Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

वीबी जी राम जी योजना : ग्रामीण रोजगार की दिशा में सार्थक पहल जिला पंचायत अध्यक्ष ने की पत्रकार वार्ता, दी योजना की जानकारी

मंडला, 14 मार्च 2026

जिला पंचायत सभा कक्ष में शनिवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वीबी जी राम जी योजना और उसके ड्राफ्ट से जुड़े विषयों पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकार ग्रामीणों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं और वीबी जी राम जी जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराना इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पहल का लक्ष्य देश के गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है, ताकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

इस योजना में कच्चे-पक्के निर्माण कार्यों के साथ-साथ कंवर्जेंस के कार्यों पर भी फोकस रहेगा। यह ग्रामीणों को न सिर्फ रोजगार देने की योजना है वरन इसके जरिये परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आजीविका के साधन भी उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना में ग्रामीण मजदूर वर्ग के परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी है। इसके साथ ही ग्रामीण किसानों को खरीफ और रबी फसल के समय मजदूरों की समस्या को देखते हुए कृषि कार्य के समय 60 दिनों के लिए कार्यों को शिथिल रखने का भी प्रस्ताव है। इससे किसानों को पीक टाइम पर मजदूरों की समस्या नहीं होगी।

पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम ने भी योजना के ड्राफ्ट से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किये।

सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने योजना के संबंध में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, डिजिटल कनेक्टिविटी तथा सामाजिक अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग, ग्रामीण उद्यमिता और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। विकसित भारत जी-राम योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने और संतुलित विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पहले परियोजना अधिकारी मनरेगा श्रीमती ऋतु तिवारी ने पीपीटी के माध्यम से योजना की संक्षिप्त जानकारी से पत्रकारों को अवगत कराया। पत्रकार वार्ता में एसीईओ श्री विनोद मरावी, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री राहुल वासनिक, सहायक परियोजना अधिकारी श्री कपिल तिवारी के साथ बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

Related posts

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य कवरेज

Reva India News

प्रोजेक्ट नई उड़ान’’ के तहत् 18 ग्रामों में पहुंची चलित प्रयोगशाला

Reva India News

11 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए

Reva India News

Leave a Comment