Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 8 दिसम्बर 2022

कृषि के लिए प्रदाय किए जा रहे जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने किया नैनपुर क्षेत्र का भ्रमण

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नैनपुर क्षेत्र के बीजेगांव, पोटिया, बिनोरी, भरवेली, पिंडरई तथा इटका आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने बीजेगांव डैम, पिंडरई में उपार्जन केन्द्र तथा इटका में नहर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बीजेगांव डैम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल संग्रहण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निस्तार तथा कृषि कार्य के लिए पानी छोड़ने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि थावर नदी से बोल्डर मिट्टी हटाने का प्रस्ताव तैयार करें। आरईएस तथा डब्ल्यूआरडी के कार्यपालन यंत्री संयुक्त रूप से मौके का भ्रमण करते हुए कटाव को रोकने तथा पानी की गति को नियंत्रित करने के लिए योजना तैयार करें।

 

किसानों को दी जल के सदुपयोग करने की समझाईश

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम बिनोरी, पोटिया तथा भरवेली में किसानों से चर्चा करते हुए उन्हें जल के सदुपयोग करने की समझाईश दी। श्रीमती सिंह ने कहा कि निस्तार तथा कृषि के लिए प्रदाय किए जा रहे जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करें। नहर तथा केनालों को नुकसान न पहुंचाएं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में जल चौपाल का आयोजन कर लोगों को मोटर पंप लगाने के लिए मना करें, अन्यथा की स्थिति में मोटर पंप जब्त करने की कार्यवाही करें।

 

स्वरोजगार तथा केसीसी के लिए शिविर लगाएं

 

ग्राम बिनोरी में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कृषि तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वरोजगार शिविर आयोजित कर युवाओं को लाभान्वित करें। इसी प्रकार कैम्प आयोजित कर प्रत्येक पात्र हितग्राही का किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणजनों से स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, खाद-बीज वितरण, विद्युत आपूर्ति आदि योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।

 

समिति प्रबंधक को नोटिस देने के निर्देश

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पिंडरई में संचालित उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करते हुए खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी में गुणवत्ता के मानकों का ध्यान रखें। धान की सफाई के नाम पर किसानों से ली जाने वाली राशि की जानकारी चस्पा करें। बारदानों में आवश्यक जानकारी अंकित नहीं होने, टैग न लगाए जाने तथा परिवहन में लापरवाही आदि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शतप्रतिशत बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

 

केनाल मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करें

 

कलेक्टर ने इटका आदि क्षेत्रों में नहरों तथा केनालों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को कृषि कार्य के लिए आवश्यक पानी प्रदाय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पानी के कारण कृषि कार्य प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी मॉनीटरिंग करते हुए दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने नहरों तथा केनालों की साफ-सफाई तथा मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के लिए 9 और 10 दिसंबर को कार्यालयों में शिविर आयोजित करें

कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 9 एवं 10 दिसंबर को सभी कार्यालयों में शिविर का आयोजन करें। आवेदकों को बुलाकर उनसे चर्चा करें तथा आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर सुनवाई करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रयास करें।

कलेक्टर ने कहा कि 9 एवं 10 दिसंबर को लगने वाले शिविरों का विधिवत प्रचार-प्रसार करें। शिविरों को परिणाममूलक बनाएं। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक दिनों से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करें। एल-1 से एल-4 स्तर तक दर्ज सभी शिकायतों का अध्ययन करें तथा उनके सकारात्मक निराकरण की पहल करें। राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य विभाग तथा नगरीय निकायों में लंबित प्रकरणों की संख्या सर्वाधिक है। संबंधित विभागों के अधिकारी अगले 2 दिवस में पूरी क्षमता से प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही करें। संतोषजनक काम नहीं करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि ऑनलाईन पोर्टल पर पूरी जिम्मेदारी से जवाब अंकित करें। भविष्यात्मक शब्दों का प्रयोग न करें। उन्होंने पूर्व में प्रस्तुत किए जवाबों का अध्ययन कर उनमें आवश्यक सुधार करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपस में प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी ग्रेडिंग सुधारने का प्रयास करें। इसी प्रकार नीतिगत मामलों में वरिष्ठ कार्यालयों से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के संबंध में जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएं। उन्होंने लोकसेवा प्रबंधक को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सभी विभागों द्वारा प्रकरणों के निराकरण के संबंध में की गई कार्यवाही का दोनों समय जानकारी लें। लोकसेवा प्रबंधक कंट्रोल रूम में नियुक्त अमले से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

समन्वय से करें यातायात समस्या का समाधान –  हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने की व्यापारी तथा आमजनों के साथ बैठक

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने व्यापारी तथा आमजनों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाना आवश्यक है। इस समस्या का अच्छा समाधान व्यापारी, पथ विक्रेता, व्यवसायिक वाहन चालक तथा जनसामान्य के समन्वय से ही संभव है। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, अपर कलेक्टर मीना मसराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कंवर, पत्रकारगण, व्यापारीगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि चिलमन चौक, रेडक्रॉस, पड़ाव तथा बस स्टेंड जैसे व्यस्थतम मार्गों पर विशेष ध्यान दें। नगर में यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालें। एसडीएम, आरटीओ तथा यातायात प्रभारी विभिन्न मार्गों के लिए ऑटो स्टेंड तथा पिकअप प्वाईंट चिन्हित करें। कलर कोडिंग के संबंध में ऑटो चालकों से चर्चा करें। व्यापारियों से चर्चा कर इन मार्गों में व्यावसायिक वाहनों को प्रवेश के लिए समय का निर्धारण करें। इसी प्रकार फल एवं सब्जी व्यावसायियों से बैठक कर उन्हें अन्यत्र शिफ्ट करने की योजना तैयार करें। कलेक्टर ने नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे दुकानदारों पर कार्यवाही करें जो सड़कों पर भी सामग्री रखते हैं। रेड जोन में वाहन सुधारने, सर्विस सेंटर संचालकों को नोटिस जारी करें। बस स्टेंड से रवाना होने के बाद बस नगर के अन्य किसी चौराहे में न रोकी जाएं। बस स्टेंड में अनावश्यक खड़ी बसों से जुर्माना वसूली करें। मछली व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें नगर से दूर शिफ्ट करने की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरपालिका द्वारा सड़कों में सफेद लाईन बनाएं तथा उसका सख्ती से पालन कराए। कलेक्टर ने यातायात को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों के गठन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उपस्थितजनों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

अतिक्रमण मुक्त करें अस्पताल रोड

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि अस्पताल जाने वाला मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सड़कों पर लगने वाली दुकानों के कारण एम्बूलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है ऐसी स्थिति कतई स्वीकार्य योग्य नहीं है। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

रास्ते और चौराहों पर आयोजन करने के लिए अनुमति जरूरी

 

नगर के रास्तों और चौराहों में होने वाले आयोजनों के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रास्ता बंद करके किसी प्रकार का आयोजन उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि रास्ते और चौराहों पर आयोजन करने के लिए एसडीएम से लिखित अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। उन्हांेने अनुमति न पाए जाने की स्थिति पर संबंधितों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

पशु मालिकों पर करें कार्यवाही

 

नगर में आवारा पशुओं से होने वाली परेशानी के संबंध में गणमान्य नागरिकों द्वारा बात उठाए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि आवारा पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने की कार्यवाही करें तथा पशु मालिकों के विरूद्ध प्रावधानित धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए एसडीएम कोर्ट में सुनवाई करें।

 

 

 

 

 

 

 

जल-जीवन मिशन अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

यह योजना ग्रामीणों के लिए संजीवनी – संजय कुशराम

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

जल जीवन मिशन पर ग्रामोद्योग संस्थान के द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। जल जीवन मिशन के द्वारा पी.एच.ई. विभाग के अंतर्गत ग्रामस्तरीय सामुदायिक कार्यकर्ताओ का 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामोद्योग संस्थान द्वारा कटरा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि ’जल है तो कल है’ जब हमारे आसपास पानी बचेगा तो हमारा जीवन बचेगा। हमने पानी की समस्या को करीब से देखा है लेकिन यह हमारा सौभाग्य है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना आज धरातल में उतर रही है। यह योजना हमारे जीवन के लिए संजीवनी है। उन्होंने कहा कि हम इस योजना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और हमेशा अपना अंशदान देकर गांव में शुद्ध पानी की आपूर्ति कराने में निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी प्रशिक्षणार्थियों को गांव में इस योजना को लेकर जन जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मनोज भास्कर ने कहा कि ’जल से ही अपना कल है’ और इस जल पर ही हमारा पूरा जीवन निर्भर है। इसलिए इस योजना को सफल बनाने में सिर्फ सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं है हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शुद्ध पेयजल हमारे घर तक आ रहा है ये सरकार की क्रांतिकारी प्रयास है। आने वाले समय में भी नल जल योजना बेहतर तरीके से हमारे सभी गांव में क्रियान्वित होती रहे इसके लिए हम सबको मिलकर सामूहिक रूप से प्रयास करते रहना है।

विधायक देवसिंह सैयाम एवं राजभाषा हिंदी सलाहकार इस्पात मंत्रालय भारत सरकार के सदस्य सुधीर कसार ने भी जल जीवन मिशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन के विषय में विस्तृत बात रखी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आज डाईट में होगा जिला स्तरीय हितलाभ वितरण कार्यक्रम

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ के वितरण के कार्यक्रम जिले में 9 दिसम्बर को आयोजित किये जायेंगे। ये कार्यक्रम जिला स्तर, जनपद पंचायत व ग्राम पंचायत स्तर और नगरीय निकायवार आयोजित होंगे। जिला स्तरीय हितलाभ वितरण के कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार 9 दिसम्बर को दोपहर एक बजे से डाईट सभाकक्ष में होगा। कार्यक्रमों में अतिथियों के माध्यम से हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरण का संभाग स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में छिंदवाड़ा जिले में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया जायेगा। संभाग स्तरीय कार्यक्रम में जिले के दो हजार हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ/ प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कार्यक्रम में हितग्राहियों को राशि वितरित

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

मुख्यमंत्री के आत्थिय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का मंदसौर से लाईव प्रसारण को नगरपालिका टाऊन हॉल में देखा गया। कार्यक्रम में निकाय क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत (बीएलसी घटक) के हितग्राहियों को लगभग राशि 40 लाख रूपए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किश्त तथा पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को कुल राशि 1.70 लाख वितरण किया गया। इसके पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा एवं संबंधित वार्ड पार्षद द्वारा वार्ड में गृह प्रवेश व भूमि पूजन का कार्यक्रम किया गया। मुख्य कार्यक्रम में समस्त गणमान्य वार्ड पार्षद, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानन नाफडे़, समस्त नगरपालिका कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक तथा हितग्राही उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

काऊकैचर द्वारा आवारा घूम रहे मवेशी एवं कुत्तों को पकड़ने की हुई कार्यवाही

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद मंडला ने बताया कि काऊ कैचर के माध्यम से नगर के सार्वजनिक स्थानों पर आवारा घूम रही मवेशियों को पकड़कर फूलसागर में स्थित गौशाला में छोड़ा गया है। साथ ही नगरपालिका के द्वारा नगर में घूम रहे आवारा कुत्तों  को पकड़कर डॉग हाऊस में बंद करने का कार्य एनजीओ के माध्यम से 8 दिसंबर 2022 को प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही नगरवासियों से अपील की गई है कि अपने-अपने मवेशियों को अपने नियंत्रण में रखें एवं पालतू कुत्तों को रोड में न छोड़ें। यह अभियान नगरपालिका परिषद मंडला के द्वारा निरंतर चलाया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण एवं नर्मदा घाटी विकास प्रभारी मंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 8 दिसंबर 2022

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग प्रभारी राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह का 10 दिसंबर को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुशवाह प्रातः 10 बजे जबलपुर से नारायणगंज के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे नारायणगंज पहुंचकर कृषक प्रशिक्षण शिविर एवं ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगे। वे प्रातः 11ः30 बजे नारायणगंज से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव आज

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

9 दिसम्बर 2022 को प्रातः 10 बजे से सुजुकी मोटर कम्पनी गुजरात द्वारा आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, टूल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर वेल्डर, ट्रेक्टर मैकेनिक, पेंटर एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थी इस दिन अपने दस्तावेज में मूल फोटो एवं रिज्यूम के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा लिखित परीक्षा प्रारम्भिक द्वारा चयन किया जायेगा इसमें केवल 18 वर्ष से 24 वर्ष तक के अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 21 हजार रूपये प्रति माह एफटीसी इन हैण्ड 14925 रूपये एवं अन्य सुविधायें दिये जायेंगे। अप्रेंटिसशिप की अवधि एक वर्ष के लिए होगी। जॉब लोकेशन सुजुकी मोटर हंसालपुर मेहसाना प्लांट, गुजरात है। अधिक जानकारी के लिए शासकीय

 

 

 

 

 

 

 

 

 

160892 क्विंटल धान उपार्जित

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले के सभी 67 खरीदी केन्द्र क्रियाशील है, जिनमें अभी तक 13624 किसानों ने 160892 क्विंटल धान विक्रय किया गया है। जिले में किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग धीमी गति से किया जा रहा है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि अंतिम तिथि 6 जनवरी 2022 के पूर्व अपनी सुविधा अनुसार उपार्जन केन्द्र का चयन कर स्लॉट बुकिंग करा लेें। ताकि असुविधा से बच सके। प्रशासन द्वारा किसानों से अच्छी औसत किस्म (एफ.ए.क्यू.) क्वालिटी का धान उपार्जन केन्द्र पर विक्रय हेतु ले जाने का अनुरोध किया गया है।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया यूनेक्स टर्फ का शुभारंभ

 

मंडला 8 दिसम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बंजरक्लब मण्डला में बैडमिंटन के यूनेक्स टर्फ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए बंजरक्लब द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इस टर्फ के लगने से जिले के खिलाड़ी अपने खेल को और बेहतर बना सकेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, बंजरक्लब के सचिव डॉ. टीपी मिश्रा, मण्डला बैडमिंटन एसोसियेशन के सचिव चन्द्रेश खरे सहित खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

                ज्ञात होवे कि यूनेक्स टर्फ का उपयोग अंतर्राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोेगिताओं में किया जाता है। बंजरक्लब में इस तरह का टर्फ लगाए जाने पर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है। पिछले कुछ वर्षों में जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

 

Related posts

जिले में साहस-जेंडर जस्टिस लैब्स की शुरुआत

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 13 नवम्बर 2022

Reva India News

जिला सहकारी बैंक की प्रशासन एवं ऋण समिति की बैठक आयोजित  

Reva India News

Leave a Comment