Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 जनवरी 2024

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी को होगा

वर्तमान में मंडला जिले में 791331 मतदाता

स्टेडिंग कमेटी की बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेस में कलेक्टर ने दी जानकारी

मंडला 6 जनवरी 2024

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत जिला योजना भवन में जिला स्तरीय स्टेडिंग कमेटी की बैठक तथा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में आयोजित गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा एवं हुनेन्द्र घोरमारे तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की दिनांक 6 जनवरी 2024 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 791331 मतदाता हैं जिनमें 390484 पुरूष, 400834 महिला एवं 13 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। जिले का जेंडर रेशो 1027 तथा ईपी रेशो 62.65 है। विधानसभा बिछिया में कुल 259302 मतदाता हैं जिनमें 127805 पुरूष, 131493 महिला एवं 4 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। बिछिया का जेंडर रेशो 1029 तथा ईपी रेशो 61.50 है। विधानसभा निवास में कुल 264029 मतदाता हैं जिनमें 130004 पुरूष, 134018 महिला एवं 7 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। निवास का जेंडर रेशो 1031 तथा ईपी रेशो 62.77 है। इसी प्रकार विधानसभा मंडला में कुल 268000 मतदाता हैं जिनमें 132675 पुरूष, 135323 महिला एवं 2 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। मंडला का जेंडर रेशो 1020 तथा ईपी रेशो 63.70 है।

दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 9562

 

कलेक्टर डॉ. सिडाना ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में कुल 9562 दिव्यांग मतदाता हैं जिनमें 5203 पुरूष तथा 4359 महिला है। बिछिया विधानसभा में कुल 3067 दिव्यांग मतदाता हैं जिनमें 1688 पुरूष एवं 1379 महिला मतदाता शामिल हैं। निवास विधानसभा में कुल 3323 दिव्यांग मतदाता हैं जिनमें 1787 पुरूष एवं 1536 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार मंडला विधानसभा के अंतर्गत कुल 3172 दिव्यांग मतदाता हैं जिनमें 1728 पुरूष एवं 1444 महिला मतदाता शामिल हैं।

80 वर्ष से अधिक आयु के 7273 मतदाता

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल मतदाताआंे की संख्या 7273 है जिनमें 2563 पुरूष तथा 4710 महिलाएं शामिल हैं। बिछिया विधानसभा के अंतर्गत कुल 2512 बुजुर्ग मतदाता हैं जिनमें 835 पुरूष एवं 1677 महिला मतदाता हैं। निवास विधानसभा के अंतर्गत कुल 2389 बुजुर्ग मतदाता हैं जिनमें 823 पुरूष एवं 1566 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार मंडला विधानसभा के अंतर्गत कुल 2372 बुजुर्ग मतदाता हैं जिनमें 905 पुरूष एवं 1467 महिला मतदाता शामिल हैं।

18-19 आयु वर्ग के 23641 मतदाता

 

कलेक्टर ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में 18-19 आयु वर्ग के कुल 23641 मतदाता हैं जिनमें 12192 पुरूष तथा 11449 महिला मतदाता शामिल हैं। बिछिया विधानसभा में कुल 7908 मतदाता हैं जिनमें से 4212 पुरूष एवं 3696 महिलाएं हैं। निवास विधानसभा में कुल 7847 मतदाता हैं जिनमें से 3961 पुरूष एवं 3886 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार मंडला विधानसभा में कुल 7886 मतदाता हैं जिनमें 4019 पुरूष एवं 3867 महिला मतदाता शामिल हैं।

पुनरीक्षण गतिविधियों का समयबद्ध कार्यक्रम

 

कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है जिसके अनुसार एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया गया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को मतदाता सूची एवं सीडी का निःशुल्क वितरण किया गया। संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 6 से 22 जनवरी 2024 तक दावे-आपत्तियां दर्ज की जाएगी। विशेष शिविर 13 से 20 जनवरी 2024 को आयोजित किए जाएंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 2 फरवरी 2024 तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी 2024 को किया जाएगा।

13 से 20 जनवरी 2024 को विशेष कैम्प आयोजित होंगे जिसमें बीएलओ अपने मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। ऐसे व्यक्ति जो 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज करा सकते हैं। जिन मतदाताओं को अपने वोटर कार्ड में किसी प्रकार का सुधार कराना है, वे भी फॉर्म-8 भरकर उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत सुधार की कार्यवाही करा सकते हैं। फॉर्म-7 नाम काटने से संबंधित निर्धारित प्रारूप है।

14 वॉ राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निबंध प्रतियोगिता

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्व वर्षो की भांति इस वर्ष भी 25 जनवरी 2024 को 14 वॉ राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन राज्य से लेकर मतदान केन्द्र स्तर तक किया जाएगा। जिसके उपलक्ष्य में ’वोट जैसा कुछ नहीं वोट जरूर डालेंगे हम’ विषय पर महाविद्यालयीन स्तर के विद्यार्थियों की एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

 

 

 

 

 

पीएम जनमन अभियान के तहत 11 स्थानों पर लगे शिविर

मंडला 6 जनवरी 2024

प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। 6 जनवरी को 11 ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए गए जिनमें बैगाओं को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, पात्रता पर्ची, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, पोषण आहार, मध्यान्ह भोजन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं से आच्छादित करने की कार्यवाही की गई। शिविरों के दौरान सिकलसेल एनीमिया की जांच की गई तथा दवाईयों का वितरण किया गया। साथ ही अन्य योजनाओं के लिए हितग्राहियांे का चयन किया गया। शिविर में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

आज इन ग्रामों में लगेंगे शिविर

 

बैगाओं के आधार कार्ड बनाने के लिए 7 जनवरी को जिले के 4 ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार आज मवई के सुरजपुरा, मोहगांव के उमरिया एवं खैरी माल, नारायणगंज के कापा ग्राम में शिविर लगाए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

स्थानीय भाषा में दी जा रही योजनाओं की जानकारी

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले में किए जा रहे नवाचार

मंडला 6 जनवरी 2024

प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। बैगाओं को शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर नवाचार के रूप में स्थानीय भाषा का उपयोग किया जा रहा है। बैगानी भाषा में योजनाओं से संबंधित नारे तैयार किए गए हैं जो ग्राम स्तरीय दलों द्वारा बैगा बस्तियों के प्रमुख स्थलों पर लिखे जा रहे हैं। साथ ही बैगानी भाषा में फ्लेक्स, पंपलेट तथा पोस्टर तैयार किए गए हैं, जिनमें शासन के 9 मंत्रालयों से संबंधित 11 महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केन्द्रित योजनाओं की जानकारी है। प्रत्येक बैगा के घर तक पंपलेट का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। पंपलेट में सबको पक्का घर, हर घर नल से जल, गांव-गांव तक सड़क, घर तक बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, मोबाईल मेडीकल यूनिट, सबको पोषण, उन्नत आजीविका, मोबाईल नेटवर्क, मुफ्त राशन, मुफ्त एलपीजी कनेक्शन, आयुष्मान भारत, गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, संस्थागत प्रसव, सिकलसेल एनीमिया, 100 प्रतिशत टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मध्यान्ह भोजन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि के संबंध में जानकारी दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा में किया गया हितलाभों का वितरण,

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की ली गई शपथ

मंडला 6 जनवरी 2024

विकसित भारत संकल्प यात्रा 6 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम बोकर एवं झिंगराघाट, बीजाडांडी में पोनिया माल एवं चरगांव कला, घुघरी में नाहरवेली एवं घुघरी, मवई में समनापुर एवं डाडी, नैनपुर में पोंड़ी एवं जेवनारा, नारायणगंज में नैझर एवं बबलिया तथा मंडला में मधुपुरी एवं घुघरा पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाआंे के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा 7 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम दिवारा एवं करियागांव, बीजाडांडी में लहसर, घुघरी में नैझर एवं छिवलाटोला, मवई में मनोरी वनग्राम एवं भीमडोंगरी रैयत, नैनपुर में पिपरिया एवं पिंडरई, निवास में मेढ़ी पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

 

 

 

 

दो दिवसीय बी.सी. सखी का रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

मंडला 6 जनवरी 2024

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट आरसेटी) मंडला द्वारा 2 दिवसीय बी.सी. सखी का रिफ्रेशर प्रशिक्षण 4 से 5 जनवरी तक प्रदान किया गया जिसमें पूर्व में संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त बी.सी. सखी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया एवं अपने अनुभव को साझा किया तथा कार्य में आने वाली समस्याओं तथा निराकरण की चर्चा की गई। साथ ही बैंकिंग वित्त संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आर सेटी निर्देशक राजेश रॉय ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी एवं सफलतापूर्वक कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये।

 

 

 

 

 

 

 

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

मंडला 6 जनवरी 2024

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मंडला ने ग्राम घाघा निवासी अनन्या वरकड़़े की 25 सितंबर 2022 को पानी में डूबने से मुत्यु हो जाने के कारण मृतक के निकटतम वारसान के रूप में पिता विनोद कुमार को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता की राशि स्वीकृत की है।

 

 

 

 

 

 

25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन

मंडला 6 जनवरी 2024

25 जनवरी 2024 को मतदाताओं को जागरूक करने एवं प्रजातंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये जिला स्तर एवं मतदान केंद्र स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाना है। समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त मतदान केंद्रों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित कराते हुए फोटो सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

हर माह की 9 एवं 25 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर होगा

मण्डला 6 जनवरी 2024

प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता एवं कव्हरेज को बढ़ावा देने तथा हाईरिस्क महिलाओं की जांच, निदान एवं परामर्श सेवाएं के कव्हरेज में सुधार की दृष्टि से प्रत्येक माह की 9 एवं 25 तारीख (अवकाश होने पर अगले कार्य दिवस) को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में किया जाता है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा महिला चिकित्सकों की स्वास्थ्य केन्द्रवार ड्यूटी लगाते हुए संबंधितों को निर्धारित तिथियों में आवंटित संस्था में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, एचआरपी क्लीनिक का आयोजन कर समस्त गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच एवं उपचार करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अमानक उर्वरक पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

 

मण्डला 6 जनवरी 2024

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मधु अली ने बताया कि उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत उर्वरक एनपीके 12:32:16, विक्रेता म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित भण्डार केन्द्र निवास के नमूने गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए जाने के फलस्वरूप संबंधित लॉट व बैच नंबर के उर्वरकों का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संबंधी बैठक 8 को

मंडला 6 जनवरी 2024

12 जनवरी 2024 स्वामी विवेकानंद जी का जन्म दिवस ’युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, आश्रम शालाओं, पंचायतों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम एवं स्वामी विवेकानंद जी पर केन्द्रित प्रेरणादायी, शैक्षिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस आयोजन में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशिष्ट प्रयास किया जाकर इस आयोजन के प्रति जनसामान्य में चेतना जागृत किया जाना है। इस संबंध में 8 जनवरी 2024 को समय-सीमा की बैठक के तत्काल बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन से संबंधित आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में बैठक 8 को

मंडला 6 जनवरी 2024

26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में 8 जनवरी 2024 को टीएल बैठक के पश्चात् जिला योजना भवन बैठक हॉल में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

कैबिनेट मंत्री ने किया शुचि का सम्मान

 

 

 

                                            मण्डला। 51 वीं प्रिंस कप क्रिकेट प्रतियोगिता में 5 दिसंबर को मेकल स्पोट्र्स विरुद्ध महिस्मती स्पोट्र्स के मध्य खेले गए फाइनल मुकाबले में मेकल ने अपना विजेता होने का खिताब बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि विधायक एवं केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने खिलाडिय़ों को अच्छे प्रदर्शन पर शुभकामनाएं दी वहीं बालिका खिलाड़ी शुचि उपाध्याय को पुष्प गुच्छभेंट कर सम्मानित करते हुए प्रदेश देश में जिले का नाम रोशन करने एव निरंतर प्रगति करने की शुभकामनाएं दी है। इसी मंच पर पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचे अतिथि पूर्व विधायक डॉ शिवराज शाह शिवा भैया ने विजेता टीम मेकल मंडला एव उप विजेता महिष्मति क्लब को प्रिंस ट्रॉफी देते हुए कहा कि मंडला क्रिकेट निरंतर प्रगति पर है उसे हम सभी को मिलकर आगे बढ़ाना होगा। शिवा भैया ने प्रदेश टीम अंडर 19 एव अंडर 23 महिला टीम में चयनित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जिले की पहली बालिका खिलाड़ी शुचि उपाध्याय को क्रिकेट किट देकर सम्मानित किया एव निरंतर खेलने और देश का नाम रोशन करने की शुभकामना दी है। कार्यक्रम में राजेश पाठक, शैलेश मिश्रा, सचिन शर्मा, राजेंद्र तिवारी, अजय मिश्रा, इम्तियाज अली, मिंटू मिश्रा, मयंक अग्रवाल, बंटी भांगरे, शैलेश चौरसिया सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

 

 एसबीआई ने दिए जरूरतमंदो को गर्म कपड़े

 

 

 

                                            मण्डला। भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय मंडला के द्वारा भारतीय स्टेट बैंक सामाजिक सेवा बैंकिंग के अंतर्गत 6 जनवरी को बैगा-बैगी जनजाति बाहुल्य ग्राम पंचायत बनियातारा एवं नर्मदा रपटा घाट व बस स्टैंड में महिलाएं बुजुर्गों जरुरतमंदों एवं निराश्रितो को ठण्ड से बचाव हेतु कम्बल वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बनियातारा के सरपंच सचिव ग्रामीण व भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय मंडला के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार, मुख्य प्रबंधक जनार्धन लाल, मुख्य प्रबंधक मुकेश सोनी, प्रणव शुक्ला, सपन चक्रवर्ती, मोहित, अभिषेक सिन्हा एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक जहां अपने ग्राहकों को अच्छी सेवा उपलब्ध कराती है। तो वहीं दूसरी ओर सामाजिक सेवा बैकिंग के अंतर्गत जरूरत मंदों की मदद भी करती है। समय-समय पर एसबीआई द्वारा समाज हित के कार्य किए जाते हैं इसी कड़ी में शनिवार को ग्राम पंचायत बनियातारा के साथ बस स्टैंड और रपटा घाट में गुजर बसर करने वाले लोगों को गर्म कपड़े दिए गए। इन दिनों भीषण ठंड से हर कोई परेशान है ऐसे में गर्म कपड़े जरूमंदों के लिए संजीवनी का काम करेंगी। वहीं इस दौरान चरणपादुका भी वितरण की गई। वहीं लाभ मिलने वाले जरूरतमंदो ने कहा कि वे भारतीय स्टेंट बैंक का आभार व्यक्त करते हैं।

्रस्कूल के पास फेंके मृतक जानवर
                                                      मण्डला। जिले के समीपस्थ ग्राम घाघा में शासकीय हाई स्कूल घाघा संचालित है ग्राम के निवासी बच्चू लाल यादव पिता इंद्र लाल के द्वारा मृत बैल एवं फत्तू लाल धुर्वे के द्वारा मृत गाय को स्कूल के पिछवाड़े में फेंक दिए हैं इनकी बदबू से शालेय छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का स्कूल में बैठना दूभर हो गया है विद्या मंदिर को अपवित्र करने वालों के प्रति शीघ्र कार्यवाही करने की मांग की गई है। लंबे समय से शासकीय हाई स्कूल के पास तथाकथित लोगों के द्वारा गंदगी फैलाई जाती है लेकिन अब तो हद कर दी गई है मरे जानवरों को यहां फेंका गया है। जिसकी शिकायत स्कूल के जबावदारों के द्वारा की गई है।

 

 

 

 

 

 

पॉलीथिन एवं डिस्पोजल पर रहेगा पूर्णत: प्रतिबंध

उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा आयोजन को लेकर हुई बैठक

 

 

 

 

 

 

मण्डला। वर्ष 2024 में नर्मदा उत्तरवाहिनी परिक्रमा का सामूहिक आयोजन 02  मर्तबा किये जाने का निर्णय लिया गया है इसके पीछे एक बड़ा कारण यह है कि यह परिक्रमा सिर्फ चैत्र माह में ही की जाती है और इस परिक्रमा में महाराष्ट्र के नर्मदा भक्तों की संख्या अधिक होती है चूंकि महाराष्ट्र के हिन्दी माह हिन्दू प्रदेशों के हिन्दी माह से 15 दिन बाद प्रारंभ माने जाते हैं इसीलिये जब प्रदेश का चैत्र माह समाप्त हो जायेगा तो उसके 15 दिन बाद भी परिक्रमा का क्रम जारी रहेगा जिसमें महाराष्ट्र के वासियों को पूर्ण रूप से अवसर मिल सकेगा और इसी कालखण्ड में दूसरी सामूहिक परिक्रमा रखी गई है जिसमें स्थानीय नर्मदा भक्तों के अलावा महाराष्ट्र के नर्मदा भक्त भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष सामूहिक परिक्रमा का आयोजन समिति द्वारा एक ही समय किया गया था अब यह आयोजन सभी की सहमति से 02 बार किया जा रहा है पहली सामूहिक परिक्रमा 20 अप्रैल 2024 दिन शनिवार को प्रात: प्रारंभ होगी और 21 अप्रैल 2024 को संपन्न होगी। दूसरी सामूहिक परिक्रमा 04 मई को प्रारंभ होकर 05 मई को संपन्न होगी।
जनपद सभागार में हुई बैठक
शुक्रवार 05 जनवरी को माँ नर्मदा उत्तरवाहिनी परिक्रमा को लेकर एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें समिति सदस्याें के अलावा अन्य गणमान्यजन तथा नर्मदा भक्त एवं समाजसेवी उपस्थित रहे इनमें प्रकाश दीक्षित, नरेश कछवाहा, अखिलेश कछवाहा, संतोष सोनू भलावी, अभिनव चौरसिया, श्याम श्रीवास, श्रीमती रेणुका परमार, श्रीमती तृप्ति शुक्ला, सुधीर कांसकार, मुकेश सोनी, वैशाखू नंदा, निकेश्वर पटेल, ओमप्रकाश धामेजा, डॉक्टर गजेंद्र गुप्ता, योगेन्द्र परमार, गुड्डा अग्रवाल, सोनल बर्मन, बैशाखू नंदा आदि शामिल थ्ो।


बैठक में विशेष रूप से परिक्रमा पथ को लेकर व्यापक चर्चा की गई फोकस इस बात को लेकर किया गया कि परिक्रमा ज्यादा से ज्यादा माँ नर्मदा के तट के समीप से हो ताकि परिक्रमा के दौरान माँ नर्मदा के दर्शन परिक्रमावासियों को होते रहें। परिक्रमा के दूसरे दिन जब तट परिवर्तन के पश्चात बबैहा से मण्डला परिक्रमा यात्रा आती है तो मुख्य मार्ग से आना पड़ता है जो व्यवहारिक रूप से एक कठिन अनुभव है चूंकि दिनभर भारी वाहनों की अावाजाही इस मार्ग से होती है एवं अप्रैल तथा मई माह में गर्मी भी अधिक होती है लिहाजा पैदल चलना ऐसे मार्गो पर दुष्कर होता है लिहाजा नर्मदा जी के किनारे-किनारे वैकल्िपक मार्ग तलाशने का प्रयास भी जारी है।
परिक्रमा आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया और इनके प्रभारी भी अलग-अलग नियुक्त किये गये हैं जिन समितियों का गठन किया गया उनमें आवास समिति, परिवहन, स्वच्छता, संत सम्पर्क, धन संग्रह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन एवं अल्पहार तथा झांकी निर्माण शामिल हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस बार परिक्रमा में शामिल होने वालों की संख्या अत्याधिक होगी लिहाजा स्वच्छता को मद‍्देनजर रखते हुये पॉलीथिन एवं डिस्पोजल पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है।

 

Related posts

भारतीय जागृति मिशन ने राष्ट्रपति के नाम सोपा ज्ञापन

Reva India News

महाकुम्भ महापर्व के श्रद्धालुओं की जानकारी प्राप्त करने हेतु कंट्रोल रूम स्थापित

Reva India News

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिलाई मतदाता दिवस की शपथ युवा मतदाताओं को किया गया परिचय पत्र का वितरण

Reva India News

Leave a Comment