6 जून 2025, मंडला
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया रोग का संक्रमण काल मानसून के शुरुआत से ही प्रारंभ हो जाता है जो कि माह जून-जुलाई से शुरु होकर वर्ष के माह अक्टूबर-नवम्बर तक अधिक होता है। इसकी रोकथाम एवं प्रचार-प्रसार हेतु प्राथमिकता के अनुसार जिले के मलेरिया प्रभावित ब्लाक/ग्रामों में व्यापक प्रचार-प्रसार व जन समुदाय में जागरुकता हेतु प्रत्येक वर्ष जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रुप में मनाया जाता है, जिसमें मलेरिया संबंधी जानकारी हेतु विभिन्न प्रकार की गतिविधियां की जा रही हैं। मलेरिया निरोधक माह जून में स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मलेरिया से बचाव एवं नियंत्रण, मलेरिया के लक्षण, तथा जांच व उपचार की जानकारी देकर जनसमुदाय में जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी तारतम्य में 6 जून 2025 को जिला चिकित्सालय परिसर मण्डला से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वाय.के. झारिया, डॉ. विजय धुर्वे, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय एवं श्री राम शंकर साहू, जिला मलेरिया अधिकारी मण्डला द्वारा मलेरिया रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विभाग के लोकसेवक उपस्थित रहे।
मलेरिया रथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए प्राथमिकता के आधार पर जिले के विकासखण्ड बम्हनी बंजर, नैनपुर, मोहगांव, घुघरी, बिछिया, मवई, नारायणगंज, बीजाडांडी, निवास के मलेरिया प्रभावित हाई रिस्क ग्रामों में प्रचार-प्रसार एवं मलेरिया की जानकारी हेतु भ्रमण करेगा। जनसमुदाय में मच्छरदानी के उपयोग एवं मच्छरजन्य परिस्थितियों को रोकने हेतु कूलर, गमले, मटके, टायर, टंकियों इत्यादि में रुके पानी को खाली करने एवं सप्ताह में एक बार अवश्य बदलने एवं लार्वा विनिष्टीकरण की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बुखार रोगियों की त्वरित जांच व उपचार सुविधा भी मलेरिया रथ में उपस्थित कर्मचारी एवं स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही मलेरिया निरोधक माह में अन्य गतिविधियाँ जैसे पंचायत स्तरीय कार्यशाला, मलेरिया रोगियों की खोज व जांच एवं उपचार, प्रशिक्षण, लार्वा सर्वे, लार्वा विनिष्टीकरण एवं प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जैसा कि आपको विदित है कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। आमजन से अपील की जाती है कि बुखार आने पर तत्काल खून की जांच करावें और अगर जांच में मलेरिया पाॅजिटिव निकलता है तो चिकित्सक, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा द्वारा दिये गये पूर्ण उपचार लेवें। मलेरिया का उपचार सरकारी अस्पताल एवं प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पास निःशुल्क उपलब्ध है। आमजन स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि और मीडिया को यह संदेश है कि जनसमुदाय की सक्रिय सहभागिता से इन मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण, उन्मूलन को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का कष्ट करें।
