चना, मसूर, राई-सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 31 मई तक
मंडला 8 अप्रैल 2023
शासन द्वारा रबी वर्ष 2022-23, विपणन वर्ष 2023-24 की उपज चना, मसूर, राई, सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 25 अप्रैल से 31 मई तक की जाएगी। भारत सरकार द्वारा औसत अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) के चना, मूसर, राई, सरसों को समर्थन मूल्य क्रमशः 5335 प्रति क्विंटल, 6000 प्रति क्विंटल तथा 5450 प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। जिले में उपार्जन हेतु 3 उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण किया गया है जिसमें आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मण्डला, उपार्जन स्थल एसडब्ल्यूसी 1245 गोदाम सुभाष वार्ड मण्डला, विपणन सहकारी समिति बिछिया, उपार्जन स्थल एमपीडब्ल्यूएलसी न. 1 गोदाम भुआ बिछिया, विपणन सहकारी समिति नैनपुर उपार्जन स्थल एमपीडब्ल्यूएलसी न. 1 गोदाम शांति नगर नैनपुर उपार्जन केंद्रों में उपार्जन कार्य सप्ताह में पांच दिवस (सोमवार से शुक्रवार) प्रातः 8 बजे से शाम 8 तक कार्य किया जाएगा। कृषक तौल पर्ची सांय 6 बजे तक जारी की जाएगी। उपज विक्रय हेतु एसएमएस प्राप्त होने का इंतजार करने की आवश्यकता को समाप्त करते हुए कृषक स्वयं उपार्जन केन्द्र एवं उपार्जन दिनांक स्लॉट बुकिंग के माध्यम से कर सकेंगे। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत, सत्यापित कृषक द्वारा स्वयं के मोबाईल, एम.पी. ऑनलाईन, सी.एस.सी., ग्राम पंचायत, लोकसेवा केंद्र, इन्टरनेट कैफे, उपार्जन केन्द्र से स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी।

गेहूं उपार्जन की अंतिम तिथि 15 मई तक
मंडला 8 अप्रैल 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी विपणन वर्ष 2023-24 अन्तर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 1 अप्रैल 2023 से 15 मई 2023 तक नियत की गई है। जिले में 53 उपार्जन केन्द्रों में से 457 किसानों ने ही स्लॉट बुक कराया गया है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य 2125/- प्रति क्विंटल नियत किया गया है। गेहूं विक्रय हेतु जिले की सहकारी संस्थाओं के उपार्जन केन्द्रों पर स्लॉट बुकिंग निःशुल्क किया जा रहा है, जो किसान अपनी उपज उपार्जन केन्द्रों पर विक्रय करना चाहते है, वे अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र का चयन कर सकते है। चयन की सुविधा उपार्जन पोर्टल के www.mpeuparjan.nic.in पर या स्वयं के मोबाईल से भी स्लॉट बुक कर सकते हैं। किसानों से आग्रह है कि स्लॉट बुकिंग करते समय एक बार ही उपार्जन केन्द्रों का चयन करें ताकि बार-बार निरस्त कराने की आवश्यकता न हो अन्यथा बार-बार निरस्त करने पर पात्रता नहीं रहेगी। जिले में 29 गोदाम स्तरीय केन्द्र बनाये गए है ताकि केन्द्रों से कम से कम परिवहन करना पड़े। अतः जिले के किसानों से आग्रह है कि एफ.ए.क्यू. क्वालिटी की उपज लेकर ही उपार्जन केन्द्र पर आए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न रहे। जिले के सभी खरीदी केन्द्रों को खरीदी की सम्पूर्ण तैयारी परखी, पंखा, छन्ना, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पेयजल, बैनर, छाया, आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए हैं।

पेयजल संबंधी शिकायत के लिए दूरभाष क्रमांक 252443
मण्डला 8 अप्रैल 2023
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। कंट्रोल रूम में हेंडपंप तथा नल-जल योजनाओं के संचालन-संधारण से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जानकारी के अनुसार उपयंत्री सुमनरानी मरावी मोबाईल नंबर 9424976401 को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कंट्रोल रूम कार्यदिवसों में प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे।

मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना
विशेष पिछड़ी जनजाति को दुधारू पशु प्रदाय कार्यक्रम
मण्डला 8 अप्रैल 2023
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत जिले के विशेष पिछड़े जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं कुपोषण से मुक्ति पाने हेतु जिले के 116 बैगा परिवारों को दो-दो दूधारू पशु (गाय/भैंस बछड़े सहित) उपलब्ध किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य
दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना, पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि, रोजगार के अवसर प्रदाय करना तथा कुपोषण दूर करना, उच्च उत्पादक क्षमता के दुधारू पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
कार्यक्रम विवरण
दुधारू पशुओं में वर्णित दुधारू देशी नस्ल की दो-दो गाय, भैंस जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को प्रदाय किया जाएगा। योजना 90 प्रतिशत अनुदान एवं 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान पर संचालित हैं। क्रय किये गये समस्त पशुओं का बीमा कराया जाएगा। एम.पी.सी.डी.एफ. के मिल्क रूट पर प्राथमिकता के आधार पर हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। पशुपालकों को डेयरी से संबंधित प्रशिक्षण पशु प्रदाय के पूर्व दिया जायेगा।
योजना की इकाई लागत
दुधारू गाय पालन- इकाई की कुल लागत 189250, 90 प्रतिशत अनुदान 170325, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 18925, दुधारू भैंस पालन- इकाई की कुल लागत 243000, 90 प्रतिशत अनुदान 218700, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 24300 जिले के बैगा हितग्राही मिल्क रूट के आधार पर निकटतम पशु चिकित्सा संस्था में आवेदन एवं अंशदान राशि जमा कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

सूर्यकुण्ड मंदिर के दिवारों में लिखा जा रहा जय श्रीराम
.सैकड़ो की संख्या में पहुंच रहे लोग
मण्डला। जिला मुख्यालय के महज ३ किमी में दूर स्थित सकवाह ग्राम के पास सूर्यकुण्ड नाम से एक प्रसिद्ध सिद्ध मंदिर है जहां दर्जनों की संख्या में श्रृद्धालु रोजाना पहुंचे हैं यह ऐतिहासिक सूर्यकुण्ड में स्थित हनुमान जी के मंदिर में श्रीराम का नाम जाप के साथ-साथ दिवारों में श्रीराम का नाम लिखकर मंदिर को सजाया जा रहा है जिसे देखने भक्तो और श्रृद्धालुओं का तांता दिखाई दे रहा। इस सजावट को देखने के लिए प्रदेश के अनेक जिलों से लोग यहां पहुंच रहे है। राम भक्त यशु सिंधिया ने बताया कि यहां हनुमान जी की सिद्ध प्रतिमा है यहां हनुमान जी अपने तीन रूप बदले जाने के लिए प्रसिद्ध है यहां हनुमान जी सुबह बाल रूप, दोपहर को युवा रूप और शाम के समय वृद्ध रूप में नजर आते हैं जिनके दर्शन करने कई राज्यों से लोग यहां पहुंचते है यहां पर जो भी मनोकामना मांगी जाती है वो पूर्ण होती है।


1 comment
Good day! I just want to offer you a big thumbs up for your excellent information you have got here on this post. Ill be coming back to your blog for more soon.