ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए व्यवस्था बनाएं – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश
मंडला 4 अप्रैल 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने उपार्जन की विस्तृत समीक्षा की। उन्हांेने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में उपार्जन कार्य को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि एसडीएम अपने क्षेत्र के निर्धारित उपार्जन केन्द्रों की सूची रखते हुए इन केन्द्रों में किसानों के लिए बैठने, छाया-पानी एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने स्तर पर बैठकें आयोजित करें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों की मैपिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने उपार्जन के परिवहन, उठाव, मीलिंग के संबंध में चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि किसानों का भुगतान बिना किसी परेशानी के संपन्न कराएं। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में बारदानों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी किसान अपने उपार्जन के लिए अपनी पसंद के समय, स्थान तथा उपार्जन केन्द्र का स्लॉट बुक करते हुए सुविधापूर्वक उपार्जन कार्य कर पूर्ण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी सोसायटियों में साफ-सुथरी क्वालिटी का उपार्जन करें। कलेक्टर ने किसानों से आग्रह किया है कि उपार्जन केन्द्रों में गुणवत्तापूर्ण फसल का ही उपार्जन करें।
7 को अन्न उत्सव, सुबह 7 बजे से खुलेंगी दुकानें
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत किए जाने वाले खाद्यान्न वितरण के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि 10 तारीख तक अप्रैल माह का 70 प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने खाद्यान्न वितरण एवं उठाव से संबंधित जरूरी जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि 7 अप्रैल को अन्न उत्सव आयोजित करने संबंधी सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से ही पीडीएस दुकानें खुली रहेगी तथा शाम 6-7 बजे तक राशन वितरण किया जाएगा। श्रीमती सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि खाद्यान्न की पहुंच एवं वितरण संबंधी जरूरी तैयारियां पूरी करें।
सभी स्कूलों में प्रारंभ करें मध्यान्ह भोजन
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि नियमित रूप से खाद्यान्न प्राप्त करते हुए सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने एवं वितरण करने संबंधी कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अपने मैदानी भ्रमण के दौरान सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में जाकर मध्यान्ह भोजन वितरण की गुणवत्ता की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन गुणवत्तापूर्ण रूप से प्रदान करें। महिला बाल विकास विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग मध्यान्ह भोजन संबंधी कार्यवाही जारी रखें। उन्होंने सभी बीईओ एवं बीआरसी को भी इस संबंध में निर्देश दिए।
11 अप्रैल से सभी पंचायतों में होंगे जल संरक्षण के कार्य
कलेक्टर ने ग्रामीण विकास विभाग एवं संबंधितों को निर्देशित किया कि जल अभिषेक अभियान के तहत 11 अप्रैल से जिले की सभी पंचायतों में जल संरक्षण के कार्य एकसाथ प्रारंभ होंगे। उन्होंने हर पंचायत में कम से कम 4 से 5 जल संरक्षण कार्य को चिन्हित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि जल संरक्षण के महत्व को समझाने एवं इस कार्य को जन आंदोलन बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर रैली, जल चौपाल, जल यात्रा, कलश यात्रा प्रारंभ करें। साथ ही आजादी के ’अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत अमृत सरोवर के निर्माण, मरम्मत या पुर्नउद्धार के संबंध में कार्यवाही करें। कलेक्टर ने जन अभियान परिषद को भी निर्देशित किया कि जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी सघन जागरूकता एवं जल संरक्षण के कार्य जारी रखें।
पीडीएस एवं उपार्जन केन्द्रों में भी करें आयुष्मान पंजीयन
बैठक में कलेक्टर ने आयुष्मान पंजीयन की प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए मिशन मोड पर इस कार्य को करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान पंजीयन कराएं। उन्होंने पीडीएस दुकानों, उपार्जन केन्द्रों में भी आयुष्मान पंजीयन की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने गांव एवं शहरों में गौरव दिवस के आयोजन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर लोकल स्तर के ऐतिहासिक दिन, घटनाएं एवं महत्व की जानकारी एकत्र करते हुए गौरव दिवस के आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्हांेने बैठक में भू-आवासीय योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए एसडीएमवार ड्रोन सर्वे, त्रुटि सुधार, नोटिफिकेशन की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने अप्रैल माह में नजूल नवीनीकरण के लिए कैम्प लगाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने बच्चे एवं माताओं के स्वास्थ्य रैकिंग की ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने 12 से 14 वर्ष के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को प्रभावी समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
जल अभावग्रस्त इलाकों में पानी की व्यवस्था बनाएं
श्रीमती सिंह ने कहा कि शालात्यागी बालिकाओं एवं बच्चों का कोविड वैक्सीनेशन पूर्ण करें। उन्होंने एनआरसी भर्ती, लाडली लक्ष्मी योजना, मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने ईईपीएचई को निर्देशित किया कि जल आभावग्रस्त गांवों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे गांवों में विकल्प की तलाश करते हुए पानी की कमी को पूरा करने के उपाय करें। कलेक्टर ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने कार्यालयों में ऊर्जा की खपत को कम करने के लिए बिजली विभाग से समन्वय बनाएं। आगामी माह में बिजली बिलों की राशि की समीक्षा की जाएगी। बैठक में उन्होंने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में शतप्रतिशत बिजली एवं नलजल कनेक्शन के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी स्कूलों के आसपास अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए बनाएं प्री-एजुकेशन मॉड्यूल
कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों के प्री-एजुकेशन के लिए मॉड्यूल तैयार करें तथा अच्छे कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उन्हें प्रतिष्ठित स्कूलों का भ्रमण भी कराएं। उन्होंने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में कचरा फेके जाने वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए इन स्थानों को सफाई कर तुलसी के पौधे लगाएं। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, समाधान प्रकरण, पेंशन प्रकरण, जमीन आवंटन एवं विभागीय समन्वय के मुद्दों पर चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद, तहसीलदार एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।
कृषि विविधिकरण को बढ़ावा देते हुए किसानों को जागरूक करें – हर्षिका सिंह
मंडला 4 अप्रैल 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में कृषि विविधिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्हांेने कहा कि कृषि, उद्यानिकी, एनआरएलएम एवं अन्य विभाग जिले में कृषि विविधिकरण को लगातार बढ़ावा दें। साथ ही कृषि विविधिकरण के महत्व एवं जागरूकता के लिए किसानों को जागरूक करें। श्रीमती सिंह ने कृषि, उद्यानिकी एवं एनआरएलएम विभाग को निर्देशित किया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को चिन्हित करें एवं उनसे चर्चा करें। इसी प्रकार एनआरएलएम किसान दीदियों से संपर्क करते हुए उन्हें प्राकृतिक खेती के लिए प्रशिक्षित करें। कलेक्टर ने प्रभारी डीडीए को निर्देशित किया कि प्राकृतिक खेती की जानकारी के लिए किसानों को एक्सपोजर विजिट कराएं। उन्होंने केवीके को प्राकृतिक खेती की जागरूकता के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खाद के ज्यादा उपयोग से नुकसान एवं जैविक खेती के सकारात्मक परिणामों की तुलनात्मक जानकारी देते हुए जागरूक करें।
कलेक्टर ने रबी एवं खरीफ मौसम की फसलवार समीक्षा की। उन्होंने प्रति सीजन प्राकृतिक खेती की फसलवार समीक्षा भी की। बैठक में उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सिंचाई की सुविधाएं भी उपलब्ध कराएं। श्रीमती सिंह ने बैठक में कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित गौ-शाला के गौ-मूत्र एवं गोबर के उपयोग से भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए किसानों को ट्रेनिंग दें। उन्होंने ओडीओपी के तहत कलेक्शन यूनिट, प्रोसेसिंग यूनिट की आंकड़ेवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ’एक जिला, एक उत्पाद’ के तहत फसलों का कलेक्शन प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दें। बैठक में प्रभारी डीडीए मधुअली, कृषि वैज्ञानिक विशाल मेश्राम, नाबार्ड से अखिलेश वर्मा, एलडीएम अमित केशरी, जीएमडीआईसी श्री वास्कले, उद्यानिकी विभाग से श्री शरणागत, डीपीएम एनआरएलएम श्री भैसारे एवं संबंधित उपस्थित थे।
आगामी बारिश तक मंडला जिला जल अभावग्रस्त घोषित
मण्डला 4 अप्रैल 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि जिले में इस वर्ष औसतन से कम वर्षा हुई है। पेयजल स्त्रोतों में पानी की कमी परिलक्षित हो रही है। जिले में उपलब्ध नदियों, जलाशयों, कुओं, एवं नलकूपों में पानी का गिरता स्तर देखकर यह आवश्यक हो गया है कि जल स्त्रोतों के जल का उपयोग मितव्ययता पूर्वक किया जाये।
औसतन से कम वर्षा को देखते हुए जिले में पेयजल सुरक्षित रखने के अभिप्राय से कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा (3) के अंतर्गत प्रदत्त शाक्तियों का उपयोग करते हुए एतद् द्वारा जल प्रदाय सुरक्षित रखकर अवाध रखने के लिए जिले की अगली बरसात आने तक अथवा अन्य आदेश तक जल अभावग्रस्त घोषित कर दिया है। उक्त्त अधिनियम लागू हो जाने से कोई भी व्यक्ति पेयजल स्त्रोत का उपयोग सिंचाई साधन एवं व्यवसायिक उपयोग में बिना कलेक्टर की अनुमति से नहीं करेगा। शासकीय विभागों द्वारा खनित नलकूपों को छोड़कर शेष सभी प्रकार के नलकूपों का खनन प्रतिबंधित रहेगा एवं विशेष परिस्थितियों में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के लिखित अनुमति के पश्चात् ही नलकूप खनन किया जा सकेगा। इस आदेश के उल्लंघन करने पर वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
रबी उपार्जन हुआ प्रारंभ
किसान स्लॉट की बुकिंग के आधार पर कर सकते हैं विक्रय
मंडला 4 अप्रैल 2022
रबी विपणन वर्ष 2022-23 के उपार्जन के लिए 4 अप्रैल 2022 से उपार्जन प्रारंभ करने हेतु जिले में सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। जिले में 53 उपार्जन केन्द्र के माध्यम से गेंहू उत्पादक कृषकों से उनकी उपज का क्रय समर्थन मूल्य पर 2015/- रूपये प्रति क्विंटल के भाव से इन केन्द्र पर एफ.ए.क्यू. मापदंड के आधार पर क्रय किया जायेगा। इस वर्ष जिले में गेंहू के कुल पंजीकृत कृषकों की संख्या 21110 है जिनका रकबा 31171 हेक्टेयर में गेंहू की फसल बोयी गयी है। कृषकों द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने के लिए अपने समीपस्थ उपार्जन केन्द्र पर स्लॉट की बुकिंग के आधार पर विक्रय करने की व्यवस्था की गई है। कृषक बंधुओं से आग्रह है कि गेंहू विक्रय हेतु स्वंय निर्धारित तिथि का स्लॉट बुकिंग मोबाईल/उपार्जन केन्द्र/कियोस्क/सीएससी केन्द्रों पर अवश्य करायें। उपार्जन केन्द्र गतवर्ष की भांति ही निर्धारित किये गये है केवल 2 नवीन केन्द्र धुतका एवं कन्हरगांव स्थापित किये गये हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी ने कृषकों से अपील की है कि किसान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिये अपनी फसल को विक्रय करने के लिये स्लॉट बुकिंग कराकर एवं साफ-सुथरा एफ.ए.क्यू. मापदंड का ही तैयार कर उपार्जन केन्द्र पर विक्रय के लिए लाएं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सेवाएँ देने डॉक्टर्स निर्धारित
मंडला 4 अप्रैल 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन द्वारा संचालित समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए चिकित्सा अधिकारियों की प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सेवाएं निर्धारित कर दी गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बकौरी में बुधवार एवं गुरूवार को डॉ. मोनिका भगत, हिरदेनगर में सोमवार एवं शनिवार को डॉ. भरत सिंह हिंडोलिया, महाराजपुर में सोमवार एवं शनिवार को मनोज परस्ते, यूपीएससी मंडला में बुधवार एवं गुरूवार को डॉ. मनोज परस्ते, मोहनिया पटपरा में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. एलआर गर्ग, अंजनिया में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. अजयतोष मरावी, ककैया में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. अक्षय हरदहा, खटिया में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. नितेश झा, माधोपुर में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. संजीव सैयाम, मोचा में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. मार्टिना प्रसाद, रामनगर में बुधवार एवं गुरूवार को डॉ. दिव्येश पटेल, सिझौरा में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. ममता मरकाम, छिंदगांव में बुधवार एवं गुरूवार को डॉ. कृष्णकुमार प्रधान, जमठार में बुधवार एवं गुरूवार को डॉ. शरद सिंगौर, उदयपुर में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. राहुल ठाकुर, विजयपुर में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. अजय गजभिये, नैझर में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. समीर सरौते, राम्हेपुर में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. मनीष सरौते, सुरेहली में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. संजय कोरे, अंजनी में सोमवार एवं शनिवार को डॉ. वैभव पटेल, घुटास में बुध. एवं गुरू. को डॉ. दिग्विजय सिंह, खलौड़ी में सोम. एवं शनि. को डॉ. भगत सिंह, चंदवारा में बुध. एवं गुरू. को डॉ. बी. कडोपा, चुभावल में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. पीएल कोरी, भरवेली में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. श्वेता पटेल, चिरईडोंगरी में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. दीपक उईके, पाठासिहोरा में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. अविनाश सिंह, टाटरी में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. पंकज चौधरी, पिंडरई में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. नीरज राज, तिंदुआबम्हनी में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. वंदना देवी, बबलिया में सोमवार को डॉ. गौरव त्रिपाठी, गडरा में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. सुनील बहल, मनेरी में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. अनुप भारतीया एवं पिपरिया में सोम.बुध.गुरू. एवं शनि. को डॉ. सज्जन सिंह उईके सेवाएँ देंगे।
1 कोरोना पॉजीटिव
मण्डला 4 अप्रैल 2022
3 अप्रैल की शाम 3 बजे से 4 अप्रैल की शाम 3 बजे तक जिले में कोरोना का 1 संक्रमित मरीज मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बम्हनी निवासी 2 वर्षीय बालिका की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्तियों की सघन कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संपर्क में आए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उनकी कोरोना जाँच तत्काल सुनिश्चित करें।
3 कोरोना मरीज डिस्चार्ज
मण्डला 4 अप्रैल 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 3 अप्रैल की शाम 3 बजे से 4 अप्रैल की शाम 3 बजे तक जिले में 6 कोरोना मरीजों ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।
निःशक्त पुनर्वास केन्द्र में रिक्त पदों के लिए 5 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित
मण्डला 4 अप्रैल 2022
उप संचालक सह सचिव जिला निःशक्त पुनर्वास केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला निःशक्त पुनर्वास केन्द्र (डीडीआरसी) मण्डला में संविदा आधार पर स्वीकृत पदों की पूर्ति के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 5 अप्रैल 2022 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। साथ ही जिले की वेबसाईट mandla.nic.in पर भी अवलोकन किया जा सकता है।
सुबह 7:15 से दोपहर 2:15 तक संचालित होंगे आँगनवाड़ी केन्द्र
मंडला 4 अप्रैल 2022
ग्रीष्मकाल के दौरान स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनकी सुविधा को देखते हुए आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन का समय सुबह 7:15 से दोपहर 2:15 तक निर्धारित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में आँगनवाड़ी केन्द्र खुलने का समय 7:15 से 2:15 तक, बच्चों के लिए 7:30 से 11:30 तक, नाश्ते का समय 8 से 8:30 तक, भोजन 10 से 10:30 तक, रिकार्ड संधारण 11 से 12 तक एवं कार्यकर्ता का समय एवं अन्य कार्य 12 से 2:15 तक सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत आयोजित हो रही विविध गतिविधियाँ
मंडला 4 अप्रैल 2022
जिले के जल संकट से ग्रस्त गांवों में पानी बचाने एवं जल स्त्रोतों के संवर्धन के लिए जल अभिषेक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विकासखण्ड मवई के ग्राम बीजा एवं ग्राम पोतला मझगांव में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों द्वारा हैडपंप की साफ-सफाई किया गया। साथ ही सोखता गड्ढा का निर्माण किया गया। इसी प्रकार नारायणंज में जल अभिषेक के संबंधित बैठक आयोजित की गई। इसी प्रकार बीजाडांडी में जल संरक्षण अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। विकासखंड समन्वयक ने ग्रामीणों से जल संरक्षण पर चर्चा करते हुए कहा कि जल के महत्व को समझें एवं जल संरक्षण में सहयोग करें। इसी प्रकार बिछिया विकासखंड में दीवार लेखन के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
