Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं  

मण्डला 2 मई 2022

माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए जा चुके हैं। कक्षा 12वीं के पश्चात् छात्रों की जिज्ञासाओं में से यह प्रमुख है कि उच्च शिक्षा के दौरान अध्ययन हेतु शासन के द्वारा कौन सी छात्रवृत्तियां उन्हें प्रदान की जाती है ? विद्यार्थी की इस जिज्ञासा के सामाधान के लिए कुछ प्रमुख छात्रवृत्तियों के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। इन छात्रवृत्तियों की जानकारी प्राप्त करने के पश्चात विद्यार्थी उच्च शिक्षा के दौरान लाभान्वित हो सकेंगें।

 

मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना

 

इस छात्रवृत्ति को प्राप्त करने के लिए छात्र का मध्यप्रदेश का मूलनिवासी होना आवश्यक है। साथ ही यह भी आवश्यक है कि विद्यार्थी ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत अथवा अधिक अंक अर्जित किए हों। माता-पिता या अभिभावक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 6 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। विभिन्न संकायों के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए – जिन छात्रों ने जेईई मेन्स परीक्षा 1,50,000 से कम रैंक के साथ उत्तीर्ण की है, वे छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। मेडिकल उम्मीदवारों के लिए- जिन छात्रों ने नीट मेरिट के माध्यम से सरकारी व निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया है, वे आवेदन करने के पात्र हैं। विधि के उम्मीदवारों के लिए – वे छात्र जिन्होंने सीएलएटी परीक्षा उत्तीर्ण की है और एनएलयू या दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त किया है, वे आवेदन करने के पात्र हैं। सरकारी व अनुदान प्राप्त कॉलेज में इंजीनियरिंग कार्यक्रम में दाखिला लेने वाले छात्रों को पाठ्यक्रम के लिए संपूर्ण फीस मिलेगी। निजी कॉलेज में दाखिला लेने वाले छात्रों को 1.5 लाख रूपये या वास्तविक पाठ्यक्रम शुल्क प्राप्त होगा। सरकारी, निजी मेडिकल, डेंटल कॉलेज में मेडिकल डिग्री प्रोग्राम में दाखिला लेने वाले छात्रों को भी पूरी ट्यूशन फीस प्राप्त होगा। भारत में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में कानून की डिग्री संबंधित कार्यक्रम में दाखिला लेने वाले छात्रों को भी इस योजना के तहत पूर्ण पाठ्यक्रम शुल्क प्राप्त होगा।

 

मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना

 

इस योजनान्तर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त करने हेतु आवेदक छात्र की अर्हताएं और शासन से प्राप्त होने वाली सुविधाएं मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना अनुसार हैं।

 

गांव की बेटी छात्रवृत्ति योजना

 

यह छात्रवृत्ति केवल बालिकाओं के लिए लागू है। इस योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि छात्रा मध्यप्रदेश के किसी गांव की निवासी हो। उसने 12वीं कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक अर्जित किए हों। साथ ही उसने गांव की बेटी का प्रमाण पत्र प्राप्त किया हो।

 

विक्रमादित्य मुफ्त शिक्षा योजना

 

यह योजना सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों हेतु लागू है। इसका लाभ लेने के लिए आवेदक के कक्षा 12 में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। आवेदक की वार्षिक पारिवारिक आय रूपये 1,20,000 से अधिक नही होनी चाहिए।

 

प्रतिभा किरण छात्रवृत्ति

 

यह छात्रवृत्ति केवल बालिकाओं के लिए लागू है। इस योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि छात्रा मध्यप्रदेश के किसी भी शहरी क्षेत्र में रहने वाली छात्रा एक बीपीएल कार्ड धारक परिवार से संबंधित हो। साथ ही कक्षा 12वी की परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर संबंधित छात्रा को योजना का लाभ होगा।

Related posts

2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित

Reva India News

महाभियान के तीसरे दिन जिले में 10133 लोगों का हुआ वैक्सीनेशन कलेक्टर ने वैक्सीनेशन महाभियान के संबंध में ली बैठक

Reva India News

भारत जोङो यात्रा के समर्थन में गांधी चौपाल आज  

Reva India News

Leave a Comment