को 8वी कक्षा उतीर्ण, 18 से 45 आयु वर्ग के हो तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। जैसे- मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आवश्यक लायसेन्स व अन्य दस्तावेज। अब आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 50 हजार से 50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाई के लिए 50 हजार से 25 लाख तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। योजना में 3 प्रतिशत त्रैमासिक दर 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है।
संत रविदास स्वरोजगार योजना
जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित जिला, मण्डला में संचालित योजना जिसमें केवल अनुसूचित जाति वर्ग हेतु संत रविदास स्वरोजगार योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 1 लाख से 50 लाख तक सेवा, खुदरा व्यवसाय हेतु 1 लाख से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं जिसमें वित्तीय सहायता 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान राशि अधिकतम 7 वर्षों तक नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एवं राशि) की शर्त पर दिया जायेगा एवं म0प्र0 शासन द्वारा गांरटी फीस देय होगी।
पात्रता
आवेदक को 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण, 18-40 वर्ष आयु, परिवार की वार्षिक आय 12 लाख से अधिक न हो एवं 18 से 55 वर्ष के आयु वाले बेरोजगार युवक, युवतियां 10 हजार से 1 लाख तक की स्वरोजगार स्थापित करने हेतु डॉ0 भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजनांतर्गत आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित जिला मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सोलर रूफटॉप शिविर आज
मण्डला 1 नवम्बर 2022
अधीक्षण अभियंता वृत्त म.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. ने बताया कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सोलर रूफटॉप योजना के प्रचार-प्रसार के लिए 2 नवंबर 2022 को जिले के मण्डला, नैनपुर, बिछिया एवं अंजनियाँ वितरण केन्द्र कार्यालयों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

मेडिकल बोर्ड शिविर आज
मण्डला 1 नवंबर 2022
सिविल सर्जन डॉ. के.आर. शाक्य ने बताया कि मेडिकल बोर्ड जिसमें दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र एवं फिटनेस हेतु जिनके मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने 1 नवंबर 2022 दिन मंगलवार को शिविर आयोजित किया जाना था, जो म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर आधे दिवस का शासकीय अवकाश होने के कारण अब 2 नवम्बर 2022 दिन बुधवार को आयोजित किया जाएगा। दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं फिटनेस के लिए आने वाले आवेदक 2 नवम्बर को जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित हों।

2 नवम्बर को नेहरू पार्क में लाड़लियों के लिए होगा कार्यक्रम
मण्डला 1 नंवबर 2022
1 नवम्बर को मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के साथ-साथ ज़िले में भी स्थापना दिवस एवं सप्ताहभर अनेक कार्यक्रमों आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 2 नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होगा। जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में लाड़ली लक्ष्मियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 31 अक्टूबर को पार्क का दौरा किया तथा आवश्यक तैयारियों के संबंध में ज़रूरी निर्देश दिए। 2 नवम्बर के दिन कलेक्ट्रेट से लेकर पार्क तक के पथ को ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’ के रूप में सज़ाया जायेगा। साथ ही कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। पार्क में साफ़-सफ़ाई, सजावट एवं वृक्षारोपण आदि के लिए ज़रूरी इंतज़ाम भी किये जा रहे हैं।
मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने ज़िले से रवाना हुई बेटियाँ
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्वेता तड़वे ने बताया कि प्रदेश स्तर पर दो नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मंडला ज़िले से एक नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाली बेटियों का दल मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुआ है।

म.प्र. स्थापना दिवस के अवसर पर डाईट में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
स्कूली छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
मंडला 1 नवम्बर 2022
1 नवम्बर 1956 को मध्यप्रदेश राज्य का गठन हुआ। प्रदेश के साथ-साथ सभी जिलों में 1 नवम्बर को मध्यप्रदेश की स्थापना का 67वा वर्ष मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर मंडला जिले में जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक अनेक कार्यक्रम आयोजित हुए। डाईट मंडला में 1 नवम्बर की शाम को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते वीसी के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने 7 नवम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की सभी को बधाई भी दी।
स्थापना दिवस के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का डाइट में सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित वरिष्ठ अधिकारी, वन विभाग से ज्वाइन डायरेक्टर श्री यादव, स्कूल छात्र-छात्राएं एवं संबंधित उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

