मंडला 7 जनवरी 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में लोक निर्माण विभाग के द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए। सड़क निर्माण कार्यों का कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री और उपयंत्री नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें। जिससे सड़क निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में व्यय राशि का भुगतान भी समय सीमा में करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा मंगलवार को गोलमेज सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण किए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एवं सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित ठेकेदार मौजूद थे। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बैठक में अनुपस्थित सहायक यंत्री और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री सड़क निर्माण कार्यों में व्यय राशि का भुगतान समय सीमा में करना सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों में व्यय राशि का भुगतान हेतु देयक विलंब से प्रस्तुत करने पर उसका कारण पूछा जाए। उन्होंने शासन के मापदंड अनुसार कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने व ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सड़क निर्माण कार्यों के संबंध में कार्यपालन यंत्री को मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिससे सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य समय सीमा पर पूर्ण नहीं होने पर ठेकेदार और सहायक यंत्री, उपयंत्री को नोटिस जारी कर इसका कारण पूछा जाए। उन्होंने सभी ठेकेदारों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण के दौरान शासकीय दीवारों/पाईप लाईनों को क्षतिग्रस्त न किया जाए। सड़क निर्माण के दौरान निर्माण सामाग्री को अन्यत्र न फैलाएं बल्कि उसे सुरक्षित रखा जाए। जिससे वह किसी भी प्रकार की दुर्घटना का कारण न बन सके।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान निर्माण कार्य का नाम, सड़क की दूरी, लागत राशि सहित संपूर्ण जानकारी वाला बोर्ड लगाया जाए। जिससे निर्माण कार्यों के बारे में नागरिकों को जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान सड़कों के आजू-बाजू भराव करने के निर्देश दिए। जिससे दोपहिया वाहनों को क्रॉस करने के दौरान फिसलकर दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान वृक्षारोपण जरूर करें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सड़क मार्ग में सुरक्षा की दृष्टि से नाली निर्माण, साफ-सफाई और मार्किंग करने के निर्देश दिए।
