Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

“पोषण पखवाड़ा 2026” सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी

मंडला, 8 अप्रैल 2026

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक “पोषण पखवाड़ा 2026” के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह अभियान भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा। इस वर्ष पोषण पखवाड़ा की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास (मेक्सीमाईजिंग ब्रेन डेवलपमेंट इन द फर्स्ट सिक्स इयर्स ऑफ लाईफ) निर्धारित की गई है। इसके तहत जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जारी निर्देशों के अनुसार, पांच प्रमुख थीम आधारित गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिनमें मातृ एवं शिशु पोषण, 0 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना (अर्ली स्टीमूलेशन), 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम में कमी के प्रति जागरूकता, सशक्त आंगनवाड़ी निर्माण के लिए सामुदायिक सहयोग शामिल है।

साथ ही जिला, परियोजना, सेक्टर और आंगनवाड़ी स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ 9 अप्रैल को जिले के सभी विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा तथा ऑनलाइन वेबकास्ट के माध्यम से भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि इसे जन आंदोलन का रूप दिया जा सके। साथ ही, विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी क्रियान्वयन, दैनिक प्रगति की ऑनलाइन एंट्री और नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण एवं समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Related posts

ऑपरेशन “मैं हूँ अभिमन्यु” के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन ऑपरेशन मुस्कान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर अधिकारी सम्मानित

Reva India News

सेवा पखवाड़ा : बिंझिया ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य शिविर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार

Reva India News

जिले में अब तक 273.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

Reva India News

Leave a Comment