Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 24 दिसम्बर 2023

शासन की योजनाओं को समझें तथा पात्रतानुसार लाभ उठाएं – श्री कुलस्ते

केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा विधायक संपतिया उईके ने की विकसित भारत संकल्प यात्रा में सहभागिता

मंडला 24 दिसम्बर 2023

प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा 24 दिसंबर को मंडला विकासखंड के इमलीगोहान एवं सिलपुरा, बिछिया विकासखंड के ग्राम देई एवं भीमा, बीजाडांडी में खनोरा एवं लालपुर, नैनपुर में बोरी पीपरडाही एवं केरेगांव पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इमलीगोहान एवं सिलपुरा में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते एवं मण्डला विधायक सम्पतिया उईके ने आज सहभागिता की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, जनपद सदस्य जमुना पन्द्रो, भीष्म द्ववेदी, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं हुनेन्द्र घोरमारे, सरपंच नरेन्द्र मार्को सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के विकास के लिए संकल्पित है। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। आमजन शासन की योजनाओं को समझें तथा पात्रतानुसार लाभ उठाएं। श्री कुलस्ते ने कहा कि सभी वर्ग के लोग आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा। विधायक संपतिया उईके ने कहा कि सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा विविध योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों से आव्हान किया कि वे छूटे हुए हितग्राही को भी शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं से जुड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिक विकसित भारत संकल्प यात्रा में अपनी सहभागिता निभाएं और योजनाओं का लाभ लें।

इससे पूर्व बैगा नर्तक दल तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में प्रश्नमंच तथा खेल की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विभाग द्वारा ड्रोन तकनीक के माध्यम से छिड़काव करने की तकनीकों के बारे में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा नेनो यूरिया का छिड़काव का प्रदर्शन किया गया।

आज 4 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा 25 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम बुड़ला एवं लपटी, नैनपुर में अतरिया एवं गौंझी पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

 

 

विभिन्न अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजित

मंडला 24 दिसम्बर 2023

शासकीय कार्य का सुचारू रूप से संचालित किए जाने हेतु विभिन्न अधिकारियों के मध्य कार्य का विभाजन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं पदेन अपर कलेक्टर श्रेयांस कूमट को नोडल अधिकारी सामान्य निर्वाचन, विकास शाखा, सर्व शिक्षा अभियान, दीनदयाल अंत्योदय मिशन, मुख्यमंत्री कन्यादान, राजीव गांधी जल ग्रहण मिशन, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, सेवाओं का अनुश्रवण कार्यक्रम, समग्र स्वच्छता, स्कूल चलें अभियान, माह के प्रथम मंगलवार को मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग, पर्यटन विकास एवं पुरातत्व आदि, जिले के प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित कल्याण शिविरों, जन समस्या निवारण शिविर, प्रत्येक त्रैमास में विधायकों की अध्यक्षता में विकास कार्यों की बैठकों का संपादन, जिला, संभाग एवं शासन स्तर पर बैठकों की कार्यवाही, आदिवासी वित्त विकास निगम का कार्य, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम तथा पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम आदि के दायित्व प्रदान किए गए हैं।

अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह को कार्यपालिक दंडाधिकारी, नजूल नवीनीकरण के समस्त प्रकरणों में सुनवाई एवं अंतिम निर्णय लेना, पट्टा निष्पादन पर हस्ताक्षर तथा पट्टों का नवीनीकरण कार्य, नगरपालिका अधिनियम से संबंधित मामले, म.प्र. राज्य संहिता 1959 के अंतर्गत प्रकरणों का निराकरण, गरीबी रेखा के अंतर्गत प्रकरणों का निराकरण, विभागों को शासकीय भूमि हस्तांतरण संबंधी प्रकरण, जिला निर्वाचन सामान्य, स्थानीय निर्वाचन, विशेष विवाह, विवाह रजिस्ट्रीकरण, सूचना का अधिकार, प्रोटोकॉल, वाहन अधिग्रहण, खनिज शाखा, खाद्य शाखा, आबकारी शाखा तथा विभागीय जांच अधिकारी आदि कार्य सौंपे गए हैं।

इसी प्रकार अनुविभागीय दंडाधिकारी बिछिया सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम मंडला ऋषभ जैन, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम निवास मो. शाहिद, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम नैनपुर जगदीश प्रसाद यादव, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम घुघरी सोनल सिडाम को कार्यपालिका दंडाधिकारी, संबंधित अनुविभाग के लिए अनुविभागीय अधिकारी, संबंधित अनुविभाग के लिए भू-अर्जन अधिकारी तथा संबंधित अनुविभाग के लिए प्रोटोकॉल आदि के दायित्व सौंपे गए हैं।

संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह को कार्यपालिक दंडाधिकारी, प्रभारी अधिकारी विधानसभा प्रकोष्ठ, कार्यालय अधीक्षक, सहायक अधीक्षक सामान्य, निरीक्षण सेल, म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, कोषालय निरीक्षण, अल्प बचत, संस्थागत वित्त, जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, अभिलेख कोष्ठ हिन्दी/आंग्ल, प्रपत्र एवं लेखन सामग्री शाखा, लोक सेवा गारंटी, पीजी सेल एवं सीएम हेल्पलाईन, भू अर्जन, भू आवंटन, बरगी पुर्नवास एवं हालोन परियोजना, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण से संबंधित कार्य, राहत शाखा, धर्मस्व संबंधित कार्य, नगर सैनिक होमगार्ड, जिला निर्वाचन, स्थानीय निर्वाचन, भू अर्जन, राहत शाखा, भूमि आवंटन आदि कार्य सौंपे गए हैं।

संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा को कार्यपालिक दंडाधिकारी, वित्त, स्थापना, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान एवं सड़क दुर्घटना से संबंधित भुगतान कार्य, सहायक अधीक्षक राजस्व, रीडर शाखा, नाजरात, भू अभिलेख, शिकायत एवं सतर्कता शाखा, जन शिकायत, जनसुनवाई, जिला संभाग एवं प्रदेश स्तर पर बैठकों के नोडल अधिकारी, आंतरिक लेखा परीक्षण एवं महालेखाकार की निरीक्षण टीपों का निर्वतन, जीएमएफसी शाखा, समय सीमा के पत्रों की समीक्षा आदि कार्य प्रदान किए गए हैं।

संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे को कार्यपालिक दंडाधिकारी, वरिष्ठ लिपिक शाखा एवं शाखा से संबंधित, मानव अधिकार आयोग, राष्ट्रीय पर्व, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान एवं सड़क दुर्घटना से सहायता राशि की स्वीकृति, नजूल अधिकारी एवं नजूल नवीनीकरण, भाड़ा नियंत्रण एवं लोक सूचना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण, राजस्व लेखापाल एक एवं दो आरएम, अनुज्ञप्ति शाखा, बाढ़ आपदा, आपदा प्रबंधन, लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा प्रश्नों के उत्तर तैयार करवाने आदि से संबंधित कार्य प्रदान किए गए हैं।

प्रभारी डिप्टी कलेक्टर लालशाह जगेत को कार्यपालिक दण्डाधिकारी, जनगणना शाखा, जिला सैनिक कल्याण, अतिरिक्त कलेक्टर द्वारा आदेशित किए जाने वाले अन्य कार्यों की जिम्मेदारी प्रदान की गई है। इसी प्रकार प्रभारी डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ को कार्यपालिक दण्डाधिकारी, सांख्यिकी लिपिक शाखा, प्रधान प्रतिलिपिकार शाखा, आवक जावक शाखा, राजस्व प्रस्तुतकार शाखा, अति. मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला एवं उप संचालक सामाजिक न्याय मंडला आदि कार्य सौंपे गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

वर्चुअल प्रतियोगिता में करें सहभागिता

मंडला 24 दिसम्बर 2023

राष्ट्रीय युवा उत्सव 2023 का आयोजन पुणे महाराष्ट्र में 12 से 16 जनवरी 2024 के मध्यम आयोजित किया जाना है। इस आयोजन में भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार जिला एवं संभाग स्तर पर 8 विधायें, जिसमें लोकगीत, लोकनृत्य, एक लोकनृत्य, एक लोकगीत, कहानी लेखन, पोस्टर मैकिंग, भाषण एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिला एवं संभाग स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन वर्चुअल किया जायेगा।

वर्चुअल प्रतियोगिता में प्रतिभागी की आयु 26 दिसम्बर को 15 वर्ष से कम एवं 29 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिये। प्रतिभागी अपने प्रदर्शन भारत सरकार द्वारा जारी दिशा- निर्देशानुसार निर्धारित समय-सीमा में वीडियो बनाकर निर्धारित आवेदन फार्म सहित 26 दिसम्बर की शाम 5 बजे तक जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी मंडला के कार्यालय में जमा करना होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम 28 दिसंबर को इंडोर स्टेडियम मंडला में वर्चुअली होगा। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रवीन्द्र ठाकुर ने महाविद्यालय/विद्यालयों एवं समस्त ग्रामीण युवा समन्वयक से कहा है कि वे अपने विकासखंड के प्रतिभागियों को उक्त वर्चुअल प्रतियोगिता में सम्मलित होने के लिए सूचित करें। अधिक जानकारी के जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी के कार्यालय में कार्यालयीन समय पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

टोपी, मफलर, स्वेटर तथा आवरण युक्त जलरोधी जूतों का प्रयोग करें

ठंड से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाईजरी

मंडला 24 दिसम्बर 2023

प्रत्येक वर्ष दिसंबर से फरवरी के महीने में शीत लहर का अधिक प्रभाव रहता है शीत लहर, बारिश, कोहरा आदि द्वारा प्रभावित करने वाले मौसम संबंधी खतरों के रूप में उभर रहे हैं। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार वैश्विक तापमान में विभिन्न मौसमों के दौरान काफी भिन्नताएं सामने आ रही हैं और उसका प्रभाव पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुधन, आजीविका, सामाजिक अर्थव्यवस्था और अन्य संबध्द क्षेत्रों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। ठंड में वातावरण का तापमान कम होने (शीत लहर) के कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे सर्दी जुखाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाइपोथर्मिया अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बन जाती है, यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए तो, उस स्थिति में मृत्यु भी हो सकती है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी एडवाईजरी में कहा है कि ठंड के प्रभावों से बचाव हेतु शरीर को सूखा रखें। शरीर की गर्माहट बनाएं रखने के लिए अपने सिर, गर्दन, नाक, कान, हाथ और पैर की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढकें। टोपी, हैट, स्वेटर, मफलर तथा आवरण युक्त जलरोधी जूतों का प्रयोग करें। सिर को ढकें क्योंकि सिर के उपरी सतह से शरीर की गर्मी की हानि होती है। यथासंभव घर के अंदर रहें और ठंडी हवा बारिश से संपर्क को रोकने के लिए अनिवार्य होने पर ही यात्रा करें। रोग प्रतिरोध क्षमता में वृद्धि के लिए विटामिन सी से भरपूर ताजे फल और सब्जियां खाएं। गर्म तरल पदार्थ नियमित रूप से पिए, जिसमें शरीर में गर्मी बनी रहेगी। बुजुर्ग नवजात शिशु गर्भवती माताऐं बीमार व्यक्ति तथा बच्चों का अधिक ध्यान रखें क्योंकि उन्हें शीत ऋतु के प्रभाव होने की आशंका अधिक रहती है।

कौरगांव में धूमधाम से निकाली गई कलश यात्रा
..जगह-जगह हुआ स्वागत

 

 

मंडला। अयोध्या में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने जा रही है शुभ अवसर पर पूरे भारतवर्ष में अक्षत कलश अयोध्या से भेजे गए हैं। गांव-गांव शहर-शहर अक्षत कलश उत्सव के माध्यम से आमंत्रण दिया जा रहा है कि आप भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा में अयोध्या पर सादर आमंत्रित थे इस कार्यक्रम में 24 दिसम्बर को ग्राम कौरगांव में मोनी बाबा मंदिर से कलश यात्रा निकालकर गांव के धार्मिक स्थान और मंदिरों में अक्षत कलश का पूजन किया गया गया। ग्रामवासियों ने अक्षत कलश को अपने मस्तिष्क पर धारण करके गांव में कुछ कदम चलते हुये यात्रा को गांव की बस्तियों में यात्रा को निकालते हुये खैरमाई मंदिर से होते हुये पुन: मौनी बाबा मंदिर में सम्पन्न कराया। और मंदिर में रखकर अक्षत कलश की पूजा अर्चना की गई । यहां पर अक्षत कलश यात्रा में ग्रामीणों के द्वारा पूरे उत्साह के साथ यात्रा को निकालकर लोंगों को 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर अपने घरों में 5-5 दीप जलाने की अपील की है।

 

Related posts

पटेल कृषि फार्म में कड़कनाथ चूजों की ठंड से हुई मृत्यु

Reva India News

“मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान : महिला सुरक्षा व घरेलू हिंसा रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक मंडला ने दी युवकों को महत्वपूर्ण जानकारी

Reva India News

कार्यालय भवन का पुनः नव निर्माण कराने निविदा आमंत्रित

Reva India News

Leave a Comment